Followers

Friday, 4 May 2018

कर्ता न बनेंं हम

व्याकुल पथिक

      कर्ता न बनें हम

---------------
   एक कुशल मुखिया में भी यदि "कर्ता "होने का दर्प है , तो वह उसकी ही खुशियों को निर्ममतापूर्वक छीन लेता है। परिवार बिखर जाता है , समाज सहम उठता है और अंततः वह स्वयं ही टूट जाता है।
      " मैं ही हूं "  ऐसा अहंकार योग्य शासक को तानाशाह बना देता है। सिकंदर से लेकर नेपोलियन और हिटलर ने शासन सत्ता में उच्च स्थान तक पहुंचने के लिये , कितना कड़ा श्रम किया था,यह हम सभी जानते है। परंतु स्वयं को विश्वविजेता के रुप में देखने के दर्प का मूल्य इनके साथ समाज को भी चुकाना पड़ा।
         इसीलिये  तो जब एक दिन मेरे एक मित्र सार्वजनिक रुप से युवा अवस्था की ओर बढ़ रहे अपने आज्ञाकारी पुत्र को ऊंची स्वर में डांट रहे थें, तो मैंने उन्हें अपने अतीत का स्मरण करवा सावधान किया था कि पुत्र से एकांत में भी हम यही कह सकते हैं। ऐसा करने से आप पिता-पुत्र के सम्बंधों में कड़ुवाहट नहीं आएगी कभी। परंतु यदि आप यह समझ लें कि मैं तो मुखिया हूं। जिसे चाहे जहां, जो चाहे कह दूं,तो आप अपने परिवार की खुशी कम कर रहे हैं !

      वैसे भी यह मेरा नैतिक धर्म बनता है कि स्वयं जिस गड्ढे में  गिरा हूं, दूसरों को अपने समक्ष तो ऐसा ना ही करने दूं। भले ही मेरा परिवार ना हो, परंतु जब किसी महिला को सुबह दरवाजे पर आ कर अपने पति को प्रेम भरी आंखों से दफ्तर जाने के लिये बिदा करते देखता हूं, तो मैं इतना अनुभव कर ही सकता हूं कि दफ्तर के बोझिल वातावरण में पत्नी की वहीं खामोश मुस्कान पति का आत्मविश्वास बन जाता है या फिर पिता के देर शाम घर लौटने पर उसके मासूम बच्चे पापा आ गये , कहते  दौड़े -दौड़े दरवाजे पर आकर उसकी मोटर साइकिल को पीछे से सहारा देते हूं , घर के अंदर करने का असफल प्रयत्न करते हैं , तब इन बच्चों का यही भोलापन भरा कार्य निश्चित ही उस व्यक्ति की थकान हर लेता होगा । लेकिन, यदि मुखिया में कर्ता होने का अहम आ जाये, तो फिर क्या होगा। तब ये सभी उससे सहमे रहेंगे और समीप आने से बचेंगे।
       मेरे छोटे से खुशहाल परिवार पर इसी " मैं ही हूं " ने तो ग्रहण लगा दिया था। हम सभी बिखर और बिछुड़ गये इसी के कारण। जब पढ़ता था, तो मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इस तरह से रात्रि  के 11 बजे तक एक बधुआ मजदूर की तरह अखबार बांटना होगा। अब तो धूल, मिट्टी और धुएं में गंगा पुल पर घंटे भर यूं खड़े रहने के कारण पांव की स्थिति कुछ ऐसी हो गई है कि जूता तक नहीं पहन पाता, जिस कारण चप्पल पहन ही काम करना पड़ रहा है। ऐसे मैं वहां खड़े खड़े जब कभी खुले आसमान को निहारते हुये अपनी भी मुक्ति का कामना करता हूं, जब कभी अतीत की याद आती है, तो काफी पीड़ा होती है ,अपने परिवार के बिखरने का। हम सभी की कठिन तपस्या जो कुछ और वर्षों यदि मिला होता, तो पूरा हो भी जाती । उसे इसी " मैं ही हूं " ने कुछ इस तरह से भंग कर दिया कि इसका पहला शिकार मुझे ही बनना पड़ा। फिर बारी आई उस विद्यालय की , जिसे मेरे माता-पिता बड़े ही परिश्रम से खड़ा किया था। मेर छोटी बहन के नाम पर जो ममता शिशु मंदिर गुलजार था , वह भी विरान हो गया। स्व० पिता जी का स्वपन था कि बगल वाला मकान भी खरीद कर विद्यालय का विस्तार करेंगे। हम दोनों भाइयों का विवाह होगा। जो शिक्षित पुत्रवधूएं आएंगी सभी मिल कर ,इस स्कूल को बड़ा पहचान देंगे। परंतु कर्म करने की जगह कर्ता होने का जाने अनजाने में आया "मैं ही हूं का " इस  अहंकार रुपी दानव ने सबकुछ निगल लिया...
    योगेश्वर कृष्ण ने इसीलिए महाभारत के युद्ध में अर्जुन से यह तो कहा कि वे ही कर्ता हैं , परंतु भूमिका उन्होंने सारथी की निभाई थी !

