Followers

Wednesday, 25 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक

     यदि हम निजी लाभ, संबंध बिगड़ने के भय अथवा दबाव में जनहित से जुड़ी समस्याओं को लिखना बंद कर देंगे , तो फिर पत्रकार तो दूर एक रिपोर्टर कहलाने की पात्रता भी नहीं रखते हैं हम । जबकि समस्यात्मक समाचारों से संस्थान को भी कोई आपत्ति नहीं होती है। हां, संस्थान से मधुर संबंध रखने वाले किसी खास व्यक्ति  के हितों के विरूद्ध हम पत्र प्रतिनिधियों की  कलम कभी चल गयी हो, तो बात दूसरी है। दूसरे के अखबार में आप नौकरी करेंगे, तो इतना तो सहना ही होगा।  जैसा कि मैंने पहले बताया भी था कि मेरे साथ सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है, फिर भी आपत्ति तो नहीं ही हमारे प्रेस के मालिकान ने जताई थी। समाजसेवा के क्षेत्र में बस उनके द्वारा किये गये एक उपकार की बात बताई गई थी, जिन माननीय पर मैंने तब खबर लिखी थी।  लेकिन, संस्थान को यह भली भांति पता था कि  मैंने जो कुछ लिखा , उसे पूरी ईमानदारी से लिखा था। मिसाल के तौर पर जनपद में ट्रैफिक जाम की समस्या भयावह होती जा रही है। मैं स्वयं भी इसका भुक्तभोगी हूं और शास्त्रीपुल पर खड़ा तमाम लोगों को परेशान देख रहा हूं। मेरा मत है कि वर्तमान सरकार में जिस तरह से यातायात व्यवस्था बेपटरी हुई है, ऐसा बुरा हाल पिछली सरकारों में  नहीं ही हुआ करता था। इसका जो प्रमुख कारण मुझे जो लगता है , वह है अफसरों की नेतागिरी । सबसे अधिक जाम टेढ़वा और औराई मार्ग पर लग रहा है। दोनों जनपदों का सीमा क्षेत्र होने के कारण चील्ह और औराई पुलिस एक दूसरे को इसके लिये जिम्मेदार मानती है। जबकि कड़ुवा सत्य यही है कि औराई पुलिस चतुराई का परिचय दे रही है। वह अपना चौराहा जाम मुक्त बतलाती है। लेकिन, जरा वह यह तो बताये कि माधोसिंह रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र क्यों जाम रहता है। वहीं , जनता समझ नहीं पा रही है कि टेढ़वा जैसी पुलिस चौकी पर बुजुर्ग दरोगा क्यों पोस्ट है। यहां सड़क भी अर्द्ध निर्मित है, हालांकि मैं यह जानता हूं कि जब भी जाम की खबर छापता हूं, वर्दी वालों की नाराजगी बढ़ने लगती है। परंतु यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इसपर कलम चलाता रहूं। बतौर पत्र प्रतिनिधि यह मेरा कर्तव्य है। सो, मुझे जनता की पीड़ा लिखनी ही है। वैसे भी,अब ढ़ाई दशक की पत्रकारिता में मैं उस स्थान पर पहुंच गया हूं कि अपने मिशन के लिये जेल भी मेरे लिये एक आश्रम होगा , क्योंकि मुझे तो अब दो जून की रोटी की भी आवश्यकता नहीं रहती, बस एक बार ही  यह  मिल जाए , उतने से ही पेट की ज्वाला शांत हो जाएगी।  जिस भी दिन मैं अखबारी रिपोर्टिंग से मुक्त हो जाऊंगा, उसी क्षण से सोशल मीडिया पर मेरी असली पत्रकारिता शुरू हो जाएगी। आज का हर नौजवान सोशल मीडिया पर पत्रकार ही तो है। बस उनका उचित मार्गदर्शन होना चाहिए। अर्थ युग की चकाचौंध में उनके समक्ष हम बड़ों को एक आदर्श प्रस्तुत करना ही होगा। आज मैं जहां हूं, उससे संतुष्ट इसलिये हूं , क्यों हर क्षेत्र के अच्छे और बुरे भी लोग इतना तो जरुर कहते हैं कि शशि भैया ने अपने संघर्ष से एक अलग पहचान कायम किया है। यह पहचान पैसे और ताकत से नहीं खरीद सकते हैं। कुछ तथाकथित बड़े पत्रकार कहते हैं कि मैंने तहलका मचाने वाली खोजी पत्रकारिता नहीं की है। ऐसे मित्रों से मैं बस इतना ही कहना ,चाहता हूं कि मेरी पत्रकारिता आमजन के लिये है,उनकी समस्याओं से  जुड़ी है। साथ ही जनपद की राजनीति पर भी मेरी कलम खूब चली है। अखबार का बंडल लाने, उसे  बांटने के बाद जो कुछ भी समय मेरे पास शेष होता है। वह में अखबर के लिये समाचार लेखन में लगाता जरूर हूं। फिर भी जो पत्रकार मित्र मुझे नसीहत दे रहे है , उनसे विन्रम शब्दों में पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने एक सच्चे पत्रकार के रुप में जनता में अपनी कुछ भी पहचान बनाई है ? जबकि मैं किसी भी मंच से पूरे आत्मविश्वास के साथ यह उद्घोष करने को तैयार खड़ा हूं कि मैंने प्रलोभन मुक्त पत्रकारिता की है और इसके अतिरिक्त अन्य कोई व्यवसाय नहीं किया हूं। हां ,अखबार बांटना और संस्थान के लिये थोड़ा बहुत विज्ञापन कोटा पूर्ति के लिये जरुर किया हूं।

शशि(25/4/18)

 क्रमशः

Sunday, 22 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक
 
22/4/18

      हम सभी के पास हर परिस्थितियों में खुश रहने का विकल्प है। अब मुझे ही लें, अवस्था के साथ थकान और काम दोनों ही बढ़ता जा रहा है। सो, रात्रि में अखबार बांटते हुये, जब कभी पांव डगमगाने लगते हैं और साइकिल अनियंत्रित सी होती प्रतीत होती है। ऐसी स्थिति में विचलित मन को समझने के लिये मैंने एक आसान सा सही तरीका ढ़ूंढ़ निकाला है। इस परिस्थिति में मैं जब भी अपनी तूलना एक वृद्ध रिक्शा अथवा सगड़ी चालक से करने की कोशिश करता हूं, तो पलड़ा उसका ही वजनी होता है।
    क्या कभी आपने महसूस किया है कि पापी पेट के लिये वह कितना संघर्ष करता है। सड़क पर जब भी चढ़ाई की स्थिति होती है, तो रिक्शे के पैडल पर किस तरह से उसके पांव जमे होते है, फिर भी बात नहीं बनी तब नीचे उतर वह धीरे धीरे धैर्य से अपने पूरे सामर्थ्य को एकत्र कर चढ़ान पार करता है। ऐसे में मेरी स्थिति अब भी उस बूढ़े रिक्शेवाले से बेहतर है न!  फिर मैंने अपनी शर्तों पर जीवन जीना पसंद किया हूं। पत्रकारिता में भले ही भोजन की तलाश में आया, लेकिन इस पेशे में आकर कभी भी इतना ग्रहण नहीं किया कि अपच हो जाए। तो फिर आप सोच रहे होंगे न कि इस पथिक की व्याकुलता क्या है। मेरे ब्लॉग में मेरी लेखनी से ऐसा आपकों लग रहा होगा कि मैं अत्यधिक कष्ट में हूं, एकाकी हूं और परिस्थितियों का सताया हुआ हूं। मैं इसे छिपाने की कोशिश भी नहीं करता। फिर भी बड़ा सच यह है कि मैं स्वाभिमानी हूं, असत्य लेखन नहीं करता और किसी का चरण चुम्बन पत्रकारिता में पसंद नहीं करता हूं। इसलिए अपने मजबूती के साथ अपने कर्मपथ पर डटा हुआ हूं। मुझे यह जो पीड़ा है, वह अपने ही पेशे से जुड़े उन लोगों से है, जो स्वयं को चौथा स्तम्भ कहते हैं , पर जब कोई सच्चा पहरुआ सामने आता है, तो एकजुट होकर कौओं की भाषा बोलने लगते हैं ! आज शाम की ही बात बताऊं, आंख की जांच करवाने एक  नेत्र चिकित्सक के यहां गया था। वार्तालाप के क्रम में उनके जुबां से भी यही निकल पड़ा कि आप पत्रकारों की स्थिति भी अब ना ...  दरअसल धनलोलुपता पत्रकारिता पर भारी पड़ती जा रही है। अनाड़ी रिपोर्टर ही पत्रकार बन बैठा है। जिसकी निगाहें सदैव जुगाड़ की तलाश में व्याकुल रहती है। यही मेरी पीड़ा का विषय है कि इस भीड़ से बचने के लिये हमारे जैसे पत्रकार कहां जाए। उनका और हमारा रंगमंच तो एक ही है न ...
    अभी पिछले ही दिनों एक युवा प्रतिभावान पत्रकार ने मुझे काफी  निराशा किया है। कहां तो वे कह रहें थें कि शशि भैया मैं आपकी तरह पत्रकारिता करना चाहता हूं और एक छोटा सा ऑफर आया नहीं कि पत्रकारिता का सारा नैतिक ज्ञान ताक पर धरा रह गया। अब उनकी पहचान एक जनप्रतिनिधि के मीडिया कर्मी के रुप में हो गई है। यदि पत्रकारिता पर राजनीति का ठप्पा एक बार लग गया, तो फिर लाख कोशिश कर लें आपको अपनी वह पुरानी पहचान नहीं मिल सकती है और निष्पक्ष पत्रकार तो बिल्कुल ही नहीं कहलाएंगे। इसलिए मैंने ऐसे कितने ही प्रलोभन ठुकरा दिये, ढाई दशक के इस सफर में, नहीं तो यह लक्ष्मिनिया मुझ पर भी प्रसन्न रहती। हो सकता था तब गृह लक्ष्मी की प्राप्ति भी हो जाती और घर गृहस्थी बस जाती। लेकिन मैंने बड़े बड़े पत्रकारों की स्थिति देखी है कि उनकी राजनैतिक महत्वाकांक्षा घड़ियाल की तरह उनकी कलम को किस तरह से निगल गई। इसीलिए मैं सदैव ही एक पहचान की बात करता रहा हूं। (शशि)

