Followers

Monday, 26 March 2018

आत्म कथा

व्याकुल पथिक
26/3/18

      आत्म कथा लिखना कितना पीड़ा दायी होता है। इसका एहसास अब मुझे हो रहा है। बिखरे एक एक रिश्ते सामने सजीव हो उठ रहे हैं। बचपन से लेकर करीब आठ -दस वर्ष पूर्व तक मैं जिनके पीछे दौड़ा अथवा जो मुझे चाहते थें, वे सभी एक एक कर दूर होते चलें। फिर भी मै इसी रंगमंच पर उसी तरह से तना हुआ खड़ा और डटा रहा। जो दर्द दिल में था, उसका तनिक भी प्रभाव अपनी लेखनी पर नहीं पड़ने दिया।
        मैंने खूब डट कर पत्रकारिता की है। जो चाहा, जैसे चाहा, उसे लिखा। जो लिखा वह सत्य के करीब रहा। यही मेरी पहचान रही। इसी कारण अपनों से दूर जाने के बावजूद मुझे बहुतों का साथ मिला।  जो किसी अच्छे सरकारी नौकरी अथवा व्यापार में भी नहीं मिलता। यही मेरी बड़ी उपलब्धि है कि इस अनजान शहर में अब सब पहचान वाले हो गये हैं। जो चेहरे से नहीं जानता , वह नाम से जानता था । एक बार की बात बताऊं मैं विंध्याचल गया। मंदिर पर किसी युवा तीर्थ पुरोहित ने अपने स्वभाव के अनुरूप रोकटोक शुरु कर दिया। मै भी अपने स्वभाव के अनुसार यह कम ही बताता था कि पत्रकार हूं। सो, अगला क्या समझे। लेकिन, इतने में पीछे से किसी की आवाज आई कि ये तो गांडीव के पत्रकार शशि गुप्ता हैं। मुझे तब आश्चर्य हुआ कि जो पंडा अभी कुछ देर पहले तक मुझ पर बरस रहा था, वह स्नेह की बरसात करने लगा। अपने व्यवहार से कुछ झेप रहा था वह , कहता मिला कि आप ही शशि भैया है।नाम सुना था, आज मुलाकात भी हो गई। कारण यह रहा मित्रों कि उसे मेरा निष्पक्ष और बेखौफ समाचार लेखन पसंद था। परंतु अब मैं इस समाचार लेखन कार्य से भी मुक्त होना चाहता हूं।और यदि आप युवा भी इस धंधे ( यहीं कहूंगा) में आना चाहते हैं, तो मैं यही कहूंगा कि अपना युवा काल पत्रकार कहलाने के प्रयास में बेजा न करें। पत्रकारिता अब समाज का दर्पण नहीं रहा। यह खरीद फरोख्त की वस्तु हो कर रह गई है।
      इसीलिये इस पहचान से मैं आजाद होना चाहता हूं। मुक्ति पथ जिसे वैराग्य पूर्ण स्थिति मैं कहता हूं। वही मेरा गणतव्य है। जो अवसर  27 वर्षों  पूर्व  मुझे आसानी से मिल रहा था उस आश्रम में, उसे त्यागने की बड़ी कीमत मैंने चुकाई है। ऐसे में लम्बी सांसें लेकर आंखें बंद करने से भी मन को बड़ी शांति मिलती है मुझे। स्मृतियों में जो कुछ है, वह धुमिल पड़ने लगता है। किसी ने क्या कष्ट दिया अथवा स्नेह ही क्यों न दिया हो, मैं इनसे ऊपर उठना चाहता हूं। लेकिन,
ऐसा भी नहीं है कि मैं जिस रंगमंच पर तब और अब भी खड़ा हूं । वह मेरी विवशता है। मैं जब चाहता इसका परित्याग कर सकता था । पत्रकारिता में आकर धन अर्जित करना या फिर स्वयं को समाज का एक विशिष्ट व्यक्ति समझ कर दर्प से इतराना मेरे स्वभाव में नहीं है। अनेक ऐसे अवसर आये जब मैं प्लेटफार्म बदल सकता था। परंतु स्वभाव से मैं हठी हूं। किसी की अधिनता स्वीकार नहीं मुझे । सो, सीना ताने खड़ा रहा। पहचान मेरी  धीरे धीर अब बदलने लगी थी। मैं भले ही अखबार बांटता था, परंत मेरी छवि कभी और हॉकरों की तरह नहीं रहीं। बल्कि लोग तो मुझे देखते ही यह कहते थें कि शशि यदि मौजूद है, तो वह दबेगा नहीं, लिखेगा जरुर। उनका यह विश्वास मैं तब टूटने भी नहीं देता था। शाम होते होते गांडीव की टंकार सुनाई पड़ने लगती थी। यह भी भय नहीं था मुझे कि स्वयं ही खबर छाप कर उसे बांटने निकला हूं, तो कोई विवाद नहीं कर बैठै। ऐसा शायद इसलिये क्योंकि लोगों को मुझसे स्नेह था और अब भी है। वे कहते कि क्या खराब छपा है, सही तो लिखा है। बात समाप्त हो जाती थी। हां, लेखनी के माध्यम से मैंने किसी का भयादोहन कभी नहीं किया। अनजाने में कभी कोई समाचार कुछ गलत छपा भी हो, तो सत्यता ज्ञात होते ही , उसमें सुधार करना भी अपना कर्तव्य समझता रहा। (शशि)