(शशि) 5/5/18

Thursday, 3 May 2018

बुद्ध की खोज

व्याकुल पथिक

      बुद्ध की खोज !
--------------------------

      बुद्ध पूर्णिमा पर इस बार न जाने क्यों मन की व्याकुल कुछ अधिक ही बढ़ गयी थी। स्वयं से बार बार एक ही सवाल कर रहा था कि कब मुक्त होंगे तुम उस मोह से, जो तुम्हें एक रंगमंच पर कैद किये हुये है। हालांकि यहां भी जो अपने कार्य के प्रति  मेरा प्रेम और समर्पण है, वह मेरे विचार से उत्तम ही है। परंतु यह राह मुझे उस गणतव्य तक कभी नहीं पहुंचा पाएगी, जहां मैं जाना चाहता हूं। सच कहूं तो, मैं बुद्ध को पढ़ना नहीं, बल्कि स्वयं में देखना चाहता हूं ।

         महादेव की समाधि मुद्रा, बुद्ध की ध्यान मुद्रा और कबीर की वाणी इन तीनों ने ही मेरे मन को सदैव आह्लादित एवं आनंदित  किया है।  मैं इनके करीब रहना चाहता हूं। परंतु इनके जैसा हो नहीं पाता। फिर भी प्रयत्न कर रहा हूं। दरअसल होता यह कि जब- तक मन चैतन्य होता है , तब-तक तन की चदरिया मैली ही नहीं पुरानी भी पड़ चुकी होती है। ऐसे में इस पुरानी चादर की अधिक धुलाई करने का प्रयास करेंगे, तो दाग छुटने के स्थान पर चारद के फटने का खतरा अधिक रहता है। सो, मध्य का मार्ग ही हम अपना सकते हैं।

          कभी-कभी सोचता हूं कि सीमित लोगों से अत्यधिक प्रेम करने की अपेक्षा असीमित लोगों में उसे बांटा होता, तो वियोग का वह दर्द होता ही क्यों।  सिद्धार्थ गौतम ने भी तो यही किया था न ! राजमहल, सुंदर पत्नी और नवजात पुत्र के प्रेम से बाहर निकल अपने प्रेम को  सर्वसमाज के लिये समर्पित कर दिया था। इसी समर्पण से एक साधारण सा राजकुमार प्रेम एवं करुणा का प्रतिबिंब बन गया, वह बुद्ध हो गया। विचित्र विडंबना है कि तमाम उपदेशक ज्ञान बांट रहे हैं, मुक्ति का मार्ग बतला रहे हैं, कर्म पथ को परिभाषित कर रहे हैं। कोई इनसे यह पूछे कि  स्वयं भी कभी इन राहों पर चलने का प्रयत्न किया है क्या। सिद्धार्थ ने बुद्ध बन कर तभी उपदेश दिया था, जब उन्हें उस ज्ञान की अनुभूति हो गई थी, जिसकी खोज में वे अपना सारा सांसारिक वैभव त्याग कर निकले थें।
     तभी तो बुद्ध आज भी शुद्ध है... और ये हजारों उपदेशक समाज में कोई भी परिवर्तन लाने में इसीलिए नाकाम हैं, क्यों कि वे चुराया हुआ ज्ञान बांट रहे हैं ! पुस्तकीय ज्ञान के कथावाचन से हम सच्चा उपदेश नहीं बन सकते हैं और न ही औरों को राह ही दिखला पाएंगे। यदि ऐसा सम्भव होता तो, तथागत ने यह नहीं कहा होता -
   " अप्प दीपो भव " ।

    वे भी मोक्षदाता बन जातें, परन्तु यह कार्य उन्होंने हम पर छोड़ दिया है। पर हम मठों में बुद्ध को खोजने लगें, पुस्तकों में उन्हें ढूंढने लगें , इसीलिए एक और बुद्ध फिर नहीं खोज सकें अब तक !

 (शशि) 3/5/18

Wednesday, 2 May 2018

श्रमिक धर्म

व्याकुल पथिक

               श्रमिक धर्म !

     ताकत और पैसे से यदि स्थाई पहचान खरीदी जा सकती , तो हम जैसे लोगों को कौन पूछता। यदि हम अपने कार्य के प्रति समर्पित हैं, तब कहीं भी अपनी पहचान बना सकते हैं, एक मजदूर के रुप में भी। यह तो सभी जानते है न मित्रों कि किसी किसी पान और चाय वाले की भी बड़ी पहचान हो जाती है। क्यों कि ग्राहकों को पता रहता है कि वहां बढ़िया सामान मिलेगा... हमारे जैसे लोग भी इस समाज के दर्पण बन सकते हैं । हो सकता है कि नयी पीढ़ी हमसे भी प्रेरणा ले। स्वयं को श्रमिक पत्रकार कह कर यदि मैंने अपने जैसे तमाम मजदूरों के हक अधिकार की आवाज उठाई है, तो इससे पहले अपने भी अंदर खूब झांक ताक किया हूं। तभी पूरे आत्मविश्वास के साथ ललकार कर कहता हूं कि हां, हूं मैं एक सच्चा श्रमिक । अन्यथा यूं ही मजदूर दिवस पर इंकलाब जिंदाबाद का यह उद्घोष न किया होता । हमारी मांग है कि हमें हमारे काम का उचित पारिश्रमिक मिले। हम यह तो नहीं कह रहे हैं न कि हमें  मोटर - बंगला मिले। परंतु परिवार चलाने भर का पैसा तो मिलना चाहिए ना । यह सवाल आप पूछ सकते हैं कि मेरा श्रमिक धर्म क्या है ? साथियों वह यह है कि अखबार वितरण को लेकर पाठकों को अपनी तरफ से कोई कष्ट ना दूं। वे अखबार लेते हैं और समय से बिल का भुगतान करते हैं। सो, यह मेरी जिम्मेदारी है कि परिस्थिति चाहे कैसी रहे, फिर भी समाचार पत्र उन तक पहुंच जाए। अब इसमें समर्पण क्या है, वह यह है कि भले ही जाम लगा हो और पेपर रात्रि आठ बजे की जगह  10 बजे भी आये, तब भी  मैं धैर्य रखते हुये बस के इंतजार में शास्त्री सेतु पर खड़ा रहूं। फिर जहां तक सम्भव हो सके साइकिल दौड़ाते हुये उसे ग्राहकों तक पहुंचा दूं। लेकिन, भाई मेरे यदि ग्राहकों का स्नेह भी हमें चाहिए, तो थोड़ा श्रम और करना होगा,  वह यह कि समाचार पत्र को साइकिल से फेंक कर देने कि जगह उसे पाठकों के हाथ में थमाना होगा या निश्चित स्थान पर उसे  रखना होगा। कभी कभी तो ऐसा होता है कि ग्राहक हमारे सम्मान में स्वयं हाथ आगे बढ़ा कर पेपर ले लेते हैं। इसी आत्मीय संबंध का परिणाम है कि  पेपर रात्रि 11 बजे भी देता हूं, तो भी ग्राहक लेने से इंकार नहीं करतें । क्या आप श्रमिक भी ऐसा ही कर रहे हैं , अपने अपने कार्यों के प्रति ! या फिर बस पैसे से मतलब है और कर लिया टाइम पास ! तो मित्रों बिना समर्पण भरे परिश्रम के हम सफल हो ही नहीं सकते हैं।  मैं बताऊं कि जब अखबार मेरे हाथ में रहता है, तो किसी मित्र की पुकार पर थोड़ा रुक कर चाय पीना तो दूर पैंट के जेब से मोबाइल फोन तक बाहर नहीं निकालता हूं। चाहे तो कोई भी फोन कर अजमा लें, जाहिर है कि  ग्राहक देवता की सेवा तब मेरा प्रथम कर्तव्य है। सो, ऐसे समय फोन करने वाले से मैं बेझिझक कह देता हूं -
  राम काज कीन्हे बिनु मोहि कहां विश्राम...
 काम के प्रति यही समर्पण मुझे ग्राहकों का प्रिय बनाये हुये हैं, वे अखबार का नहीं शशि का मान रखते हैं।