क्रमशः

Saturday, 21 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक 
22/4/18

        कल दोपहर काफी दिनों बाद घर का बना भोजन करने को मिला, नहीं तो अपना मुसाफिरखाना ही जिंदाबाद है ...   
 कामरेड मो0 सलीम भाई की इच्छा थी कि कुछ वक्त साथ गुजर लिया जाए। अन्यथा सुबह होते ही मेरा जो होमवर्क शुरू हो जाता है, वह रात्रि 12 बजे तक समाप्त नहीं हो पाता ।यह मेरे लिये कुछ-कुछ ठीक ही है, व्यस्त रहना मैं स्वयं भी तो चाहता हूं। उधर, सलीम भाई भी अपनी पार्टी के बड़े नेता होने के कारण अकसर गैर प्रांत दौरे पर रहते हैं। दरअसल, हम दोनों में जो एक समानता है, वह यह कि हमने अपनी पहचान नहीं बदली है । मेरी समझ से राजनीति के क्षेत्र में सलीम भाई के पास अपना मौलिक चिन्तन है। वे अच्छे वक्ता  हैं और अपनी पार्टी भाकपा माले के स्टार प्रचारक भी। हालांकि मीरजापुर में उनके राजनैतिक कद के लिहाज से उनका रंगमंच काफी छोटा है...
       पर अपनी झोपड़ी भी गैरों के महल से बेहतर है साहब। अन्यथा मैं भी ढ़ाई  दशक तक एक छोटे से अखबार से यूं ना बंधा रहता। यहां  कलम की आजादी ही मेरी पहचान रही।समाचार संग जब तक उस पर अपना विचार न लिखूं , फिर कैसी पत्रकारिता । हंसी आती है इन तमाम खबरची लोगों को स्वयं को पत्रकार कहता देख कर...
               वैसे इस बार कुछ खास वजह भी थी, सलीम भाई द्वारा मुझे बुलाने का, क्योंकि वे जिन लोगों से स्नेह करते हैं, उनमें एक मैं भी हूं !  हालांकि मैं एक राजनेता नहीं हूं, न ही आज के जमाने का एक पेशेवर मीडिया कर्मी ही हूं। सियासत का " सेकुलर " शब्द मुझे पसंद नहीं है और  "साम्प्रदायिक " मैं हो ही नहीं सकता। भले ही दंगा ग्रस्त इलाके में पला बढ़ा हूं। बचपन में दंगा होने की स्थिति में कितनी ही रात साम्प्रदायिक धार्मिक नारे कानों में गूंजते रहें। अभिभावक भय से कांपते बंद दरवाजे के पीछे रात आंखों में ही गुजारते दिखें। कुछ दिनों तक हिम्मत नहीं पड़ती थी कि उन इलाके में चला जाऊं , जहां उपद्रव हुये थें। कर्फ्यू की स्थिति में यह जिम्मेदारी मुझे ही अमूमन सौंपी जाती थी कि जैसे ही अवसर मिले, सब्जी मंडी जाकर सामान लेता आऊं। हम लड़कों तब पुलिस वाले अंकल कर्फ्यू के बावजूद भी छूट दे ही दिया करते थें। पर मछोदरी कोयलमंडी की तरफ जाने की अनुमति घर से नहीं मिली थी। वाराणसी में ही नहीं, मैंने तो कालिंगपोंग जैसे पहाड़ी इलाके में भी गोरखालैंड राज्य की मांग को लेकर हिंसा का खौफनाक चेहरा देखा है। कोलकाता ननिहाल में था, तो लाल परचम  और बैनर लिये श्रमिक संगठन नारेबाजी करते हुये आये दिन बड़ाबजार की सड़कों से गुजरते थें। चौथी मंजिल से यह दृश्य अपनी नानी मां के साथ बारजे से देखा करता था। मुजफ्फरपुर में था, तो वहां भी बिहारी दादागिरी थी ही। सम्भवतः इसी लिये मुझे सेकुलर और साम्प्रदायिक राजनीति के ये दोनों ही शब्द नापसंद हैं। खैर, मेरी इस सोच की परख तो यहां मीरजापुर के कर्मक्षेत्र पर होनी थी। सो, यह आप जाने कि मैं पास हुआ कि फेल। हां,  मेरे हिसाब से तो मैंने अपना होमवर्क ठीक ही किया हूं। अन्यथा हर राजनैतिक दल में मेरे मित्र जन हैं, वे जरूर टोकते कि शशि भाई आप में भी उसी गंदगी की बू आ रही हैं। एक बात फिर से बता दूं कि यहां की मीडिया से मैं बहुत उम्मीद नहीं करता कि वह मुझे पसंद ही करे, हां नये लड़कों को मेरी आत्मकथा जम रही है !
  हमारे मित्रों का मानना है कि आत्मकथा में सकारात्मक पन  होना चाहिए। ताकि हमारे संघर्ष से युवा पत्रकार प्रेरणा ले सकें। माना कि उनकी यह सोच भी सही है। पर साथियों अखबारी दुनिया में अब पत्रकारिता बची कितनी है। शुद्ध रुप से व्यापार है यह। वे जो खबरची सीना फुलाए यह कहते हैं कि वे पत्रकार हैं, फलां संगठन के पदाधिकारी रहें या हैं। मैं दांवे के साथ कहता हूं कि अधिकांश ऐसे तथाकथित पत्रकारों के चेहरे से नकाब हटा सकता हूं, आगे तो आये जनाब । फिर दिल पर हाथ रख कर बताये कि विज्ञापन का पैसा जेब में रखकर उसकी जगह समाचार छाप लेना, गोपनीय तरह से निविदाओं के प्रकाशन में सहयोगी बन उस दिन का अखबार का बंडल गायब कर देना , क्या यही पत्रकारिता है। पत्रकारिता जीवन का लम्बा समय पुलिस आफिस में  अफसरों को किसी दरोगा सिपाही को मनचाहा स्थान पर तैनाती दिलवाने के लिये कागज का चुटका थमाने में गुजार देने वालों को यदि आप पत्रकार संगठनों का अगुआ कह दंडवत करते हैं, तो तौबा-तौबा इस पत्रकार जगत से मैं तो हॉकर ही सही। यह बड़ा ही कष्टकारी विषय है कि एक दो खबर लिख लोग पत्रकार बन बैठते हैं। कहां लिखें हैं , वह भी क्षेत्र की जनता नहीं देख पाती है। मित्रों , इससे बेहतर माध्यम अब सोशल मीडिया है। आप पढ़े लिखे नौजवान हो , कम से कम अभिव्यक्ति की जो आजादी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है, उसे तो बर्बाद ना करों। झूठी, भ्रामक, जातीय और मजहबी बातें इस सोशल मीडिया पर मत पोस्ट करों साथियों । बस इतनी सी अपील है आज मेरी।(शशि)

क्रमशः

Tuesday, 17 April 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक
 17/4/ 18
आत्मकथा

     विचित्र विडंबना है कि यदि हम ईमान पर चलते हैं, तो  हमारे पास न धनबल होता है, न ही जातिबल और बाहुबल। जो वर्तमान समाज का स्टेटस सिम्बल है। फिर संकट काल में कौन बनेगा हमारा सुराक्षा कवच। पत्रकारिता ही नहीं हर क्षेत्र में कर्मपथ पर चलने वाले व्यक्ति की घेराबंदी निश्चित ही होती है। तब यह समाज भी जिसके हितों के लिये हमने संघर्ष किया है।  वह अफसोस व्यक्त कर खामोश हो जाता है। ऐसे में एक आत्मबल ही तो है, जिसके भरोसे हमें अपनी लड़ाई लड़नी है। हम जैसे पत्रकारों के पास  धन, जाति और बाहुबल तो बिल्कुल ही नहीं है। यह सब हो भी कैसे, हमने जब इनकी चाहत की ही नहीं, क्यों कि हमारी साधना का क्षेत्र कुछ और रहा । हमें यह बताया गया था कि हम समाज का आईना हैं  और जाहिर है कि दर्पण कभी झूठ नहीं बोलता। तब हम अपनी लेखनी को चाटूकारिता का हिस्सा कैसे बना देतें। ऐसे में जब हम साजिश के शिकार हो जाएं , तो हतोत्साहित होने से काम चलेगा नहीं। ऐसे में तो हमारे पत्रकार साथी ही हमारा उपहास उड़ाने लगते हैं। मैं इस पीड़ा से गुजर चुका हूं एवं अब भी गुजर ही रहा हूं...