क्रमशः

Sunday, 25 March 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक
25/3/ 18

    विचित्र विडंबना है , हम आज राम जन्मोत्सव मना रहे हैं, तो जगह जगह ध्वनि विस्तार यंत्र (डीजे) के माध्यम से तेज आवाज निकाल कर। जिन जिन स्थानों पर वे लगे हैं, वृद्ध और बीमार जन इससे तकलीफ में दिखें। अपने दर्प के लिये दूसरों को कष्ट देना , क्या यही हमारा मर्यादा पुरुषोत्तम राम के प्रति समर्पण और भक्तिभाव है। दिन चढ़ते ही कितने ही लोगों की यह शिकायत मुझ तक आ पहुंची कि बड़ी ऊंची आवाज में डीजे बजा रहे हैं , कृपया व्हाट्सएप पर ग्रुप में कुछ पोस्ट कर दें। उधर , पुलिस जब कोई कार्रवाई करती है, तो विरोध प्रदर्शन। अहंकार भरे तेज स्वर में जय श्री राम बोलने से ही तो हम सच्चे रामभक्त नहीं हो जाएंगे। सवाल यह है कि भगवान राम के जन्मोत्सव पर आज हममें से कितनों ने उन्हीं की तरह आचरण करने का संकल्प लिया। जरा हाथ उठा कर  मन को टटोलते हुये बताएं आप भी  !
 
   मैं तो अभी इंद्रियों के संयम के मामले में तीसरे ही  पायदान पर फंसा हुआ हूं। स्वाद और अनर्गल ढंग से धन के अर्जन के लोभ पर नियंत्रण के बाद मेरा जो प्रयास चल रहा है, वह वाणी पर संयम है। अधिक बोलूंगा  तो जाने अनजाने में असत्य बोलूंगा, यह तो तय है। इसीलिए महापुरुष जन अधिक से अधिक मौन धारण किये रहते हैं सम्भवतः । इससे चिंतन शक्ति भी बढ़ती है। सो, इस प्रयत्न में रहता हूं कि अनावश्यक  वाणी को कष्ट न दूं। तभी और ऊपर वाली सीढ़ी पर पांव जमा सकूंगा। पर याद तो यह भी रखना है कि जितनी ऊंचाई पर चढ़ेंगे। फिसलने पर चोट लगने का खतरा भी उतना ही अधिक है। अतः प़ांव जमा जमा कर चढ़ना चाहता हूं। जो मैल वर्षों से तन मन पर जमा है। उसे इतनी शीघ्रता से कोई केमिकल डाल कर  साफ तो नहीं किया जा सकता है न।

        जब बात सत्य-असत्य बोलने की करता हूं , तो तो मुझे अपने बचपन का एक रोचक प्रसंग याद हो आता है। मेरे पिता जी कुछ अधिक ही अनुशासन प्रिय थें। एक बार उन्होंने मुझे घी लेने चिन्हित किराने की दुकान पर भेजा। वह दुकान कुछ दूर पर थी। बालक था, सो पास के ही एक दुकान से घी ले चला आया। परंतु यह बात छिपाये रखी। चाहे जैसे भी घर पर यह झूठ पकड़ में आ ही गया। इसके बाद मेरी जम कर खबर तो ली ही गई। साथ ही एक सादे पन्ने पर यह लिख कर मुझसे रामायण में रखने को कहा गया कि अब कभी झूठ नहीं बोलूंगा। यह नैतिक भय दिखलाया गया कि यदि झूठ बोला, तो बहुत पाप लगेगा। इससे मेरा बाल मन तब काफी सहम गया था। ठीक से याद नहीं है कि कितने महीनों तक फिर झूठ नहीं बोला था ।

क्रमशः

Saturday, 24 March 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक

24/3/18

आज दोपहर बाद जब विंध्याचल धाम में चल रहे माता का भंडारा से वापस आटो से शहर की ओर लौटा और लालडिग्गी पर उतर राही लाज की ओर पैदल आ रहा था, तभी अचानक गनेशगंज तिराहे पर किसी ने मुझे पुकारा कि अंकल-अंकल। देखा तो एक प्यारा सा बालक खड़ा था। जो कह रहा था कि सड़क पार करवा दीजिए। भीड़ काफी थी। इसके बावजूद बाइक फर्राटे भर रही थीं। सो, यह देख मैंने जिस दायीं हाथ से पहले उसे पकड़ा था, अब बायीं ओर ले लिया , फिर पूरी तसल्ली कर उसे सड़क उस पार छोड़ा । यह करते हुये मुझे कितना सुखद एहसास हुआ,इसके लिये शब्द नहीं है। स्मृतियों में अपना बचपन भी याद हो आया।  परंतु अब तो सारे रिश्ते ही बिखर चुके हैं। बस स्मृति शेष होने को है। उम्मीद करता हूं कि जिस तरह से अच्छे भोजन एवं धन के लोभ से मैं पूर्ण रुप से मुक्त हो गया हूं। धीरे धीरे सभी इंद्रियों पर भी नियंत्रण कर ही लूंगा। क्यों बचपन से ही मैं हठी जो हूं। जो ठान लिया , सो किया अवश्य है। मेरे गुरुजन कहते थें कि तुम्हारी मेधाशक्ति भले ही उतनी तीव्र न हो। लेकिन तुम्हारा श्रम , तुम्हें पहले पावदान पर ला खड़ा करता है। इसी कारण मैं अपनी कक्षा में सदैव ही प्रथम स्थान पर बना रहा। नहीं तो अपने वर्ग में तो जरुर ही। वाराणसी से वापस कोलकाता में जब दर्जा 6 में भर्ती हुआ। तो वहां की पढ़ाई के लिहाज से मैं कमजोर छात्र था विद्यालय का। लेकिन, जब वार्षिक परीक्षा परिणाम आया , तो मेरा नंबर प्रथम रहा और स्कूल के नियमानुसार कक्षा 7 में वहां मैं ही मानिटर होता। सहपाठी मेरी प्रतीक्षा कर रहे थें , लेकिन नानी का निधन हो गया और मेरा दुर्भाग्य मुझे वापस वाराणसी खींच लाया। काश ! इस तरह से मां(नानी) मुझे छोड़ कर ना जाती। मां का प्यार मुझे उन्हीं से मिला और कुछ मौसी जी से भी। खैर , बचपन की बातें फिर इस बालक के अंकल की एक पुकार से ताजी हो आईं। जब व्याकुलता बढ़ती है, तो किशोर दा की एक गीत

 कोई लौटा दे मेरे बीते हुये दिन , बीते हुये दिन वो मेरे प्यारे पल....