(शशि)2/5/18

Tuesday, 1 May 2018

मजदूर हो पर मजबूर ना बनों...

व्याकुल पथिक
 

   मजदूर हो पर मजबूर ना बनों...

     आज अन्तर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस है। हक अधिकार की जंग में श्रमिकों के विजय का दिन। मजदूरों की रहनुमाई करने वाले राजनैतिक और गैर राजनैतिक संगठन दोनों ही एक मई  के दिन तरह तरह के कार्यकर्मों के माध्यम इनके हित की बातें उठातें हैं।  मैं भी तो एक श्रमिक पत्रकार ही हूं और अपनी इस पहचान पर मुझे गर्व है। यहां न कोई बेईमानी है, न ही घोटालेबाजी। मजदूर हूं जरूर, पर मजबूर नहीं बनना चाहता हूं । हमारी  आवाज भले ही कोई ना उठाएं, पर हम यूं  क्यों हार जाएं । एक श्रमिक पत्रकार के रुप में सुबह से देर दोपहर सवा तींन बजे तक समाचार संकलन और फिर उसे मोबाइल फोन पर टाइप करना होता है। पोस्टमार्टम, कचहरी, पुलिस आफिस, सदर अस्पताल कहां कहां नहीं दौड़ना होता है। और फिर शाम ढलते ही अखबार लाने और देर रात 11 बजे तक उसके वितरण का कार्य भी करता हें। आप समझ सकते हैं कि आठ घंटे कि जगह 18 घंटे की डबल ड्यूटी करता हूं।  फिर भी पारिश्रमिक कितना पाता हूं ? जब युवा था तो इसी मीरजापुर में ही स्वजातीय जनों ने विवाह की बात उठाई थी। पर जेब में कहां इतना पैसा था।  40 रुपये ही रोज की मजदूरी पाता था।सो, क्या हुआ कि दिल की अरमा आंसुओं में बह गई ...