   फिर भी ऊपर वाले की सत्ता में विगत कुछ दिनों में मेरा विश्वास बढ़ा है। वर्षों बाद मुझमें यह परिवर्तन आया है, जब मेरे हृदय में उसके प्रति अनुराग जगा है। अन्यथा परिजनों के बिछुड़ने और निरंतर कष्ट सहते रहने के कारण , मैं बिल्कुल ही नास्तिक सा हो गया है। परंतु अब लगने लगा है कि यदि आपका मार्ग सही है,तो जो लोग प्रत्यक्ष और परोक्ष रुप से आपकों परेशान कर रहे हैं।  ईश्वरीय न्याय व्यवस्था के तहत उन्हें भी दंड मिलना शुरु हो गया है। जो यह समझ रहे थें कि इस जनपद में पत्रकार जगत के वे बेताज बादशाह हैं। जिनकी मैंने कभी किसी न किसी तरह से मदद ही की थी। फिर भी मेरे विरुद्ध षड़यंत्र में शामिल लोगों की टीम में उन्हें देख अत्यधिक कष्ट की अनुभूति होती रही मुझे। मैंने ऐसा कोई बड़ा अपराध नहीं किया था कि इतनी बड़ी साजिश रच मेरी कलम की स्वतंत्रता को बंधक बनवा दिया इन्हीं लोगों ने।  आज सामने से तमाम खबरें गुजरती रहती हैं। लोग कहते भी हैं कि शशि भाई आपके लायक यह अच्छी खबर है, फिर भी कलम नहीं उठा सकता। जिस स्वतंत्रता के लिये बड़े समाचार पत्रों की गुलामी इन ढ़ाई दशकों में करना पसंद नहीं किया। और एक सांध्यकालीन अखबार को कुछ वर्षों पूर्व तक मीरजापुर शहर की धड़कन बना रखा था। कम से कम चार लोग मीरजापुर से लेकर विंध्याचल तक गांडीव वितरण करते थें। वर्षों का वह सारा संघर्ष बिखर गया, इन्हीं तीन- चार पत्रकार बंधुओं के कारण। खैर ! हाल के एक बड़े घटनाक्रम के बाद मेरे वे मित्र जिन्होंने मुझे इस अपमानजनक पीड़ा को सहते देखा है, वे मुस्कुराते हुये अब मुझे यह कह सांत्वना दे रहे हैं कि शशि भाई, देखा न ऊपर वाले की लाठी की मार  ...

   वैसे, सच कहूं, तो मुझे फिर से ईश्वर की न्याय व्यवस्था में विश्वास होने लगा है। मुझे भरोसा होने लगा है कि पत्रकारिता को यदि मैंने गलत माध्यम से धन अर्जित करने का साधन नहीं बनाया है, तो कम से कम ऊपर वाले की अदालत में इंसाफ जरूर मिलेगा। और मिलता दिख भी रहा है। फिर भी जिनकी पत्रकारिता का साम्राज्य एक झटके में ही डगमगा गया है, उनके प्रति मुझे सहानुभूति है। पुराने परिचितों में से जो हैं। हां, पेशे से मित्र मैं उन्हें नहीं कह सकता। क्यों कि मित्र षड़यंत्र का हिस्सा तो नहीं होता है न...

                खैर ! मैं तो यहां बाहर से आया हुआ हूं । अतः अपनी वर्षों की तपस्या भरी पत्रकारिता पर सवाल उठने पर ,
 ऐसी स्थिति में कुछ विचलित होना स्वभाविक है । पर मैं शुक्रगुजार हूं अपने  मित्रों और शुभचिंतकों का , जिनका भरपूर सहयोग मिला।  मुझसे, मेरी लेखनी से और मेरे परिश्रम से स्नेह करने वाले अनेक लोग  इस संकट से मुझे बाहर निकालने के लिये जिस तरह से सामने आये, यह मेरी ईमानदारी से काम करने का ही प्रभाव रहा । मैं इसके लिये उन्हें बार बार धन्यवाद देना चाहता हूं। जिन्होंने मेरा सहयोग करते समय तनिक भी इस बात का एहसास मुझे नहीं होने दिया कि वे एहसान कर रहे हैं मुझपर...

(शशि)
क्रमशः

Monday, 16 April 2018

व्याकुल पथिक 16/ 4/ 18
 आत्मकथा

     एक ईमानदार पत्रकार की जो सबसे बड़ी कमजोरी  है, वह यह कि अपनी लेखनी से चहुंओर मोर्चा खोल देना। जिन विषयों और जिनके संदर्भ में उसकी कलम स्वतःही चल गयी। स्वयं को चौथा स्तंभ समझ, ऐसा कर उसे लगता है कि उसने अपने पत्रकारिता धर्म का पालन ही किया है। परन्तु कभी कभी पर्दे के पीछे के खिलाड़ी को वह पहचान नहीं पाता अथवा उसे नजरअंदाज कर देता है। जानते हैं वे कौन लोग होते हैं ? वे हैं हमारे कतिपय मित्र पत्रकार बंधु ही। जिनका जुगाड़ वहां रहता है, जिन पर हम जैसे पत्रकार प्रहार कर देते हैं । जो इस अर्थयुग  का हवाला दें,हमारी लेखनी पर शिकंजा कसना चाहते हैं। उनके  प्रलोभन के बावजूद भी यदि हमने समझौते वाले मार्ग का चयन कर एक चतुर सौदागर सा व्यवहार नहीं किया, तो मुसीबत में फंस सकते हैं।  मित्रों , मैं जो भी आपके लिये लिख रहा हूं न, उसका भुक्तभोगी हूं, तभी आप युवाओं को उन खतरे से अवगत करवा रहा हूं, जिनसे मैं गुजरा हूं। मैं  कोई वैसा पत्रकार हूं नहीं ,जो बड़े बड़े संगठनों का मुखिया बन जाते हैं , जिन्हें न तो समाचार लिखना है , न ही कोई लेख । ऐसे बड़े पत्रकार कहलाने वाले भाई साहब लोग हमारे जैसे श्रमिक ईमानदार पत्रकारों से उम्मीद करते हैं कि हम उनकी अधिनता स्वीकार कर लें। परंतु  यदि पत्रकारों का मंच सजाने वाले ऐसे  लोगों से आप पत्रकारिता जीवन में उनके संघर्ष के संदर्भ में कभी  विचार गोष्ठी अथवा अब तो "  सीधी बहस " जो इलेक्ट्रॉनिक चैनलों पर खूब होती है, वह करवा कर देख लें, ऐसे लोग आपने समक्ष कुछ भी संघर्ष व आदर्श प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, अफसरों, राजनेताओं और धन सम्पन्न लोगों संग  हंसी ठिठोली और हमारे जैसे लिखने पढ़ने वाले पत्रकारों के हक अधिकारी को हजम करने और मानसिक उत्पीड़न देने के अलावा कुछ किया हो, तब न। अरे मेरे भाई  ! इतना तो आप सभी जानते हैं कि थोड़ी बहुत गलतियां सही राह पर चलने वालों से भी होती ही रहती हैं। मैं भी इससे अलग नहीं हूं। परंतु यह भी तो बताया गया है, न कि निकम्मे लोग ही गलतियां नहीं करते हैं, क्यों कि उन्हें कुछ करना ही नहीं है। इंसान गलतियां न करे, तो फिर भगवान न बन जाए।  यदि कोई पत्रकार अपने कर्मपथ पर चलते हुये, कोई गलती कर भी देता है, तो उसकी मंशा समाज में किसी को ब्लैकमेल करने की तो नहीं होती है न। आप उसे उसकी भूल बता भी सकते हैं। क्षमा भी कर सकते हैं। परंतु होता यह नहीं हैं ,ऐसी स्थिति में आपके ही पत्रकार मित्र सबसे आगे आ कर मोर्चा खोल आपकों फंसाने में जुट जाते हैं। एक पत्र प्रतिनिधि की एक और बड़ी कमजोरी यह होती है कि यदि उसके सम्पादक को नोटिस जाती है या फिर मुकदमा आदि आपके किसी समाचार लेखन पर दर्ज हो जाता है, तो फिर सारी जिम्मेदारी हम पर ही थोपी जाएगी। पहले जैसे सम्पादक अब नहीं रहें। अब तो इस कुर्सी पर जो बैठें है, वे भी व्यापारी ही है। और भला एक व्यवसायी कैसे अपना नुकसान चाहेगा। सो, मित्रों आपका यह पत्रकारिता धर्म ऐसे  संकट काल में आपको अवसाद की ओर ले जा सकता है।मैं अपनी ही बात कहूं, तो विगत कुछ वर्षों से जबसे हमारे प्रेस के सम्पादक बदले हैं, कोई भी खतरा उठाने की स्थिति में नहीं हूं। दो मुकदमे अपने बल पर ही झेल रहा हूं। संस्थान से साफ साफ हिदायत मिली है कि कोई भी विवादित समाचार बिल्कुल भी न लिखा करें। सो, पत्रकारिता में अब मेरी कोई रुचि नहीं है। बस इसमें इसलिये सड़ रहा हूं, क्योंकि मुकदमे का सामना जो कर रहा हूं। वैसे, दो दशक पूर्व ही मैं जब चाहता, तब किसी बड़े बैनर का गुलाम बन सकता था। लेकिन,  मुझे कलम की स्वतंत्रता पंसद है, इसीलिये भी इन करीब ढ़ाई दशक से गांडीव से ही जुड़ा रह गया। बड़े अखबारों का पोस्टमैन जो मैं नहीं कहलाना चाहता था।  मेरा यही हठ मुझ पर बहुत भारी पड़ा। पहचान बनी , पर जीवन की हर खुशियां और ख्वाहिश दूर चली गई। अब तो बस मुसाफिर बन गुनगुना रहा हूं, न घर है, न कोई ठिकाना...