इसे सुनने के लिये मन मचल उठता है। पर मैं तो ठहरा यहां एक रंगमंच का कठपुतली मात्र । सुबह से देर रात तक एक ही शो इन करीब ढाई दशक से कर रहा हूं। और अब मैं इतना कुशल हॉकर हो गया हूं कि रात्रि 11 बजे भी पेपर अपने ग्राहकों को देता हूं , तो उसे  नहीं लेने की बात न कह वे यह कहते है कि शशि भाई कल सुबह दे देंते ,थक गये होंगे आप। क्या ऐसा कोई पाठक मिलेगा आपको। जो शाम का पेपर अगले दिन भी लेने को तैयार हो। परंतु इसके लिये बड़ा त्याग भी किया हूं। इस कुशल व विदूषक हॉकर ने मेरे सभी अपनों को मुझसे एक एक कर छीन लिया। जब गांडीव लेकर मीरजापुर आया था, तब से अब तक अपने परिवार के सिर्फ एक वैवाहिक कार्यक्रम में मैं शामिल हो सका, वह रहा ताऊ जी की बड़ी पुत्री का विवाह और फिर उनके इकलौते पुत्र के दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर उनके घर पहुंचा था। इसके बाद बहन की शादि, ताऊ जी की छोटी पुत्री की मृत्यु,मौसा जी की दुर्घटना में मौत और फिर उनकी इकलौती पुत्री की शादी, जिसे मैंने अपनी गोद में खिलाया था, बहन और दो दिनों बाद पिता जी की मौत, इन सभी मांगलिक अमांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने की जगह इस शहर की सड़कों पर पैदल दौड़ लगाता हुआ , बाद में साइकिल से आप तक अखबार पहुंचा रहा था।मेरी सारी संवेदनाएं मर चुकी हैं। मैं इस रंगमंच का एक विदूषक मात्र हूं। यहां जो संबंध बने , जो अपने लगें। उनके भी ऐसे कार्यक्रमों में कहां शामिल हो पाया ठीक से। क्या अब भी आप कहेंगे कि मैं एक कुशल समाचार पत्र विक्रेता नहीं हूं।
    और रही बात पत्रकारिता के प्रति अपनी जिम्मेदारी की तो,
गुरुजी (पं० रामचंद्र तिवारी) के निधन पर भी उनकी अंतिम यात्रा में न शामिल हो, मैं उनके जीवन पर और उनके साथ गुजरे दिनों को कलमबद्ध करने में जुटा था । ताकि शाम तक वह सब आ जाये। इस पर चर्चा बाद में करुंगा, अभी तो हॉकर बनने की बात चल रही है।(शशि)

क्रमशः

Friday, 23 March 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक

आत्मकथा

23/3/18

आज शहीद दिवस है। मेरी इच्छा रही कि एक बार फिर से  भगत सिंह और उनके साथियों की क्रांति और विचारों को और करीब से जाना जाए । उस युवा तेज को नमन करने से पूर्व उनके चिन्तन को समझना जरुरी है। पर मेरा दुर्भाग्य यह है कि सुबह सवा 5 बजे से रात्रि कम से कम 12 बजे तक इधर उधर का काम करने के बावजूद अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिये कोई समय नहीं है मेरे पास। रात्रि 11 तो पेपर बांटने में ही बज गया है। इसके बाद दिन भर की थकान का असर यह रहता है कि नींद की देवी आगोश में लेने को आतुर है। ऐसे में सलीम भाई द्वारा पोस्ट किये भगत सिंह के आखिरी पत्र  को पढ़ कर ही ,उन्हें मन ही मन नमन कर ले रहा हूं। हां , अपने पत्र में उन्होंने जो अंतिम इच्छा जताई थी। जिसके  लिये ये पढ़े लिखे तेज और संस्कार से पूर्ण युवक हंसते हुये फांसी पर जा लटके थें। उनकी इस अंतिम इच्छा का जो परिणाम सामने है, उसे देख मेरे मन की व्याकुलता बढ़ गई है।

  क्योंकि भगत सिंह चाहते थें  कि उन्हीं के शब्दों में...

" दिलेराना ढंग से हँसते-हँसते मेरे फाँसी पर चढ़ने की सूरत में हिंदुस्तानी माताएँ अपने बच्चों के भगतसिंह बनने की आरजू किया करेंगी और देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों की तादाद इतनी बढ़ जाएगी कि क्रांति को रोकना साम्रज्यवाद या तमाम शैतानी शक्तियों के बूते की बात नहीं रहेगी।"