         एक हमसफर न सही फिर भी आज मुझे चाहने वाले अनेक हैं। इस मजदूर ने अपने रंगमंच पर अपनी पहचान तो बनाई है।
             श्रमिक दिवस क्यों मनाया जाता है, इस पर भी भाषणबाजी आज  खूब होती है। परंतु सवाल बड़ा यह है कि तमाम ऐसे संगठनों ने दशकों के लम्बे संघर्ष के बाद हम कामगार लोगों के लिये क्या किया है, अपने देश में !  हम जैसे तमाम क्षेत्रों के श्रमिकों की निगाहें कब से उस रहनुमा को ढूंढने में लगी है, जो  इस मजदूर वर्ग को मान सम्मान और स्वाभिमान  के साथ रोटी का अधिकार दिलाएगा। दो जून की रोटी, स्वास्थ्य और बच्चों की शिक्षा यह तो मौलिक अधिकार है न भाई। रोटी, कपड़ा और मकान यह पुरानी मांग है हरेक इंसान की। हम जिस देश में रहते है, उसके झंडे के समक्ष सिर झुकाते हैं, उसके आन-बान-शान की रक्षा का संकल्प लेते हैं।  तो बदले में यह भी तो चाहते हैं कि हमारी सरकार कम से कम हमारे लिये रोजगार और  न्यूनतम वेतन की व्यवस्था करवा ही दे कि काम से लौटने के बाद घर का चूल्हा जलता हुआ दिखें। पत्नी का चेहर मुरझाया हुआ न हो और बच्चे अपने स्कूल का होमवर्क कर रहे हों। एक मजदूर कभी राजा बनने के लिये तो इंकलाब जिंदाबाद नहीं बोलता है। वह बस काम का अधिकार और उसका मूल्य चाहता है। क्या सरकार इतना भी नहीं देना चाहती है, तो फिर वोट क्यों मांगती है। क्यों कि कोई भी राजनैतिक दल हो वह मजदूर तबके के वोटों से ही सत्ता में आती है। दरअसल  यह " मजदूर "  शब्द जिसका संबोधन हेय दृष्टि से  जेंटलमैन करते हैं, उसका दायरा मेरे नजरिये से बहुत बड़ा है।  सिर्फ बेलदारी करने वाले ही मजदूर नहीं होते हैं। मैं अखबार बांट रहा हूं, रात्रि 11 बजे तक शहर की सड़कों और गलियों में  घूम घूम कर तो श्रमिक नहीं तो और क्या हूं। प्राइवेट प्रतिष्ठान में सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक सिर्फ पांच हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर अपनी और अपने परिवार की सारी इच्छाओं को दबा कर ड्यूटी करने वाला शख्स, जो अपने मालिक की हर आज्ञा का पालन करता है। उसकी दुकान से लेकर घर गृहस्थी का सारा सामान लाता है, पानी पिलाता है, उसकी गाड़ी साफ करता है, मेम साहब की खिदमत करता है। उनके बच्चों की फरमाइश पूरी करता है। क्या ऐसा नौकर मजदूर नहीं है। आबादी का तीन चौथाई हिस्सा ऐसे ही लोगों का है। जिन्हें हम मजदूरों की श्रेणी में रख सकते हैं।  परंतु इन्हें न्यूनतम वेतन मिले, जिससे इनके परिवार का खर्च चल जाए । किसी भी सरकार ने इसपर कभी कोई सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस महंगाई में जिसका अपना कोई आशियाना नहीं है, उसे.गृहस्थी की गाड़ी खिंचने के लिये कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह चाहिए ही।  सो, यह सरकार की जिम्मेदारी है कि बेरोजगारों से किस तरह से  काम ले और उसे वेतन दें। अब तो उच्च शिक्षा की डिग्री  रखने वाले श्रमिक युवकों की तादाद भी बढ़ने लगी है। ऐसे युवक जिन्हें सरकारी नौकरी नहीं मिली है , वे रोजी रोटी की तलाश में हर तरह की मजबूरी करने को तैयार हैं, लेकिन उचित मेहनताना तो उसे मिले। यदि सरकार सबका साथ , सबका विकास चाहती है, तो उसे एक और नारा देना होगा , वह है सबको काम, सबकों रोजगार....।

(शशि) 1/5/18

Monday, 30 April 2018

व्याकुल पथिक

ये कहांँ आ गये हम...

व्याकुल पथिक
************
ये कहाँँ आ गये हम...

  यह कैसी पत्रकारिता होती जा रही है, न कोई मिशन ना ही कोई सम्मान ही अब शेष बचा है। जिले की पत्रकारिता में स्वयं को तोप समझने वाले ऐसे उन कुछ मित्रों पर मुझे खासा तरस आ रहा है, जिनके सामने ही अफसरों की जूठी तश्तरी पड़ी हुई थी और हममें से अनेक उनका दिया दोना चाटते रहें ! कहीं आप को यह तो नहीं लग रहा है न कि मैं अपनी पत्रकार बिरादरी का उपहास कर रहा हूँँ। हम पत्रकार तो बड़े ही ज्ञानी, ध्यानी और स्वाभिमानी होते हैं ! फिर ऐसी अपमानजनक स्थिति कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं।
    परंतु भाई साहब , क्या करूंँ यह कलम है कि मानती ही नहीं। अपनों पर भी चल ही जाती है। हाँँ , फिर कोई डंक न मार बैठै,  इसलिये अखबार की जगह अपने ब्लॉग पर लिख रहा हूँँ। स्वयं को वरिष्ठ कह 56 इंच का सीना दिखलाने वाले  पत्रकारों को उनका ही दिया आईना दिखलाने की धृष्टता कर रहा हूँँ। आगे -आगे जब लपक के कुर्सी ताने बैठे थें, तो अपनी बिरादरी की नाक का तनिक ख्याल कर लिया होता भैया जी...।
  या तो अफसरों की उन जूठी थालियों को हटवा दिया होता अपने सामने से या फिर उनका दिया दोना न चाटा होता।   बात यहाँ सूबे के एक बड़े नौकरशाह की पत्रकारवार्ता की कर रहा हूँँ। जहाँ मातहत अफसरों संग मीटिंग के तत्काल बाद पत्रकार वार्ता शुरू हो गयी थी ।
   पर इस दौरान हर पत्रकार की कुर्सी के सामने मेज पर एक जूठा प्लेट रखा पड़ा था  साथ ही छाछ और पानी के डिब्बे- बोतल भी, तरह-तरह के तरमाल को समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों की जमात ने गटका था । उन्हीं की जूठन पत्रकारों के सामने मेज पर पड़ी थी। कुछ देर बाद पत्रकारों के लिये भी सिल्वर कलर के बंद छोटे से दोने में कुछ जलपान सामग्री आ गई। लेकिन, जूठा प्लेट किसी ने नहीं हटाया। मैंने ढ़ाई दशक की अपनी पत्रकारिता में किसी भी ऐसे महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान इसतरह का उपहास मीडियाकर्मियों संग होते पहले कभी नहीं देखा था।  खैर , शुक्र है कि पत्रकारों की इस भीड़ से मैं अलग हूँँ। मेरा मानना है कि भोजन हो या जलपान किसी ऐसे स्थान पर नहीं ग्रहण करना चाहिए, जहाँँ दोयम दर्जे का व्यवहार हो। स्व० रामचंद्र तिवारी जी , जिनसे पत्रकारिता का नैतिक ज्ञान मुझे प्राप्त हुआ है, वे इसीलिये अफसरों के कार्यक्रम में जलपान से परहेज करते थें। अच्छा हुआ कि देर से ही सही मुझे भी यह सबक अब भलीभांति याद है। सो, हम पत्रकारों का यह हाल-खबर आपको बतला रहा हूँँ।
  मैं पत्रकारिता में आया भले ही रोटी की तलाश में था। परंतु प्रयास मेरा यही था कि बड़ों ने जो राह दिखलाई है। उसी कर्मपथ पर बढ़ता रहूँँ। अब अपने कर्मक्षेत्र की स्थिति जो हैं, वह हमारे जैसे पत्रकारों को इस अखबारी दुनिया से अलविदा कहने को कह रहा है।
   मित्रों, मैं स्वयं भी इस घुटन से मुक्त होना चाहता हूँँ। सोशल मीडिया हमें पुकार रहा है। आजाद पँछी की तरह उसके विशाल नेटवर्क रुपी खूले आसमान में मैं विचरण करना चाहता हूँँ।जहांँ न उम्र की सीमा है , न काम का कोई बंधन है।