(शशि)
 क्रमशः

Saturday, 14 April 2018

व्याकुल पथिक 15/4/ 18
आत्मकथा

   पत्रकारिता में चाटूकारिता नहीं होनी चाहिए , क्या ऐसे अब सम्भव है। कतिपय बड़े अखबार और मीडिया चैनल इस लिये ही कुख्यात है कि फलां राजनैतिक दल का वह समर्थक है। कुछ के तो मालिकान भी किसी न किसी दल से जुड़े है। वर्तमान दौर में पत्रकारिता में हम जितनी ही ऊंचाई पर बढ़ेंगे , यह पाएंगे कि हम तो आदर्श पत्रकारिता के लड़ रहे हैं और वहीं अनेक मीडिया समूह के स्वामी किसी आलीशान होटल या बंगले में किसी प्रमुख राजनेता संग डीनर कर रहे हैं। उनके बीच की डीलिंग पर हम पत्रकार नौकरों को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। बस दिशा निर्देश आता है कि हमें किस तरह की खबरें लिखनी है । जिनता बड़ा अखबार रहेगा, दबाव भी उतना ही अधिक। हालांकि मैं एक मझोले समाचार पत्र से जुड़ा रहा हूं और हमारे सम्पादक जी का बेहद स्नेह मुझ पर रहा, इसी कारण समाचार लेखन की स्वतंत्रता थी। सिर्फ एक बार उन्होंने व्यक्तिगत रुप से मुझे टोका था। मामला नरायनपुर और पड़ोसी जनपद के मध्य जिला पंचायत परिषद के बैरियरों पर धन उगाही से जुड़ा रहा। उस खबर को मुझे जनहित में प्रकाशित करना पड़ा। ये बैरियर तब सत्ता पक्ष के एक धनाढ्य माननीय के लोगों द्वारा संचालित हो रहा था। जो माननीय थें, उन्होंने हमारे संस्थान से सम्बंध रखने वाले एक चिकित्सक का जनहित में काफी सहयोग किया था। सो, उस खबर पर मेरी शिकायत की गई थी।
        जब युवा था, संघर्ष करने की भरपूर क्षमता थी और एक विश्वास था कि संकटकाल में संस्थान मेरा साथ देगा। उस समय हमारे प्रेस में जो पत्रकार थें, उनकी हनक चहुंओर थी। सबसे अधिक विश्वास मैं इस मामले में डा0 राधारमण  चित्रांशी जी पर करता था। पुलिस महकमा हो या फिर प्रशासनिक उनकी तूती तब बोलती थी। सो, खबर लिखने से पीछे नहीं हटा, तब तक जब तक मुझे यह एहसास नहीं हुआ कि संकट काल में मैं बिल्कुल अकेला हूं। संस्थान जिस पर मुझे गर्व था कि वह मेरा सुरक्षा कचव है, यह भ्रम तब टूटा जब मुझपर यहां समाचार लेखन को लेकर मुकदमा दर्ज हुआ। इस संघर्ष में मैं  बिल्कुल अकेला हूं। हां , हमारे साथी पत्रकारों और शुभचिंतकों ने मिल कर जमानत करवाया और मामला न्यायालय में चल रहा है। हां, संस्थान की इतनी कृपा रही कि उसने मुझे बाहर का रास्ता नहीं दिखलाया। परंतु आप यह नहीं समझ सकते कि जब कोई पत्रकार ईमान की राह पर हो और किसी अपने के ही साजिश का शिकार हो गया हो, तो उसपर क्या गुजराती है। तब किस तरह से ऐसे ही लोगों ने हमदर्द बन मेरा उपहास अपने महफिल में उड़ाया, उस अवसाद के दौर से भी मैं गुजरा हूं। जेब खाली था। ऐसे में जहां संस्थान से आर्थिक सहयोग की उम्मीद थी, वहां इस जरुरत को हमारे सहयोगी जनों ने कुछ तो पूरा किया ही।  पुलिस और राजनेताओं की चाटूकारिता न करने की यह बड़ी  कीमत मुझे चुकानी पड़ रही है। हम लम्बे समय से एक ही जिले में रहकर यदि ईमान पर रह कर पत्रकारिता करेंगे, तो विरोधियों से घिरते चले जाएंगे। हां, यदि चाटूकारिता को पत्रकारिता का अंग बना लेंगे, तो सम्पन्न और खुशहाल जीवन व्यतित कर सकते हैं। प्रशंसा कौन नहीं सुनना चाहता। शास्त्रों में भी तो कहा गया है कि अप्रिय सत्य मत बोलों । सो,  मैं अब समझता हूं कि पत्रकारिता ही नहीं चाटूकारिता का हर क्षेत्र में विशेष स्थान है। हां मेरे तरह घर फूंक कर तमाशा देखना हो, तो फिर आये इस राह पर...  सब कुछ बर्बाद हो सकता है। फिर भी इसका अपना आनंद है। आज भी जब मैं सड़कों पर निकलता हूं, तो मुझे पत्रकारिता के क्षेत्र में एक संघर्ष के प्रतीक के रुप में मुझसे स्नेह रखने वाले लोग देखते हैं। अनजाने शहर में यह पहचान मेरी बड़ी उपलब्धि है। पर आपको लिखने की उतनी स्वतंत्रता भी दे, आपका सम्पादक तब न !  इस जनपद में भी क्षेत्र में कितने ही अच्छे पत्रकार हैं, परंतु उनकी खबरें ब्यूरोचीफ के डेक्स पर पहुंच बेदम हो जाती हैं। क्यों वहां जो शख्स बैठा है, जिसे संस्थान से कुछ अच्छा वेतन मिलता है। खबर लिखने की कला तो उसकों भी आती है। परंतु उसकों यह जिम्मेदारी भी सौंपी जाती है कि प्रेस के व्यवसाय को बढ़ाया जाय। बिना चाटूकारिता के क्या यह सम्भव है ...। (शशि)