 पर जाहिर है कि आजाद भारत में स्थिति इसके सर्वथा विपरीत है।  ऐसा कुछ भी नहीं हुआ जो ये अमर क्रांतिकारी चाहते थें। आज के अभिभावक भौतिकवाद का लबादा इस तरह अपने बच्चों पर लादते जा रहे है कि सोच अब उनकी यह हो गई है कि पड़ोसी का बच्चा  भले ही भगत सिंह बने , पर हमारा लाल किसी भी जुगाड़ से टाटा , बिरला और अंबानी  बन जाए। थोड़ा ठहर कर सोचता हूं, तो लगता है कि हमारे पत्रकारिता जगत में भी तो यही सब हो रहा है। ढ़ाई दशक पूर्व जब मैं इस क्षेत्र में आया तो कलम की धार परखी जाती थी और अब पैसे की ताकत....।  इसी कारण जिस रंगमंच पर मैं खड़ा हूं, आसपास कोई नहीं है। परिवार का हर सुख एक एक कर पीछे छुटते चला गया । हर रिश्ते बिखर गये। जब अपनों के यहां शहनाई बजे या अर्थी सजे , उससे इस रंगमंच पर आने के बाद मेरा कोई वास्ता ही नहीं रहा, तो फिर आप किसी से संबंध की चाहत कैसे रख सकते हैं।  कभी कभी सोचता हूं कि चलों अच्छा ही है कि घर परिवार नहीं है यहां । यदि होता तो अपनों की नजर में और भी लज्जित होना पड़ता। क्यों मेरा हाल यह है कि एक कुशल हॉकर से ऊपर उठ कर एक श्रमिक पत्रकार बना तो जरूर, परन्तु साथ ही चुनौती बढ़ती ही चली जा रही है। पहले साढ़ नौ बजे तक अखबार बांट कर खाली हो जाता था। अब रात्रि 11 बज रहे हैं।  फिलहाल, बात मेरे हॉकर बनने कि हो रही थी।  तो जिस शख्स ने मेरे लिये घर -दुकान जाकर गांडीव लेने का अनुरोध किया , वे हैं लल्लू राम मोदनवाल जी।  इन्होंने ही मुझे उस समय के बड़े व्यापारी नेता दीपचंद्र जैन जी से मुलाकात करवाई थी। सच कहूं तो यह जैन साहब की ही देन है कि तमाम व्यापारी गांडीव लेने लगे थें और उनका स्नेह भी मिला। (शशि)

क्रमशः

Thursday, 22 March 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक

22/3/18


वर्तमान में पत्रकारिता की स्थिति पर जब चिंतन करता हूं, तो मन की व्याकुलता और भी बढ़ती जा रही, क्यों कि अपने जनपद के मीडिया जगत में बहस इन दिनों  इस बात की हो रही है कि शराब की दुकानों की नीलामी में किस किस पत्रकार की लाटरी निकली। जिसकी गोटी लाल हुई, वह 56 इंच तक सीना फुलाए है। ताल ठोंक कहता फिर रहा है कि अब आया साहब असली पत्रकारिता का मजा। पायो जी मैंने राम ना भाई "जाम" रतन धन पायों। इस सोमरस की प्राप्ति ही पत्रकारिता का सबसे बड़ा अमृत रहा उनके जीवनकाल का है । पर जो पत्रकार इस नीलामी में खाली हाथ लौटा ,वह मुहर्रमी सूरत बनाये हुये है। पत्रकारों के इस विवशता भरे पतन को अफसर यह कह महिमामंडित कर रहे हैं कि उनका भी तो घर संसार है। फिर धंधा शराब का हो या और कोई बुराई ही क्या है, उसे करने में। हमारे वरिष्ठ साथी प्रभात मिश्र जी से भी एक आलाअधिकारी ने गत दिनों यही बात कह दी कि आपकी बिरादरी वाले भी तो तगड़ी कसरत कर रहे थें, मदिरालय पाने के लिये। अब जिस शख्स ने पत्रकारिता और खेती किसानी में अपना पूरा जीवन बिताया है।उसके सामने अधिकारी यह चुटकी ले, तो अफसरों का यह उपहास हम जैसों के लिये कितना पीड़ादायी  है, इसके लिये शब्द नहीं है। वैसे प्रभात भैया ने उक्त अफसर को अपनी भाषा में समझा दिया था कि ये साहब ,रंगा सियार पत्रकार हर किसी को न समझ लें। परंतु यह कह हम पत्रकार मुक्त नहीं हो सकते हैं, अपने दायित्व से । सोचता हूं कि हम क्यों राह भटक रहे हैं। कल तक जो कलम नशा मुक्त समाज के लिये चलती थी। वह स्वयं उसमें डूब गयी ? इसके लिये जिम्मेदार सिर्फ पत्रकार ही है या फिर हमारा समाज और उसकी व्यवस्था भी। यदि पत्रकारिता में पूरा यौवन नष्ट करने के बाद हमें शराब बेचना पड़े , तो चेहरे पर भले ही मुस्कान क्यों न हो, पर अन्तर्रात्मा जरुर कराह रही होगी !
            खैर वर्ष 94- 95 में मैं उस स्थिति में नहीं था कि खुद के पत्रकार होने पर गर्व कर सकूं। सबसे पहले तो मुझे एक कुशल समाचार पत्र विक्रेता बनना था। जिस लड़के ने हाई स्कूल की परीक्षा में गणीत विषय के दोनों पेपर में 49-49 फीसदी अंक पाया हो। जिसने कभी अपने सुनहरे भविष्य का खूब ताना बाना बुना हो। वह अब पैदल ही अनजाने शहर की गलियों में गांडीव ले लो की पुकार लगाये, तो उस समय मुझ पर क्या गुजराती होगी, शब्दों में बयां नहीं कर सकता था। उन दिनों को याद कर आज भी आंखें नम हो आती है। तब न कोई साथी था, न कोई सहारा था। यहां शहर में जिस शख्स ने मुझे सबसे पहले गांडीव बेचने का हुनर सिखाया था। वे हैं, प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डा० सरजीत सिंह डंग के अनुज भूपेंद्र सिंह डंग साहब। नगर के मुकेरी बाजार में उनकी दुकान है। आधा शहर पेपर बांटते हुये जब मैं उनकी दुकान पर पहुंच अभिवादन कर यह पूछता कि साहब गांडीव लेंगे। तो थोड़ा कड़क आवाज में प्यार भरी झिड़की देते हुये वे कहते कि जरुर लूंगा। परंतु एक शर्त है, मैं जो बता रहा हूं , उसे बोल कर पेपर बेचो। सरदार जी मेरा पेपर लेते कोई अच्छा सा हेड लाइन मुझे रटाते। जिसे ऊंची आवाज में बोलता हुआ मैं  अन्य क्षेत्रों से होते हुये  स्टेशन रोड की ओर बढ़ता था। मेरी झिझक मिटाने के लिये ही वे ऐसा करते थें, इसे मैं बखूबी जानता था। बाद में जब मुकेरी बाजार वाली दादी जी के घर पर रहने लगा, तब भी मेरे अंदर छुपे पत्रकारिता के गुण को विकसित करने में वे सहायक बनें। वे जनसत्ता पढ़ने को मुझे दिया करते थें। राजनीतिक से जुड़ी खबरें मैं अब इतनी आसानी से लिख पाता हूं। इसके पीछे "जनसत्ता" और  "इंडिया"  टूडे की अहम भूमिका है। यह दोनों पत्र -पत्रिका मेरे गुरु हैं।(शशि)