शशि 30/4/ 18
क्रमशः

Saturday, 28 April 2018

आत्मकथा

व्याकुल पथिक
आत्मकथा

               एक थें बाबा, एक थी मां !

    गर्मी के बावजूद अधिक श्रम और अखबार से जुड़े ढेरों कार्य के मध्य जबर्दस्त संघर्ष जारी है, इन दिनों मेरे जीवन में। यदि आज  " बाबूवार " न होता तो,सुबह उठ कर समाचार लेखन शायद ही कर पाता, क्यों कल रात ही पेपर बांटते समय पांव कदम बढ़ाने से इंकार कर रहे थें। मेरी हालत देख संकटमोचन मंदिर के पास न्यू मेन्स ट्रेलर के स्वामी जफर भाई ने टोका भी कि शशि भाई ठंडा पानी पिलाऊं क्या ..परंतु मित्रों जीवन के इस सफर में विश्राम इतनी आसानी से मिलती कहां है। सो, मैंने बनावटी मुस्कान के साथ शुक्रिया कहा और आगे अस्पताल रोड की ओर बढ़ चला। होमवर्क अधूरा छोड़ने की  जो मुझे आदत नहीं है।  तेज बुखार में भी शाल लपेट पेपर औराई लेने जाया करता था। हां, तब अखबार बांटने वाले चार व्यक्ति थें, हम सब। अब मैं अकेला ही बचा। संस्थान की स्थिति पहले जैसी नहीं रही । जब पेपर रात्रि नौ -दस बजे आएंगा, तो बांटने वाला कौन मिलेगा। और अब तो पेपर का मूल्य भी इतना महंगा कर दिया गया है कि मैं सिर्फ खरीद दाम में ही इसे अपने ग्राहकों को दे रहा हूं। ऐसा भी श्रमिक आपने कभी देखा है क्या कि जो सायं साढ़े 6 बजे से ही शास्त्रीपुल पर साइकिल दौड़ाते चला जाता है और रात्रि 11 बजे जब पेपर बांट कर मुसाफिरखाने पर लौटता है,  तो इस थका देने वाले परिश्रम की कुछ भी मजदूरी उसे नहीं मिलती हो...

अब मैं जिस स्थिति में हूं वहां पैसे की मुझे बिल्कुल भी चाहत नहीं है। इसलिये तो मित्र कहते भी है कि छोड़ क्यों नहीं देते यह काम ...बिल्कुल गांडीव के लिये पागल हो गये हो क्या ? जो रात्रि में सड़क के आवारा कुत्तों से दोस्ती कर ली है...

   अब क्या जवाब दूं ऐसे शुभचिंतकों को , यह कहूं कि विगत तीन दशक से मैं सचमुच बिल्कुल इन्हीं छुट्टा पशुओं की तरह ही तो हूं। क्या पहचान है मेरी  घर , परिवार और समाज में !  यही न कि एक पत्रकार हूं, ऐसा रिपोर्टर जिसकी कलम को पैसे और ताकत से कोई भी नहीं खरीद सकता...
फिलहाल तो  " बाबूबार " यह प्यारा सा शब्द , मुझे अपने बचपन की सुखद स्मृतियों में ले जारा है। शरीर के सारे थकान भूल कर मेरा मन कोलकाता के उस अति व्यस्त बड़ा बाजार इलाके  मे जा पहुंचा है। जहां एक मकान की चौथी मंजिल पर मेरा ननिहाल था। जीवन के सबसे सुखद दिन मैंने यही बिताए हैं। मेरे नाना जिन्हें हम सभी बाबा कहते थें, वे आज के दिन शाम होते ही पुकार लगाने लगते थें कि प्यारे( मेरे लिये सम्बोधन)  कहां हो,  बाबूबार है ,लूडो होगा क्या ?  बाबा की आवाज सुनते ही मैं चहक उठता था। अलमारी से झट लूडो निकालता था और सीढ़ियों से लगभग दौड़ लगाते हुये नीचे दूसरी मंजिल की ओर भाग पड़ता था। मां (नानी) हिदायत देती रह जाती थीं कि सम्हल कर जाओ, नहीं तो गिर जाओगे। उस जमाने का महंगा से महंगा लूडो वे मुझे दिलवाया करते थें। बताते चलूं कि बंगाली लोग रविवार को बाबूबार ही कहते हैं। मैं गर्भ के साथ कह सकता हूं कि ऐसे नाना-नानी जिन्हें मैं मां-बाबा कहता था, हर किसी को नहीं  मिलतें। नानी मां तो मेरे आंखों के सामने ही तब गुजरीं , जब मैं  12 वर्ष का रहा हूंगा। लेकिन, बाबा जिन्होंने मेरी हर इच्छा पूरी की , मैं उनका अंतिम दर्शन भी नहीं कर सका। बाबा जो मुझे खुश रखने के लिये एक- दो नहीं, बल्कि एक टोकरी भर खिलौने दिलवाया करते थें। जगरनाथ जी रथ पूजा पर्व पर मेरे लिये नया रथ , टोकरियों में भर कर तरह तरह के पुष्प, बिजली के झालर सभी कुछ वे मंगाते थें और सरस्वती पूजा पर भी यही होता था। मैं कमरे के बाहर आंगन में स्वयं ही सारी सजावट उस 12 वर्ष की अवस्था में भी किया करता था और बाबा सहयोग करते थें, नीचे कारखाने से आने के बाद। नानी मां सांस की बीमारी से पीड़ित थीं, पैर भी एक खराब हो गया था उनका। अतः वे बिस्तरे पर बैठे-बैठे ही हम दादू-नाती के खिलवाड़ को देखा करती थीं। हां , रात होने पर डांट जरुर पड़ती थी कि मुनिया ( बड़ा प्यारा सम्बोधन था मेरे लिये ) सोना नहीं है, सुबह स्कूल कब जाएगा। प्रातः जैसे ही ट्राजिस्टर पर विविध भारती रेडियो स्टेशन वंदेमातरम... गीत गाने को होता था, मुझे उठा कर आंगन के बाहर ऊपर वाली सीढ़ियों पर बैठा देती थी मां। ताकि अपना पाठ ठीक से याद कर सकूं। बाबा देर से उठते थें। मैं उन्हीं के बगल में सोया करता था। ....