क्रमशः
व्याकुल पथिक 14/4/ 18



समाज सुधारक पर हो रही सियासत का यह कैसा हाल

आज बाबा साहब अम्बेडकर की जयंती है।सो, विभिन्न राजनैतिक दलों, सरकारी संस्थाओं और जातीय संगठनों द्वारा तरह तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। और करना भी चाहिए जिन भी महापुरुषों ने हमें , हमारे समाज और देश को अपनी तपस्या साधना से विपरीत परिस्थितियों में भी स्वयं विष ग्रहण कर औरों को अमृतपान करवाया है। उन्हें हम भुला भी कैसे सकते हैं। लेकिन, विडंबना देखें कि जो  समाज सुधार हैं, उनकों भी जाति धर्म की राजनीतिक के विषाक्त वातावरण ने सीमित दायरे में ला खड़ा किया है। सो, सबसे अधिक सियासत किसी के नाम पर हो रही है, तो वे हैं डा० भीमराव अम्बेडकर। दलित राजनैतिक संगठनों ने बाबा साहेब के नाम पर अपना अधिकार जमा लिया है।  वहीं अन्य सियासी पार्टियां  डा० अम्बेडकर के नाम  को अपना बताने के लिये आपस में लड़ रही हैं। दरअसल, यह सियासी जंग जो उन( बाबा साहेब) पर अधिकार जमाने के लिये हो रह है, वह दलित जातियों के वोटबैंक के लिये हो रहा है।  परंतु बाबा साहेब ने जो स्वप्न दलितों की हित रक्षा का संजोया था, वह देश की आजादी के बाद कितना पूरा हुआ। दलित समाज के क्रीमी लेयर लोगों को छोड़ दे तो, आम दलितों को कितना लाभ  मिला । उन्हें  संविधान  द्वारा दिए गए  विशेष  अधिकारों का किसी राजनैतिक दल  जो  उनके सबसे करीब  रहा है, ने  उन्हें  सामाजिक बुराइयों से मुक्त कर विकासशील समाज की ओर अग्रसर किया क्या। बड़ा सवाल  यह है कि   समाज का बड़ा तबका  किसी न किसी मादक द्रव्य के नशे का शिकार  हो जाता रहा है। सत्ता में आने पर इस दलित वर्ग के शुभचिंतक कहे जाने वाले राजनैतिक दलों ने ऐसा क्या किया कि यह एक नशामुक्त समाज बन पाता। खैर , दलितों संग सहभोज अब उनके उत्थान, विकास, सामाजिक समरसता का बड़ा पहचान बन गया है। वहीं, समाज में द्वेष भाव इस कदर बढ़ गया है कि  अम्बेडकर जयंती जैसे पर्व पर अब उनकी ही प्रतिमा की सुरक्षा अपने ही देश, प्रदेश  के गांव- जनपद में करनी पड़ रही है। हैं न बड़ी ही विचित्र स्थिति। जहां हर दल के नेता अंबेडकर जयंती मना रहे हो, वहीं पुलिस उनकी प्रतिमा की डंडा लिये पहरेदारी कर रही है। एक ही समूदाय के लोग अगड़े, पिछड़े और दलित में बंट कर यह किस तरह की जंग एक समाज सुधारक की प्रतिमा पर लेकर लड़ रहे हैं। जिस तरह की जयंती बाबा साहब की मनी उसके समक्ष तो बापू की जयंती पर होने वाले समारोह यदि सरकारी आयोजन को छोड़ दें, तो कहीं से टिक नहीं सकते। जिसने अहिंसा की राह पर चलना सिखाया और कमजोर वर्ग के लिये सार्थक संघर्ष किया। उस राष्ट्रपति की जयंती पर क्या विभिन्न राजनैतिक दलों की इस तरह की सक्रियता आपने बीते वर्ष 2 अक्टूबर की देखी थी ! (शशि)

Friday, 13 April 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक 12 -13 /4/18

  पत्रकारिता में जो मुझे उचित लगा,सो किया। ठीक है कि इन ढ़ाई दशक के सफर में बंसत कभी नहीं आया , पतझड़ ही मेरे श्रम की पहचान है इस रंगमंच पर। फिर भी है तो कोई पहचान यहां ? सो, इसे अपनी बर्बादी कैसे मान लूं। यदि हम  ईमानदारी से जहां तक सम्भव है पत्रकारिता कर रहे हैं, तो इतना सुकून तो है  कि चाहे  कितने भी शत्रु हो, फिर भी वे हानि नहीं पहुंचा सकतें, क्यों कि हमने कर्मपथ ही ऐसा चयन कर रखा है कि उंगली उठाने वाला, स्वयं ही एक दिन अपने ही किसी कुकर्म के कारण अवसादग्रस्त हो जाता है।  ढाई दशक तक एक ही समाचार पत्र का जिला प्रतिनिधि बन कर रहना ही  स्वयं में एक बड़ी चुनौती भरा कार्य है।  वह भी इस अर्थ युग में। जहां सारे संबंध के मूल में व्यापार है। जबकि मैं ठहरा  पत्रकारिता के क्षेत्र में बिल्कुल फकीर। बड़े समाचार पत्रों के बीच अपनी इसी पहचान से इतना विज्ञापन तो प्राप्त कर ही लेता हूं कि संस्थान यह नहीं कह पाता कि यह " बेजान " हो गया है। हां, बात जब पहचान पर हो रही है तो 12 अप्रैल को देर शाम जिलाधिकारी मीरजापुर रहें विमल कुमार दूबे के स्थानांतरण को ही लें । वे करीब एक वर्ष यहां रहें। पहली बार वे डीएम की कुर्सी पर बैठें थें। सो, इस शांतिप्रिय जनपद में यदि वे चाहते तो यादगार पाली खेल जातें। परंतु दुआ सलाम में ही 358 दिन गुजर गयें। एक भी बड़ी धमाकेदार कार्रवाई उनकी कलम से  होते नहीं दिखी।  अब मेरे जैसे पत्रकारों को यह सोचना पड़ रहा है कि उनके कार्यकाल पर कलम से क्या बड़ाई लिखूं। तो मैंने अपने समाचार के कालम में लिखा कि श्री दूबे मृदुभाषी, सरल स्वभाव के और सामाजिक कार्यक्रमों में रुचि लेने वाले अधिकारी रहें... एक और कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की पहचान बताऊं आपको ! जिनका नाम आज भी जनपद में अनेकों की जुबां पर है। वे हैं यहां कुछ वर्ष पूर्व एसडीएम की छोटी कुर्सी को सम्हालने वाले युवा प्रशासनिक अधिकारी डा० विश्राम । सामाजिक कार्यकर्मों  में तो जब वे यहां थें, तब डीएम -एसपी से कहीं अधिक पूछ एसडीएम (उनकी) की रही। परंतु जब वे अपने कार्यालय कक्ष में कुर्सी पर बैठते थें, जम कर होमवर्क भी करते दिखें । खनन माफियाओं के विरुद्ध उनकी धमाकेदार पाली, आज भी अनेकों की जुबां पर हैंं। यह उनके एक योग्य अधिकारी होने की पहचान रही !  (शशि)

क्रमशः

Wednesday, 11 April 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक 11/4/18

आत्मकथा

   एक कड़ुवा सच आज मैं कहना चाहता हूं, वह यह है कि  पत्रकारिता धर्म के मार्ग पर चलने वाले किसी भी पत्र प्रतिनिधि को जो सबसे बड़ा खतरा है , वह किससे  है !  जानते हैं आप ? यही सोच रहे होंगे न कि गुंडे -माफियाओं से या फिर पुलिस और बाहुबली सफेदपोश भी ऐसा हो सकता है। क्यों कि उत्साह से लबरेज एक युवा पत्रकार की कलम सबसे पहले इन पर ही खुलती है। मैं भी इसी दौर से गुजरा हूं। परंतु विश्वास करें , इनसे कभी खतरा नहीं हुआ मुझे । चंबल से आईं पूर्व दस्यु सुंदरी स्व० फूलन देवी, वाराणसी से आये विनीत सिंह , ददुआ के अनुज बाल कुमार पटेल और सपा के तोप समझे जाने वाले राजनेता शिवशंकर यादव पर भी खूब कलम चली थी मेरी। साथ ही वर्दी वालों से भी पंगा लेता ही रहा। यहां तक कि हमारे अखबार के संपादक जी तब चिंतित रहते थें कि यह लड़का कहीं संकट में फंस न जाए।  इन सभी पर चर्चा कभी विस्तार से करूंगा। पर यहां इतना बता दूं कि ऐसे सभी पावरफुल लोगों ने  कुछ नाराजगी के बावजूद भी मेरी लेखनी का  सम्मान ही किया। मेरे उनके मध्य संवादहीनता नहीं आने पाई। फिर खतरा किससे है मुझ जैसे पत्रकारों को !  तो वे हैं अपने ही भाई बिरादरी के लोग । जो हमकों पता भी नहीं चलने देंगे कि कब डंसने वाले हैं वे । एक पत्रकार को किस तरह से फंसाया जा सकता है। यह कमजोरी उन्हें पता जो है। सो, इन्हें पत्रकारिता जगत का जयचंद कह सकते हैं । परंतु इनका साम्राज्य भी स्थाई नहीं होता। अब मेरे ही मामले में ले न , मुझ पर पर्दे के पीछे से मुकदमा दर्ज करवाने वाला एक पत्रकार जिले से ही लापता है, दूसरा घर पर पड़ा है, तीसरे की हाल यह है की अपने ब्यूरोचीफ के पांव तले दबा कराह रहा है और अब चौथे का बड़ा साम्राज्य भी डगमगा रहा है। ऐसे पत्रकार तनिक आत्मचिंतन कर लें। मित्रों, गरीब  ईमानदार व्यक्ति को पीड़ा पहुंचा कर आप उसका और कितना नुकसान करेंगे, वह तो पहले से ही तप रहा है। मुझे ही लें , सारे संबंध, स्वास्थ्य और  हर सूख सुविधा को पत्रकारिता की  बलिवेदी पर अर्पित कर चुका हूं। यह बात किसी से छिपी नहीं है। बचपन से जिद्दी था ना , सो अवसर मिलने पर भी कलम का मोल नहीं मांगा , न ही ठेकेदार, कोटेदार ,दुकानदार बना। फिर भी भाई बिरादरी वाले मुझसे इसलिये नाराज रहते है, क्यों कि उनका जुगाड़ तंत्र  मुझे पसंद नहीं है। यदि किसी गलत व्यक्ति से उनकी मित्रता है, तो इसका मतलब यह तो नहीं कि मैं भी ऐसे लोगों को मौसेरा भाई लूं। सो मैंने जहां तक सम्भव हुआ  लिखा। पर जाहिर है कि जल में रह कर मगर से यदि वैर करुंगा ,  तो परिणाम मेरे जैसे गैर जनपद से आये पत्रकारों के लिये हानिकारक  होना तय है। परंतु जनाब आप भी षड़यंत्र सफल होने पर यूं न मुस्कुराते फिरें।