क्रमशः

Wednesday, 21 March 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक

22/3/ 18

   करीब ढा़ई दशक से एक ही रंगमंच का कलाकार होकर भी  इतनी व्याकुलता क्यों है ? क्या खोया क्या पाया, इस पर आत्मचिंतन अपनी आत्मकथा के माध्यम से अब जब कर रहा हूं, तो यह व्याकुलता भी उतनी ही बढ़ती जा रही है, जिस दर्द को वर्षों पूर्व लगभग भूल सा गया था, वह कहानी फिर से याद हो आई है। जबकि अभी तो पहला अध्याय ही पूरा नहीं हुआ है।
     सच कहूं तो जिस रंगमंच पर मैं खड़ा हूं, अब वह बदबूदार हो चुका है। दुर्गंध के कारण घुटन महसूस कर रहा हूं। मुक्ति पथ की चाहत लिये व्याकुल पथिक बना भटक रहा हूं।  पता नहीं राह मिलेगी भी या फिर आखिरी शो भी इसी रंगमंच पर करना होगा, ठीक से कुछ नहीं कह पाता। हां,इतना तो अच्छी तरह जानता हूं कि जुगाड़ वाली आज की पत्रकारिता में मेरी इंट्री कब की बंद हो चुकी है। जहां से वापसी नहीं होने वाली है।
   अखबारनवीस की चमक दमक वाली झूठी दुनिया मेरा उपहास उड़ा रही है।  रात्रि में जब कभी 11 बजे साइकिल से अखबार बांटता गलियों में भटकता रहता हूं, तो युवा वर्ग के नये मीडिया कर्मी मुझे पागल , सनकी, मंदबुद्धि  प्राणी समझ बैठते हैं।  तो फिर आप ही बताएं कि इतने लंबे संघर्ष में मैंने क्या पाया। हां , कहने को इतनी पुंजी तो मेरे पास है ही कि प्रलोभन मेरी कलम पर भारी नहीं पड़े।
        धन की बहुत चाहत बचपन से ही मुझे नहीं थी। फिर ठहरने को जब स्थान मिल गया हो। मुकेरी बाजार वाली दादी ने भोजन की समस्या दूर कर दी हो। तो गांडीव कार्यालय से प्रतिदिन मिलने वाला चालीस रुपया , जो बाद में  प्रति माह दो हजार रुपया कर दिया गया। उसी में मैं आनंद महसूस करने लगा। फिर एक अच्छा हॉकर और पत्रकार बनने की बारी आई...।

क्रमशः

आत्मकथा

व्याकुल पथिक

22/3/ 18

   करीब ढा़ई दशक से एक ही रंगमंच का कलाकार होकर भी  इतनी व्याकुल क्यों है ? क्या खोया क्या पाया, इस पर आत्मचिंतन अपनी आत्मकथा के माध्यम से अब जब कर रहा हूं, तो यह व्याकुलता भी उतनी ही बढ़ती जा रही है, जिस दर्द को वर्षों पूर्व लगभग भूल सा गया था, वह कहानी फिर से याद हो आई है। जबकि अभी तो पहला अध्याय ही पूरा नहीं हुआ है।
     सच कहूं तो जिस रंगमंच पर मैं खड़ा हूं, अब वह बदबूदार हो चुका है। दुर्गंध के कारण घुटन महसूस कर रहा हूं। मुक्ति पथ की चाहत लिये व्याकुल पथिक बना भटक रहा हूं।  पता नहीं राह मिलेगी भी या फिर आखिरी शो भी इसी रंगमंच पर करना होगा, ठीक से कुछ नहीं कह पाता। हां,इतना तो अच्छी तरह जानता हूं कि जुगाड़ वाली आज की पत्रकारिता में मेरी इंट्री कब की बंद हो चुकी है। जहां से वापसी नहीं होने वाली है।
   अखबारनवीस की चमक दमक वाली झूठी दुनिया मेरा उपहास उड़ा रहा है।  रात्रि में जब कभी 11 बजे साइकिल से अखबार बांटता गलियों में भटकता रहता हूं, तो युवा वर्ग के नये मीडिया कर्मी मुझे पागल , सनकी, मंदबुद्धि  प्राणी समझ बैठते हैं।  तो फिर आप ही बताएं कि इतने लंबे संघर्ष में मैंने क्या पाया। हां , कहने को इतनी पुंजी तो मेरे पास है ही कि प्रलोभन मेरी कलम पर भारी नहीं पड़े।
        धन की बहुत चाहत बचपन से ही मुझे नहीं थी। फिर ठहरने को जब स्थान मिल गया हो। मुकेरी बाजार वाली दादी ने भोजन की समस्या दूर कर दी हो। तो गांडीव कार्यालय से प्रतिदिन मिलने वाला चालीस रुपया , जो बाद में  प्रति माह दो हजार रुपया कर दिया गया। उसी में मैं आनंद महसूस करने लगा। फिर एक अच्छा हॉकर और पत्रकार बनने की बारी आई...।