(शशि) 29/4/18

क्रमशः

Friday, 27 April 2018

आनंद की खोज

व्याकुल पथिक

    बचपन में गुरुजनों को कहते सुना था कि हमारा जीवन जितना ही सरल होगा, उतना ही सहज होगा। जिससे हमें अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने में आसानी होगी। इसकी अनुभूति भी मुझे यहां पत्रकारिता के दौरान ही हुई है। अब मैं जब रात साढ़े 10- 11 बजे अखबार बांट कर मुसाफिरखाने पर लौटता हूं ,तो रात्रि भोजन में रोटी की व्यवस्था नहीं रहती, तो भी कोई गम नहीं। पाउडर वाला गाय का दूध को गरम पानी में घोलता हूं और  दो -तीन मुट्ठी कॉर्न फ्लेक्स साथ में चीनी डाला बस हो गया मेरा भोजन तैयार। इसी दौरान मोबाइल पर ही पुराने फिल्म अथवा गाना देखने सुनने का भी लुफ्त उठा ही लेता हूं। देर क्यों हुई, समय से आया करो, यह सब बंदिशें लगाने वाला अपना पराया कोई नहीं रहा अब। समाज में रह कर भी उसके बंधन से मुक्त हूं। इस अवस्था में और क्या चाहिए इस मुसाफिर को... हां ,कभी कभी अतीत  में जब डूबने लगता हूं, तब व्याकुलता निश्चित ही बढ़ने लगती है। लेकिन, अगले दिन  सुबह सवा पांच बजे जब मोबाइल फोन के अलार्म के शोर के साथ ही सब कुछ फिर से सामान्य हो जाता है। रात्रि पांच घंटे की निंद्रा में थके शरीर को कुछ तो उर्जा मिल जाती है और फिर से अपने काम में व्यस्त हो जाता हूं। राही इन होटल में जब कभी कमरा नंबर 33 में रात्रि गुजारने का अवसर मिलता है। जानते हैं सुबह होने पर मैं किससे सबक लेता हूं , खुशहाल जीवन का...तो मित्रों वे हैं होटल के सामने सड़क किनारे बैठीं रद्दी सामग्री बटोरने वाली औरतें और लड़कियां ... आश्चर्य न करें आप सचमुच इन हंसती खिलखिलाती युवतियों को देख मुझे काफी उर्जा मिलती है। जिसकी अनुभूति  किसी उपदेशक के सानिध्य में बैठ कर भी शायद ही कर पाता। दरअसल, ये जो महिलाएं और लड़कियां हैं न , भोर में नगर की सड़कों पर निकल पड़ती हैं। जो हमारे आपके द्वारा फेंके गये निरर्थक सामानों को अपनी झोली में भरती हैं और सुबह के सात बजते बजते यहां आ जुटती हैं, ये सब। फिर किस तरह से वे सामूहिक रुप से चाय-बिस्किट  खाते हुये कितने प्रफुल्लित मन से आपस में वार्तालाप करती रहती हैं,कभी आपने गौर फरमाया है ... इन्हें कभी आपस में यह कहते नहीं सून पाइएगा कि आज बोहनी खराब हो गई या फिर उनके बोरे का वजन हल्का रह गया। किसी भी तरह की चिन्ता का भाव इनके चेहरे पर मैंने तो नहीं देखा ! एक दिन की बात बताता हूं । लालडिग्गी स्थिति संदीप गुप्ता जी की दुकान पर बैठा था। संदीप भैया व्यापारी होकर भी सच्चे समाजसेवी हैं। जो बहुतों की मदद करते रहते हैं , परंतु श्रेय लेने के लिये किसी आयोजन में मंच पर आगे नहीं आते । उस दिन दुकान पर साइकिल से एक युवा ग्रामीण दम्पति आया। जिसने एक लकड़ी का दरवाजा खरीदा। पति पत्नी दोनों ने उस दरवाजे को साइकिल की सीट पर रखा। पति ने हैंडिल सम्हाली और पत्नी ने पीछे से दरवाजे को सहारा दिया । हम दोनों ही समझ गये कि वे काफी गरीब हैं, इसके बावजूद उसी साइकिल के दो पहिये कि तरह वह युवा जोड़ी खुशी खुशी हर संघर्ष का मुकाबला मिल कर करने के लिये कमर कसे हुये था। सो, यह देख गंभीर स्वभाव के संदीप भैया ने भी उस युगल ग्राहक के संघर्ष को सलाम  किया और मुझसे कहा कि ऐसा दुर्लभ दृश्य आपने शायद ही देखा हो। ट्राली करने का पैसा नहीं, तो क्या हुआ, पति को पत्नी का साथ जो है...ऐसी सुखद अनुभूति , ऐसा आनंद मठ और महल में बैठने से नहीं प्राप्त होगा मित्रों ! अभी तो संत कबीर को कहना पड़ा है -मोको कहां ढूंढे रे बंदे , मैं तो तेरे पास में...
शशि
28/4/14
क्रमशः