  महान समाज सुधारक संत कबीर की इस चेतावनी से जरा भय खायें। क्या सबक था उनका याद करें....

       दुर्बल को ना सताइये, वां की मोटी हाय।
       बिन सांस की चाम से, लोह भसम होई जाय।

मैं तो गरीब और ईमानदार दोनों ही हूं, अतः  मुझ जैसों को सताने का दंड स्वतः ही मिलेगा ! यह प्रत्यक्ष मैं देख रहा हूं।
    दरअसल, ऐसे लोग जो पत्रकारिता के क्षेत्र में काफी हाथ पांव मार कर भी नंबर वन नहीं बन पाते, उन्हें सदैव दूसरे चमकते सितारों से ईर्ष्या होती रहती है। अतः आपने किसी प्रभावशाली व्यक्ति के विरुद्ध कुछ लिखा नहीं कि चहकते हुये ये लोग घेरों पकड़ों, अबकि बचने ना पाये, बड़ा तेज बनता है का शोर मचाते हुये ,कान भरने पहुंच जाते है उनके दरबार में,  जिसके विरुद्ध आपकी लेखनी चली हो । ऐसे ही पत्रकार अपने बड़े बैनर का भरपूर दुरुपयोग करते हैं। वे धन की चाहत में  एक कॉकस बना लेते है।   फिर तो ऐसे कौओं के बाजार में बेचारी कोयल कहां तक अपनी प्राणरक्षा करें , या तो रण छोड़ कर भागे या फिर लड़ मरे।  मित्रों पत्रकारिता बड़ी गंदी हो गयी है, जनपद स्तर पर। सो, बड़े बैनरों से जुड़े कतिपय स्थानीय पत्रकारों की क्रास चेकिंग उस संस्थान के बड़े अधिकारियों को करवाते रहना चाहिए। हालांकि ब्यूरोचीफ बदलते रहते हैं। परंतु  दफ्तर में खिलाड़ी और भी तो होते हैं। ( शशि)

क्रमशः

Tuesday, 10 April 2018

व्याकुल पथिक पत्रकारिता में मेरा अनुभव

व्याकुल पथिक 10/4/18
आत्मकथा

    नियति के उपहास पर कभी कभी मुझे भी हंसी आती है। समझ में ही नहीं आता कि मैं पत्रकार कैसे बन गया। शहर भी अनजान ,डगर भी और कलम भी...
    रही बात पत्रकारिता लेखन की तो छात्र जीवन में कक्षा में गणित के जटिल सवालों को हल करने में मेरी अधिक रुचि रहती थी। भले ही कोई मार्गदर्शक न रहा हो तब भी मैं अकले ही घंटों जूझता रहता था कागज के पन्नों पर। अंततः विजय तो मेरी ही होती थी। हां ,बचपन में चित्रकला में भी खूब रुचि लेता था। परंतु हिन्दी और अंग्रेजी दोनों ही बिल्कुल पढ़ना नहीं चाहता था। हालांकि ऐसा भी नहीं था कि फेल हुआ हूं, कभी इन दोनों विषयों में । खींचतान कर 60 फीसदी अंक तो पा ही लेता था इनमें भी। फिर भी मैं तब सहपाठियों से यही कहता फिरता था कि हिन्दी भी कोई विषय है, जो व्यर्थ में समय बर्बाद करुं। और अब ढा़ई दशक पीछे की जब सोचता हूं, तो छात्र जीवन की अपनी भूल याद हो आती है। लेकिन, बीता समय फिर कहां आने वाला कि हिन्दी का एक कुशल विद्यार्थी बन जाऊं। आज सफल अथवा असफल पत्रकार जो भी बना, उसी हिन्दी के कारण,वर्तमान में भी जो यह ब्लॉग लिख कर अपनी व्याकुलता कम कर रहा हूं, वह भी तो हिन्दी लेखन से ही सम्भव है। चित्रकला और गणित  मेरे विरान जीवन में रंग भरने तो आया नहीं न। इसलिये वाराणसी में कालेज द्वार से जब प्रवेश करता था ,तो भारतेन्दु हरिश्चंद्र की प्रसिद्ध कविता मातृभाषा का यह दोहा ..

निज भाषा उन्नति अहै,सब उन्नति को मूल।
 बिन निज भाषा - ज्ञान के , मिटत न हिय को सूल।।

जो उनके स्मारक पर लिखा था, अब याद हो आता है। साथ ही तकलीफ भी होती है कि काश ! कुछ हिन्दी का ज्ञान होता, तो मैं अपनी बात प्रभावशाली तरीके से रख पाता। पर आप सभी तो युवा पत्रकार हैं, बड़ी बड़ी डिग्रियां भी हैं आपके पास। फिर समाचार लेखन आप में से बहुतों का प्राइमरी स्कूल के बच्चों की तरह क्यों है। आज कल पोर्टल वाले ब्यूरोचीफ हो गये हैं। पर उनका भाषा ज्ञान देखें साहब !  जब कुछ बताओं या सुधार करने को कहो, तब भी बड़ी बेशर्मी से वे कहते मिलते हैं कि ऐसा तो जानबूझ कर इसलिये करता हूं , ताकि खबर की कापी पेस्ट न हो।
       पर मैं भी बड़ा ही विचित्र तरीके का पत्रकार बना हूं। दोपहर तीन बजे तक खबर लिखना फिर अखबार का बंडल लेने जाना और रात्रि साढ़े 10 - 11 बजे तक पेपर बांटना। मजे की बात तो यह भी है कि जिसे कभी  पत्रकारिता का ककहरा तक नहीं आता था, कुछ वर्षों बाद पहचान.बनने पर उसकी उसी कलम की बोली लगाने वाले भी हो गये। जैसा कि बता ही चुका हूं कि पत्रकारिता धर्म के पालन में यदि आपकी पहचान बन गई है, तो जगह जगह प्रलोभन भी है। जबकि आर्थिक तंगी एक सच्चे व अच्छे पत्रकार की सबसे बड़ी कमजोरी है। सामने लक्ष्मी हो, तो मन को बहुत समझाना पड़ता है। तोहफा और पैसा देने वाले की मंशा को समझना जरुरी है। एक बार इस लोभ रुपी दलदल में गिरे नहीं की आप पत्रकार की जगह एक अच्छे सौदागर बन जाएंगे भाई । ऐसे पत्रकार किसी की कमजोरी पकड़े नहीं कि उसका मोल चाहेंगे।  इलेक्ट्रॉनिक चैनलों को इसलिये मैं कम ही देखता हूं। हां , रवीश कुमार जैसे पत्रकार उसके पास होते, तो जरूर देखता। वहां तो डिबेट के नाम पर मछली बाजार जैसा शोर है। चैनल वाले पत्रकार खबरों को प्रायोजित करते है। एक बार की बात बताऊं किसी समस्या को लेकर एक पीड़ित व्यक्ति को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कतिपय पत्रकारों ने यह कह कर तैयार किया कि कलेक्ट्रेट में पहुंच कर बस तेल डालों और माचिस जलाने का प्रयास भर करों, देखों फिर  तुम्हारा काम कैसे नहीं हो पाता है। जब यह सब कुछ टेलीविजन के स्क्रीन पर दिखेगा, तो देखना साहब को पसीना आ जाएगा। लेकिन हुआ उलटा , वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उस व्यक्ति को दबोच लिया , चूंकि तब के हाकिम बड़े कड़क थें। सो , उस पीड़ित शख्स को बरगलाने वाले तथाकथित पत्रकारों की तलाश शुरू हो गयी थी। मामला कुछ वर्ष पुराना है।   ऐसे प्रायोजित समाचार से एक अच्छे पत्रकार को बचना  चाहिए।( शशि)