क्रमशः

Tuesday, 20 March 2018

आत्म कथा

व्याकुल पथिक

20/3/18


तो बात मैं स्टेशन रोड वाली दादी जी की कर रहा था। रिश्ता भले दूर का मेरा उनका रहा। लेकिन, दिल उनका वात्सल्य प्रेम से भरा था। फिर तो मैं उनकी ही पराठा-सब्जी की दुकान पर रात्रि का भोजन भी कर लेता था। यहां आधा लीटर दूध की और एक प्याली मलाई की व्यवस्था हो जाती थी। वाराणसी से मीरजापुर आ कर पैदल देर शाम से लेकर नौ बजे राघ्रत्रि तक दर दर भटकते हुये, अनजान मुहल्ले गलियों से गुजरते हुये अखबार बांटने के बाद मेरे पांव जमीन पर ठीक से नहीं पड़ते थें। व्याकुल और नींद से बोझिल आंखें स्टेशन रोड की राह निहार रही होती थी, वहां तक पहुंचते पहुंचते मन बिलख उठता था। बरबस जुबां पर मदर इंडिया फिल्म का यह दर्द भरा नगमा दुनिया में अगर आये हैं, तो जीना ही पड़ेगा, जीवन है अगर जहर तो पीना ही पड़ेगा....आ जाता था।

            कहां तो  छात्र जीवन में धूप में घर से बाहर बिना छाता लिये निकलने नहीं दिया जाता था। हिदायत मिलती थी कि चाहो तो रिक्शा कर लेना। और अब जीवन के सबसे बड़े  संघर्ष में मैं अपनों से काफी दूर अनजाने शहर में सड़कों को नाप रहा था, तो कहां कोई साथी था। फिर भी गजब का उत्साह था मुझमें । शायद आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर होने का जोश हो । यह भी जानता था की यहां दादी जी की दुकान पर अमृत तुल्य भोजन मिलना तो तय ही है। जब भी बनारस की बस छूट जाती थी। और बारी सामने स्थित रेलवे स्टेशन पर रात गुजारने की आती थी, तो  रात्रि मैं उनके यहां विश्राम अब तो कर ही सकता था।

          यह अस्थायी शरण स्थल मेरे लिये और मेरी पत्रकारिता के लिये भी कितना उपयोगी निकला, वर्ष भर बाद मुझे तब समझ में आया जब मुकेरी बाजार वाली दादी जी ने मुझे अपना एक और पुत्र ही मान लिया। फिर तो कष्टकारी बनारस के रात्रि सफर से मैं मुक्त हो चला। ये नयी वालीं दादी जी के यहां मुझे अपने घर से भी अधिक स्वादिष्ट भोजन के साथ ही रात्रि शरण लेने के लिये स्थान जो मिल गया। अपने यहां उन्होंने मुझे रख लिया। सो, अगले दिन सुबह मैं बनारस जाने लगा। सच कहूं तो शरण स्थल का यही तो प्रभाव है कि यदि हम स्थान का चयन सही करेंगे, तो वह स्थान आपको ऊर्जावान बनाता रहेगा । आज भी मेरी स्मृति में उस वाराणसी में रहते हुये उस आश्रमसुख की याद बरबस आ गई । जहां पहुंच कर कुछ महीनों के लिए मेरा जीवन ही बदल गया था।  लेकिन इस पथिक को तो लम्बा सफर तय करना है, काफी भटकना है । सो , मन की चंचलता मुझे आश्रम से बाहरी दुनिया में फिर से रिश्तेदारों के दरवाजे तक ले गई। उस आश्रम जीवन की दिव्यता की चर्चा फिर कभी करुंगा। आज रात्रि के 12 बज चुके हैं। अतः सभी को शुभ रात्रि मित्रों।

क्रमशः

Monday, 19 March 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक
आत्मकथा

19/3/18

सोच रहा हूं कि अपने बारे में लेखन कार्य का विचार मन में पहले क्यों नही आया। कुछ लिखता तो चिन्तन शक्ति बढ़ती। पूर्व में जाने अनजाने में की गई गलतियों से सबक लेता।। पर मैं सिर्फ मरा-कटा, हत्या, दुराचार और राजनीति पर बड़ी बड़ी खबरें लिखता रह गया। हां जन समस्याओं को भी बखूबी उठाया हूं। जिस दौरान मित्र कम शत्रु अधिक बना लिया । तभी तो कुछ मित्रों ने ही लंगड़ी मारने के लिये मुकदमे में फंसा दिया है मुझे । क्यों कि सच सुनना किसे पसंद है। और आज की पत्रकारिता चाटूकारिता भरा व्यापार बन कर रह गई है। इस भंवरजाल से सहज ही निकला नहीं जा सकता है।  परंतु मैं तो अपने बारे में सच सच लिख ही सकता था। समाज को आईना दिखलाता रहा , पर अपने अन्तर्मन में नहीं झांका।  और अब जब आत्मकथा लिख रहा हूं, तो की गयी गलतियां एक एक कर मन मस्तिष्क को बोझिल बनाते जा रही हैं। हालांकि लेखनी के माध्यम से उनकी अभिव्यक्ति से मन का बोझ हल्का भी हो रहा है। आत्मबल बढ़ रहा है और वैराग्य भाव की ओर आकर्षण भी। चलों इतना तो अच्छा हुआ ही,  एकाकी जीवन से बाहर निकल मोबाइल के स्क्रीन पर मैं अपने लिये कुछ तो टाइप कर रहा हूं। संग्रह कर रहा हूं। शेयर कर रहा हूं और पोस्ट भी। ओ कहा गया है न कि इक दिन बिक जाएगा माटी के मोल जग में रह जाएंगे प्यारे तेरे बोल... । तो साहब मैं बोल तो नहीं लेखन संग्रह कर रहा हूं।