Thursday, 26 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक

    हम सभी ने अपना एक कर्मपथ चयन कर रखा है। जिसे मैं रंगमंच कहता हूं। इस पर हमारा अभिनय जितना उम्दा रहेगा,वहीं हमारी निशानी बचेगी। अन्यथा तो एक दिन मिट जाएंगे माटी के मोल...  मैंने पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया, सलीम भाई ने दबे कुचले वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लिये संघर्ष किया। अरुण दादा ने छात्र जीवन में रिक्शा- एक्का वालों और मजदूरों की लड़ाई लड़ी, शिवशंकर यादव ने समाजवादी झंडे की पहचान के लिये इस जनपद में बोल मुलाकात हल्ला बोल का शंखनाद किया, अफसरों में डा0 विश्राम की अलग पहचान है । और भी तमाम लोग हैं, जिनकी अलग पहचान रही है यहां । पर सवाल इस पहचान को बनाये रखने का है, जिसके लिये हमने वर्षों संघर्ष किया है। क्योंकि ऐसी स्थिति में हमारे कर्मपथ पर कदम कदम पर प्रलोभन है। परंतु हमारा दायित्व है कि समाज हित में जो संकल्प हम सभी ने कर्मपथ पर पहला कदम बढ़ाते समय बिल्कुल ही निर्मल मन से लिया था, उसकी पवित्रता  तब भी बनी रहे , जब हमारे पास अपनी पहचान हो और जिसकी बोली लगाने वाले तैयार हों। मैं जब वर्ष 1994 में यहां आया। राजनेताओं में सबसे अधिक प्रभावित अरुण कुमार दूबे दादा से हुआ। तब मैं युवा था और मुद्दों पर संघर्ष करने वाला कोई भी  मध्यमवर्ग  का नौजवान उस शख्स से प्रभावित क्यों न हो ,जो अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के हक अधिकार की बात करता हो ! उसी दौर में कामरेड सलीम भाई का उत्साह भी चरम पर रहा। पर इन दोनों नेताओं में अब एक बड़ा फासला है। दादा ने अपनी खाटी समाजवादी पहचान को कायम नहीं रखा। उन्होंने अगले नगरपालिका चुनाव में समाजवादी पार्टी का दामन थाम यहां तक तो कुछ ठीक था, लेकिन  विचारधारा के बिल्कुल विपरीत जाकर एक भव्य होटल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेशपति त्रिपाठी को समर्थन देकर तमाम समाजवादियों को चौका दिया। हालांकि उनके ही करीबी दादा के इस फैसले को उनकी पहचान के अनुकूल नहीं मान रहे थें। एक ने तो मुझसे भी कहा कि दादा से आप कुछ कहें। दरअसल शुरू से ही मैं बिना किसी संकोच अपनों से अपनी राय व्यक्त करने में परहेज नहीं करता था। खैर, दादा को अपनी गलती का एहसास हुआ। परंतु समाजवादी पार्टी में पुनः वापसी पर वह पहचान वापस तो नहीं आ सकी न... फिर भी दादा आज के राजनेताओं से बेहतर हैं। सलीम भाई पर कहने के लिये मेरे पास बहुत कुछ है। क्यों कि उन्होंने भी मेरी तरह अपनी पहचान नहीं बदली है। हां, अवस्था के लिहाज से हम दोनों की ही संघर्ष क्षमता में कुछ कमी आ गयी है, एक तकलीफ का विषय यह भी है कि अपने जैसे तेज तर्रार और अपने क्षेत्र की जानकारी रखने वाले किसी युवा को न तो वे इस मीरजापुर में आगे ला सकें और न ही मैं पत्रकारिता में...
  कारण इस अर्थयुग में हर कोई अपने श्रम का मोल चाहता है। थोड़ी भी पहचान बनी नहीं कि बिक गया। हानि-लाभ के पचड़े में गुमराह हो जा रही है , हमारी यह नयी पीढ़ी। अतः उन्हें राह दिखलाने के लिये किसी को तो दीपक बनना ही होगा। खतरा मोल लेना होगा, अपने हितों की अनदेखी करनी ही होगी। यह सोच कर यदि सलीम भाई हताश हो जाए कि चुनाव में उस वर्ग ने उनका साथ नहीं दिया, जिसके लिये उन्होंने लम्बा संघर्ष किया, तो आज उनके उस मिशन का क्या होता। उनका वहीं पहचान कैसे कायम रहता इन बहुरुपियों के मध्य...
(शशि) 26/4/18