क्रमशः

Sunday, 8 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक 9/ 4/18
 आत्मकथा
       
      हम सभी प्रबुद्धजनों का यह कर्तव्य है कि अपने उत्तराधिकारी का उचित मार्ग  दर्शन करें । कोई ऐसा आदर्श उनके समक्ष प्रस्तुत कर जाये, जिससे कर्मपथ पर चलते समय व्याकुलता की स्थिति में यह उनके आत्मबल को बढ़ा सके। क्यों कि जिनसे हमने कुछ पाया और कुछ सीखा , उनका स्मरण सदैव मन को आनंदित करता है। इस दृष्टि से पत्रकारिता के क्षेत्र में मैं सौभाग्यशाली हूं। हमारे गांडीव समाचार पत्र के संस्थापक सम्पादक स्वर्गीय भगवानदास अरोड़ा जी का जो आशीर्वाद मुझे प्राप्त हुआ। वे मेरे सामने एक बड़ा आदर्श हैं। लगभग दशक भर पूर्व जब मैं यहां अखबार बांटता था, तो कितने ही ऐसे वरिष्ठ नागरिक मिलें, जो यह बताया करते थें कि उनके सम्पादकीय लेखन का इस तरह नशा उनपर था कि बीएचयू में जब वे पढ़ते थें, तो जेबखर्च से इतना पैसा जरुर बचा लिया करते थें कि शाम को गांडीव खरीद सकें। वहां प्रेस में जिनसे कुछ सीखा उनकों मैं भला कैसे भूला सकता हूं। डा० राधारमण चित्रांशी जी , अत्रि भारद्वाज जी, कमलनयन मधुकर जी, सत्येंद्र श्रीवास्तव जी इन सभी वरिष्ठ पत्रकारों ने एक अभिभावक की तरह मुझे कलम पकड़ना सिखाया है। साथ ही एक और चेहरा मुझे सदैव स्मरण रहेगा। वे रहें मित्र अरशद भाई के पिता स्वर्गीय अख्तर आलम शास्त्री जी। गांडीव कार्यालय में समाचार डेक्स पर किनारे से पहली कुर्सी उनकी ही होती थी। खबरों से भरे कागजों के पुलिंदे के अतिरिक्त एक ट्रांजिस्टर भी उनके बगल में रखा रहता था। सो, उनका पूरा प्रयास होता था कि दोपहर तक की कोई राष्ट्रीय और प्रादेशिक खबर गांडीव से छुटने नहीं पाये। एक बार मैं जब अपने समाचार डेक्स प्रभारी मधुकर जी को मीरजापुर का समाचार सुधारने के लिये दे रहा था ,तो उन्होंने बड़े ही अपनत्व के साथ मुझे बुलाया और क्या कहा जानते हैं ? यह गुरु मंत्र था मेरे लिये मीरजापुर की पत्रकारिता में अपनी पहचान बनाने से कहीं अधिक यहां के लोगों के दिल में जगह बनाने का।  तो, सूने मित्रों उन्होंने मुझे नसीहत दी थी कि मैं यदि गांडीव को एक अनजान शहर में जनप्रिय बनाना चाहता हूं, तो स्थानीय जन समस्याओं पर ध्यान दूं। लोगों से मिलूं और उनके वार्ड, गली- मुहल्ले की समस्या लिखूं। साथ ही पाठक मंच के लिये भी उनकी खबरें लाता रहूं। उनका यही सबक मेरी यहां पहचान बन गयी। आज के पत्रकारों की तरह कलम पकड़ते ही यदि विभागीय घोटाला खोजने निकल पड़ता, तो शायद आज यहां के गली मुहल्ले में " क्या शशि भाई " कह के लोग मुझे ना बुलाते। शास्त्री जी ने मुझे तब और चकित किया था, जब विंध्याचल नवरात्र मेले की रिपोर्ट तैयार कर एक बार प्रेस में ले गया था। पहले पेज पर खबर लगनी थी। सो, वह समाचार उनके पास गया। संयोग से मैं उस दिन वहीं था। उन्होंने मुझे बुलाया और मेरे उस रिपोर्ट में काफी कुछ संशोधन कर , यह भी बताया कि किस तरह से शब्द चित्र खींचा जा सकता है। ताकि उस खबर को पढ़ते समय पाठक को लगे कि वह स्वयं विंध्यवासिनी धाम में उपस्थित है। तब मैं अचम्भित भी रह गया कि एक मुस्लिम होकर भी उन्होंने विंध्याचल मेले की मेरे समाचार को एक बोलती हुई तस्वीर के रुप में प्रस्तुत कर दिया। जिसका परिणाम जानते हैं क्या रहा मेरी पत्रकारिता पर , तो आज मुझे यह बताने में तनिक भी संकोच नहीं है कि जातीय-मजहबी भावना से बिल्कुल ही ऊपर उठकर मैंने पत्रकारिता की है। इसीलिए बड़ों का आदर्श और मार्गदर्शन जरूरी है। जब हमने किसी से कुछ पाया है, तो यह हमारा भी कर्तव्य है कि अगली पीढ़ी को भी कुछ दिया जाए।  यह आत्मकथा मैं उन्हीं पत्रकारों के लिये लिख रहा हूं, जो आदर्श पत्रकारिता करना चाहते हैं। आपकी कलम सबसे पहले आसपास की जनसमस्याओं पर चलनी चाहिए। पत्रकारिता में आते ही घोटाला खोंजने लगेंगे, तो आपके ईमान की सौदेबाजी शुरू हो जाएगी। फिर जब आप पक्के हुये नहीं हैं, तो पांव डगमगाने लगेगा। परंतु हमारे जैसे पत्रकार सीना ताने यह कह सकते हैं , माया महा ठगनी हम जानी...
(शशि)
क्रमशः