       अब जो सबक मैं अपने अनुभवों के आधार पर आपसे सांझा करने जा रहा हूं। वह है लक्ष्य के मध्य कोई मोह नहीं होना चाहिए। मोह चाहे वस्तु का हो, व्यक्ति का हो अथवा अपनी पहचान का ही क्यों न हो। सोचे जरा आवश्यकता अनुसार सवारी हम नहीं बदलेंगे तो फिर गणतव्य तक कैसे पहुंचेंगे। मैंने भी यही गलती की । वह यह रही कि एक ही समाचार पत्र का आश्रय लिया रहा। उसे ही अपना रंगमंच समझ बैठा। नहीं, तो उस दौर में मेरे परिश्रम से हर प्रमुख समाचार पत्र के स्थानीय जिला प्रतिनिधि प्रभावित थें। जब यहां वर्ष 1994 में आया तो समय कोई मोबाइल फोन नहीं था, न  ही फैक्स मशीन । बाद में  दैनिक जागरण  प्रतिनिधि के पास फैक्स मशीन आ गयी। बाकी अन्य लोग तारघर अथवा एक धनाढ्य राजनेता/ कालीन निर्यातक के यहां से फैक्स भेजते थें। लैंडलाइन से बिल काफी उठता था। उस दौर में भी मैं समाचार संकलन के क्षेत्र में किसी से पीछे नहीं था। अन्य पत्रकार कहते भी थें कि  साइकिल से तुम कहां कहां कैसे चले जाते हो। समाचार संकलन, उसे  ईमानदारी से निष्पक्ष भाव से लिखना, अखबार लाना और फिर उसका वितरण तभी से आज तक मैं करते ही आ रहा हूं। न अपने न ही अपनों के बारे में हाल खबर रखने का फुर्सत तब मुझे मिला और न ही अब। खैर मेरे इसी श्रम को देख दैनिक जागरण का स्थानीय कार्यालय जब अस्तित्व म़ें आया, तब भी मुझे अवसर दिया गया था, बार बार कहा जा रहा था कि शशि वहां नहीं तुम्हारा भविष्य यहां बड़े समाचार पत्रों में है और फिर  उसके बाद जब अमर उजाला तथा हिंदुस्तान की पहचान बढ़ी , तो बाद में उनके दफ्तर में भी मेरी पूछ थी ही। मैंने कुछ लोगों की नियुक्ति की सिफारिश तक की। वे मुझे चाहते थें और मैं गांडीव नहीं छोड़ना चाहता था। क्यों वह मेरी पहचान ,मेरी कर्मभूमि , मेरा रंगमंच सभी कुछ तब तक बन गया था। उस समय के अपने कार्यालय के सभी वरिष्ठ कनिष्ठ सदस्यों से मेरा लगाव बन गया था। सच पूछे तो वे ही मेरे अभिभावक बन गये थें। सरदार जी, डाक्टर साहब, अत्रि जी इन तीनों वरिष्ठ जनों को मैं अंकल ही कहता था। वहीँ मधुकर जी एवं सत्येंद्र जी मेरे हर समाचार को सुधार कर यह बतलाते रहते थें कि किन शब्दों का प्रयोग कहां पर सटीक रहेगा । तब संस्थापक सम्पादक जी आदरणीय डा०भगवान दास अरोड़ा जी, संपादक राजीव अरोड़ा जी और शशिधर सर का भी आशीर्वाद मिला। तो यहां मीरजापुर में भी गांडीव में खरी- खरी बातें लिखने से मेरी बड़ी पहचान हो गई थी।(शशि)
क्रमशः