Saturday, 7 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक 8/ 4/18

आत्मकथा

     कर्मपथ पर आगे बढ़ने के लिये किया गया संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता। इसका एहसास अब मुझे होने लगा है। अचनाक यह परिवर्तन क्यों कि एक व्याकुल पथिक को गणतव्य तक पहुंचने का मार्ग दिखने लगा...
    मित्रों ,  जब से मैं अपने पत्रकारिता जीवन के संघर्ष काल के संस्मरणों को , व्यथा कथा को लिखने लगा। व्याकुलता बढ़ने लगी । अपनों के वियोग और एकाकीपन का एहसास होने लगा। वैराग्य की तलाश में मन भटकने लगा। कोई ऐसा साधक तो हूं नहीं कि पद्मासन या सिद्धासन में आंखें बंद कर बैठ जाऊं और मस्तिष्क को संज्ञा शून्य कर दूं। अभी इस वैराग्य भाव के अभ्यास में वर्षों लगेंगे। तो फिर पत्रकारिता जीवन के संघर्ष भरे इस पच्चीसवें वर्ष में आखिर कौन सा अमृत कलश मुझे मिल गया कि अशांत मन को कुछ तसल्ली हुई है। धन का लोभ तो मुझे है नहीं । सो, कुछ मित्रों की तरह कोई मदिरालय की लाटरी भी नहीं निकली है ,मेरे नाम । मैं तो पूरा खाटी पत्रकार ठहरा । फिर मदिरा की दुकान खोल कर नये लड़कों को यह पत्रकार धर्म बताना तौबा-तौबा। हां, यदि ऐसा कोई धंधा घर गृहस्थी की गाड़ी खींचने के लिये कर भी लेता, तो उसी दिन से पत्रकारिता छोड़ देता। ताकि युवा पीढ़ी की पत्रकारिता दिशाविहीन तो न होने पाये। अरे भाई !  पत्रकारिता के क्षेत्र में अमृत रुपी मदिरा कलश जब पा ही गये हो, तो धन की समस्या अब रही नहीं, मिशन तुम्हारा समाज के प्रति कोई है नहीं, फिर क्यों पत्रकारिता को बदनाम कर रहे हो। जो लोग हमारे पेशे को पवित्र समझते हैं, उसे अपावन करने की अब ऐसी क्या जरूरत।  हर उन लोगों से मेरा विनम्र अनुरोध है कि यदि पत्रकारिता में आकर अपना मनचाहा अमृत कलश पा गये हों , तो कृपया प्रस्थान करें, इस रंगमंच से । अब देखें न जब से राजनीति में बाहुबलियों, धनबलियों , माफियाओं का साम्राज्य स्थापित हो गया है, हमारे जिले के जुझारू कामरेड सलीम भाई जैसे तेजतर्रार पुराने नेताओं को  माननीय कहलाने जैसे अमृत फल की प्राप्ति हो ही नहीं  सकी । वे छोटे बैनर तले अपने सिद्धांतों की लड़ाई लड़ जरुर रहे हैं। परंतु जब कोई पावर हाथ में होगा , तब न विचारों को कार्य में परिणित करने का अवसर मिलेगा। तभी उनकी परख होगी कि कितना अच्छा दिन ला पाते हैं , वे भी। पर यहां तो अनाड़ी को खिलाड़ी बनाया जा रहा है। यही स्थिति पत्रकारिता की भी है। राजनीति का ककहरा नहीं जानने वाले धन सम्पन्न दागदार लोगों की इंट्री होते ही, उनसे विज्ञापन और धन प्राप्ति के लोभ में हम उनका बस्ता ढोने लगते हैं। सो, यह कहां तब याद कि सलीम भाई भी मैदान में खड़े हैं। विचार करें कि आज की पत्रकारिता कहां जा रही है ? आंखें शर्म से नीचे क्यों नहीं झुकती हमारी , जब हम हत्या अपहरण, रंगदारी वसूली जैसे मामलों में शामिल सफेदपोश माफियाओं के यहां दरबारी बने खड़े रहते हैं। आज कल एक नया शब्द पत्रकार प्रयोग करने लगे हैं , वह यह कि संस्थान को व्यवसाय चाहिए, इसलिए " चमेली का तेल " लेकर निकला हूं...
   खैर , आज के लेखन का मेरा मूल विषय यह रहा कि ढ़ाई दशक के पत्रकारिता जीवन के संघर्ष में मुझे कौन सा अमृत कलश मिल गया ! तो वह है, यह " व्याकुल पथिक ब्लाग "।  इस ब्लाग पर मैं अपना हर अनुभव, पीड़ा और संघर्ष आसानी से व्यक्त कर पा रहा हूं। कुछ मित्रों ने कहा कि यह सब लिख कर समय क्यों व्यर्थ कर रहे हो। इस अर्थ युग में किसे फुर्सत है कि तुम्हारी व्यथा कथा में वह रुचि ले। परंतु मेरा नजरिया  उन प्रसिद्ध कथावाचक संत की तरह है, जिन्होंने टाउनहाल, वाराणसी के एक रामकथा में कहा था कि मान लो कि दिन रात मैं राम नाम का माला फेर रहा हूं। और यदि ईश्वर का अस्तित्व नहीं हो, तो क्या मेरा यह मंत्रजाप व्यर्थ हो गया ? जानते हैं कथावाचक संत जी का अगला वाक्य क्या था । उन्होंने कहा था कि ऐसी परिस्थिति में भी मंत्र जाप  का फल व्यर्थ नहीं है। मंत्र जाप से तुम्हारा मन एकाग्र होगा। मस्तिष्क में अनावश्यक विचार नहीं आएगा । तब मैं इंटर की कक्षा में था। बाद में जब कुछ माह एक आश्रम में रहा, तो वहां " सतनाम " जपते रहने को कहा गया। आज भी जब व्याकुलता बढ़ती है, तो मैं तेजी से इस नाम का जाप करता हूं। जबकि कुछ वर्षों से मैं नास्तिक जैसा हूं।
    तो भाई  यह जो मैं लिख रहा हूं न , वह भी इसी मंत्र जाप की तरह ही है, क्या फर्क पड़ता है यह औरों के लिये उपयोगी नहीं हो। अब किसी पुस्तक पर आप ढेरों राम - राम लिखते जा रहे हैं, तो उसे ही कौन पढ़ता है। परंतु उससे आपके मन को शांति मिलती है कि नहीं ? इसी तरह से इस ब्लाग पर यह लेखन मेरे लिये अच्छा टाइम पास होगा, जब मैं पत्रकारिता छोड़ दूंगा। (शशि)

क्रमशः
व्याकुल पथिक 7/4/18

आत्मकथा

    पत्रकारिता में विद्वत्ता ही प्रमुख पहचान नहीं होती है। सवाल यह बना रहता है कि हम किसके लिये लिखते हैं, क्या लिखते हैं और कितना लिखते हैं। यदि हम लोभ में आकर चाटूकारिता भरी पत्रकारिता करेंगे, तो भले ही कितनी भी बड़ी बड़ी डिग्री क्यों न लिये हो, पोल खुलना तय है। यह पब्लिक है न जो, वह सब जानती है। अब देखें न तमाम इलेक्ट्रॉनिक चैनल हैं  और उसके पत्रकार भी। लेकिन आम आदमी का सुपरस्टार कौन हैं, इस क्षेत्र में, तो नाम रवीश कुमार का स्वतः ही जुबां पर आ जाएगा। समयाभाव के कारण मैं टेलीविजन तो नहीं देख पाता। फिर भी स्क्रीन पर पांच -सात बार रवीश कुमार को खास अंदाज में जनहित के मुद्दे उठाते देखा हूं। बढ़िया लगा। नहीं तो सलमान-सलमान के शोर में पूरे दिन टीवी बुक ही रहा। लेकिन समाज को क्या संदेश मिला। मेरे एक अनुज जो विंध्याचल क्षेत्र के हैं, को मेरी सादगी भरी पत्रकारिता पसंद है। उनका कहना रहा कि आपके ही तरह  बनना चाहता हूं। तो मेरा उनसे यही कहना है कि लेखनी का उपयोग उन लोगों के लिये न करें, जिन्होंने समाज की व्यवस्था को चोट पहुंचाई हो। भले ही वे अपने बाहुबल, जातिबल और धनबल से स्टार बन गये हो। लगदक खादी पहन कर लग्जरी गाड़ियों के काफिले से निकल रहे हों। माननीय भी बन गये हो। फिर भी पहचान उनकी नहीं बदल सकती, न ही सोच ही । भले ही भय और स्वार्थ से लोग उनके सामने नतमस्तक होते हैं। इस जनपद में ऐसे अनेक बाहुबलि सफेदपोश बन कर आयें। परन्तु मैंने अपनी कलम से उनका महिमामंडन नहीं किया। यदि किसी को विज्ञापन देना था, तो उसका पेज अलग था। उसके साथ वह अपनी सामग्री भले ही प्रकाशित करवा ले। परंतु मैं अपनी कलम से तभी कुछ लिखूंगा, जब आप कुछ अच्छा करें। और जो लिखूंगा वह भी ऐसे लोगों के पुराने इतिहास को ध्यान में रखकर। इसी कारण तो समाज में मेरी पहचान पत्रकारिता जगत में अलग रही। आखिर हम पत्रकार क्या संदेश देना चाहते हैं , अपनी लेखनी से ऐसे दागदार राजनेताओं को जन नायक बना कर। बड़ा कठिन डगर है एक खाटी पत्रकार की , मेरे भाई। तमाम अपराधों में लिप्त गुंडों, अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को यदि आप समाजसेवी बता देंगे, अखबार के अपने कालम में, तो फिर क्या खाक पत्रकारिता में अपनी पहचान बनाएंगे। सो, जब तक अखबार है, चैनल है तभी तक जनता में आपकी पहचान रहेगी। उसके बाद आपका पर्दे के पीछे वाला पत्रकार धर्म लोगों को याद रहेगा। इसीलिए मित्रों यदि  पत्रकार  बनना है, तो लोभ, चाटूकारिता और जुगाड़ वाला लेखन तो छोड़ना ही पड़ेगा । चाहे परिणाम उसका कुछ भी हो।अतः पत्रकार यह आत्मावलोकन करते रहें कि आमजन के हित में कितने कालम की खबर सप्ताह -पखवाड़े भर में लिखते हैं। और पत्रकार धर्म क्या यह कहता है कि हम अपना अधिकांंश समय किसी वरिष्ठ अधिकारी को पटा कर अधिनस्थ कर्मचारियों को मनचाहे स्थान पर तैनाती दिलवाने में जाया करें ? या जिसने हमारी इच्छा की पूर्ति नहीं की हम उनकी शिकायत करते रहें। सो, मित्रों पत्रकारों का मंच सजाना और बात है, लेकिन एक पत्रकार के रुप में पहचान बनाना हंसी खेल नहीं है। किसी वरिष्ठ अधिकारी को खुश करने के लिये हम कलम तोड़ लेखनी चलाएंगे, तो यह जनता बेवकूफ तो है नहीं। मैं किसी को कठघरे में खड़ा करने के लिये यह सब नहीं लिख रहा हूं । हां यदि पत्रकार कहलाना है, तो इन सभी लोभ से ऊपर उठना ही होगा । ऐसा मैंने करने का प्रयास किया, तभी आज अखबार बांटने के बावजूद भी अपने क्षेत्र में  कुछ तो अलग पहचान रखता ही हूं। सो, कुछ पाया है, तो बहुत कुछ खोया भी। लक्ष्य हासिल करने के लिये त्यग करना ही पड़ता है। अब आप ठेकेदार, कोटेदार ,सरकारी मास्टर, राजनेता, व्यापारी भी हैं और पत्रकार भी हो जाना चाहते हैं , तो दो नाव की सवारी भला कैसे करोंगे... (शशि)

क्रमशः