आत्मकथा 18 मार्च


जीवन की पाठशाला
**********
18/3/18

      चलों एक कार्य तो इस वर्ष मेरे हित में बहुत अच्छा यह हुआ कि विचलित मन की स्थिति को वैराग्य भाव की ओर बढ़ाने के लिये एक बड़े मोह का बंधन टूटता दिखा। चाहे घर-परिवार अपना हो अथवा मित्र- बंधु और शुभचिंतकों का, उनसे जुड़े होने का भी मोह तो होता ही है, जिससे मैं अब पूर्ण मुक्त हो गया हूँँ। जहाँँ अपना आशियाना था, जहाँँ भोजन करता था और जहाँँ परिवार के सदस्य की तरह होने के कारण एक फैमिली मेंबर की तरह ही तो था, वह स्थान अब अपना नहीं रहा। जब कभी किसी कारण भोजन नहीं किया, समय से घर (यही कहेंगे न)  पर नहीं पहुँँचा, तो स्वाभाविक है कि कहाँँ हैं, इतना तो पूछा ही जाता था। परंतु जहाँँ था, उनके पुत्र की शादी होने को हुई और फिर तब मुझे नये शरणस्थली की चिंता होने लगी। इस समस्या को चंद्रांशु भैया ने दूर कर दिया है। मैं उनके होटल में आ गया। गृहस्थी के ढेरों सामान जिसे वर्षों पूर्व कभी यह सोच कर खरीदा था कि  कभी अपना भी एक छोटा-सा आशियाना होगा ही, अब जब वह दिन आया ही नहीं, तो फिर इनका क्या प्रयोजन था। सो, अधिकाशं सामान हटा दिया और जो शेष बचा है, उससे भी मुक्त होना चाहता हूँँ। जितनी आवश्यकता सीमित होगी, मन का भटकाव उतना ही कम होगा । प्रथम आसान सीढ़ी इसके लिये मेरे विचार से भोजन है। तो मैंने  इस पर भी अंकुश लगा ही लिया हूँँ , यानी कि निश्चय कर  लिया कि दिन में दूध - दलिया और रोटी - सब्जी ही लूँँगा, रात्रि में इसकी जगह कोई हल्का आहार ले लूँँगा । सारे स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों को मैंने लगभग त्याग ही दिया । लेकिन, तब जब मैं मीरजापुर आया तो अनेकों सपने जवां थें...
हाँँ, तो अपनी आत्मकथा में कल बात मीरजापुर में शरणस्थली की तलाश की कर रहा था।
   किन्तु आज की तरह तब  यह नहीं गुनगुनाता था कि मुसाफ़िर हूँँ यारों न घर है न ठिकाना, मुझे बस चलते जाना है...
   जबकि उस समय अपरचित शहर और अपरिचित लोग थें। किससे कहता कि  रात्रि गुजारने के लिये स्थान चाहिए। लॉज-धर्मशाला में पहले कभी ठहरा नहीं था। नियति का जरा खेल देखें की जिस युवक के अनेक धन सम्पन्न रिश्तेदार कई प्रांतों में हो। जिसका प्रथम पाठशाला कोलकाता के सबसे महंगे अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में से एक रहा हो। वह व्यक्ति  मीरजापुर की सड़कों पर पैदल ही " गांडीव- गांडीव " की पुकार लगा रहा था। उसके पास रात्रि में सिर छुपाने के लिये  इस शहर में कोई स्थान नहीं था। यदि बस कभी 12 बजे रात बनारस पहुँँची, तो रात बिन भोजन ही गुजारना पड़ता वहाँँ अपने ही घर पर।
   ऐसे में आशा की किरण बनी यहाँँ मीरजापुर में स्टेशन रोड वाली दादी जी( अब स्वर्गीय)।
 -शशि गुप्ता

क्रमशः



Sunday, 18 March 2018

व्याकुल पथिकःआत्मकथा

जीवन की पाठशाला
**********
18/3/18

      चलों एक कार्य तो इस वर्ष मेरे हित में बहुत अच्छा यह हुआ कि विचलित मन की स्थिति को वैराग्य भाव की ओर बढ़ाने के लिये एक बड़े मोह का बंधन टूटता दिखा। चाहे घर-परिवार अपना हो अथवा मित्र- बंधु और शुभचिंतकों का, उनसे जुड़े होने का भी मोह तो होता ही है, जिससे मैं अब पूर्ण मुक्त हो गया हूँँ। जहाँँ अपना आशियाना था, जहाँँ भोजन करता था और जहाँँ परिवार के सदस्य की तरह होने के कारण एक फैमिली मेंबर की तरह ही तो था, वह स्थान अब अपना नहीं रहा। जब कभी किसी कारण भोजन नहीं किया, समय से घर (यही कहेंगे न)  पर नहीं पहुँँचा, तो स्वाभाविक है कि कहाँँ हैं, इतना तो पूछा ही जाता था। परंतु जहाँँ था, उनके पुत्र की शादी होने को हुई और फिर तब मुझे नये शरणस्थली की चिंता होने लगी। इस समस्या को चंद्रांशु भैया ने दूर कर दिया है। मैं उनके होटल में आ गया। गृहस्थी के ढेरों सामान जिसे वर्षों पूर्व कभी यह सोच कर खरीदा था कि  कभी अपना भी एक छोटा-सा आशियाना होगा ही, अब जब वह दिन आया ही नहीं, तो फिर इनका क्या प्रयोजन था। सो, अधिकाशं सामान हटा दिया और जो शेष बचा है, उससे भी मुक्त होना चाहता हूँँ। जितनी आवश्यकता सीमित होगी, मन का भटकाव उतना ही कम होगा । प्रथम आसान सीढ़ी इसके लिये मेरे विचार से भोजन है। तो मैंने  इस पर भी अंकुश लगा ही लिया हूँँ , यानी कि निश्चय कर  लिया कि दिन में दूध - दलिया और रोटी - सब्जी ही लूँँगा, रात्रि में इसकी जगह कोई हल्का आहार ले लूँँगा । सारे स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों को मैंने लगभग त्याग ही दिया । लेकिन, तब जब मैं मीरजापुर आया तो अनेकों सपने जवां थें...
हाँँ, तो अपनी आत्मकथा में कल बात मीरजापुर में शरणस्थली की तलाश की कर रहा था।
   किन्तु आज की तरह तब  यह नहीं गुनगुनाता था कि मुसाफ़िर हूँँ यारों न घर है न ठिकाना, मुझे बस चलते जाना है...
   जबकि उस समय अपरचित शहर और अपरिचित लोग थें। किससे कहता कि  रात्रि गुजारने के लिये स्थान चाहिए। लॉज-धर्मशाला में पहले कभी ठहरा नहीं था। नियति का जरा खेल देखें की जिस युवक के अनेक धन सम्पन्न रिश्तेदार कई प्रांतों में हो। जिसका प्रथम पाठशाला कोलकाता के सबसे महंगे अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में से एक रहा हो। वह व्यक्ति  मीरजापुर की सड़कों पर पैदल ही " गांडीव- गांडीव " की पुकार लगा रहा था। उसके पास रात्रि में सिर छुपाने के लिये  इस शहर में कोई स्थान नहीं था। यदि बस कभी 12 बजे रात बनारस पहुँँची, तो रात बिन भोजन ही गुजारना पड़ता वहाँँ अपने ही घर पर।
   ऐसे में आशा की किरण बनी यहाँँ मीरजापुर में स्टेशन रोड वाली दादी जी( अब स्वर्गीय)।
 -शशि गुप्ता

क्रमशः