क्रमशः

Wednesday, 25 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक

     यदि हम निजी लाभ, संबंध बिगड़ने के भय अथवा दबाव में जनहित से जुड़ी समस्याओं को लिखना बंद कर देंगे , तो फिर पत्रकार तो दूर एक रिपोर्टर कहलाने की पात्रता भी नहीं रखते हैं हम । जबकि समस्यात्मक समाचारों से संस्थान को भी कोई आपत्ति नहीं होती है। हां, संस्थान से मधुर संबंध रखने वाले किसी खास व्यक्ति  के हितों के विरूद्ध हम पत्र प्रतिनिधियों की  कलम कभी चल गयी हो, तो बात दूसरी है। दूसरे के अखबार में आप नौकरी करेंगे, तो इतना तो सहना ही होगा।  जैसा कि मैंने पहले बताया भी था कि मेरे साथ सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है, फिर भी आपत्ति तो नहीं ही हमारे प्रेस के मालिकान ने जताई थी। समाजसेवा के क्षेत्र में बस उनके द्वारा किये गये एक उपकार की बात बताई गई थी, जिन माननीय पर मैंने तब खबर लिखी थी।  लेकिन, संस्थान को यह भली भांति पता था कि  मैंने जो कुछ लिखा , उसे पूरी ईमानदारी से लिखा था। मिसाल के तौर पर जनपद में ट्रैफिक जाम की समस्या भयावह होती जा रही है। मैं स्वयं भी इसका भुक्तभोगी हूं और शास्त्रीपुल पर खड़ा तमाम लोगों को परेशान देख रहा हूं। मेरा मत है कि वर्तमान सरकार में जिस तरह से यातायात व्यवस्था बेपटरी हुई है, ऐसा बुरा हाल पिछली सरकारों में  नहीं ही हुआ करता था। इसका जो प्रमुख कारण मुझे जो लगता है , वह है अफसरों की नेतागिरी । सबसे अधिक जाम टेढ़वा और औराई मार्ग पर लग रहा है। दोनों जनपदों का सीमा क्षेत्र होने के कारण चील्ह और औराई पुलिस एक दूसरे को इसके लिये जिम्मेदार मानती है। जबकि कड़ुवा सत्य यही है कि औराई पुलिस चतुराई का परिचय दे रही है। वह अपना चौराहा जाम मुक्त बतलाती है। लेकिन, जरा वह यह तो बताये कि माधोसिंह रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र क्यों जाम रहता है। वहीं , जनता समझ नहीं पा रही है कि टेढ़वा जैसी पुलिस चौकी पर बुजुर्ग दरोगा क्यों पोस्ट है। यहां सड़क भी अर्द्ध निर्मित है, हालांकि मैं यह जानता हूं कि जब भी जाम की खबर छापता हूं, वर्दी वालों की नाराजगी बढ़ने लगती है। परंतु यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इसपर कलम चलाता रहूं। बतौर पत्र प्रतिनिधि यह मेरा कर्तव्य है। सो, मुझे जनता की पीड़ा लिखनी ही है। वैसे भी,अब ढ़ाई दशक की पत्रकारिता में मैं उस स्थान पर पहुंच गया हूं कि अपने मिशन के लिये जेल भी मेरे लिये एक आश्रम होगा , क्योंकि मुझे तो अब दो जून की रोटी की भी आवश्यकता नहीं रहती, बस एक बार ही  यह  मिल जाए , उतने से ही पेट की ज्वाला शांत हो जाएगी।  जिस भी दिन मैं अखबारी रिपोर्टिंग से मुक्त हो जाऊंगा, उसी क्षण से सोशल मीडिया पर मेरी असली पत्रकारिता शुरू हो जाएगी। आज का हर नौजवान सोशल मीडिया पर पत्रकार ही तो है। बस उनका उचित मार्गदर्शन होना चाहिए। अर्थ युग की चकाचौंध में उनके समक्ष हम बड़ों को एक आदर्श प्रस्तुत करना ही होगा। आज मैं जहां हूं, उससे संतुष्ट इसलिये हूं , क्यों हर क्षेत्र के अच्छे और बुरे भी लोग इतना तो जरुर कहते हैं कि शशि भैया ने अपने संघर्ष से एक अलग पहचान कायम किया है। यह पहचान पैसे और ताकत से नहीं खरीद सकते हैं। कुछ तथाकथित बड़े पत्रकार कहते हैं कि मैंने तहलका मचाने वाली खोजी पत्रकारिता नहीं की है। ऐसे मित्रों से मैं बस इतना ही कहना ,चाहता हूं कि मेरी पत्रकारिता आमजन के लिये है,उनकी समस्याओं से  जुड़ी है। साथ ही जनपद की राजनीति पर भी मेरी कलम खूब चली है। अखबार का बंडल लाने, उसे  बांटने के बाद जो कुछ भी समय मेरे पास शेष होता है। वह में अखबर के लिये समाचार लेखन में लगाता जरूर हूं। फिर भी जो पत्रकार मित्र मुझे नसीहत दे रहे है , उनसे विन्रम शब्दों में पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने एक सच्चे पत्रकार के रुप में जनता में अपनी कुछ भी पहचान बनाई है ? जबकि मैं किसी भी मंच से पूरे आत्मविश्वास के साथ यह उद्घोष करने को तैयार खड़ा हूं कि मैंने प्रलोभन मुक्त पत्रकारिता की है और इसके अतिरिक्त अन्य कोई व्यवसाय नहीं किया हूं। हां ,अखबार बांटना और संस्थान के लिये थोड़ा बहुत विज्ञापन कोटा पूर्ति के लिये जरुर किया हूं।

शशि(25/4/18)

 क्रमशः

Sunday, 22 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक
 
22/4/18

      हम सभी के पास हर परिस्थितियों में खुश रहने का विकल्प है। अब मुझे ही लें, अवस्था के साथ थकान और काम दोनों ही बढ़ता जा रहा है। सो, रात्रि में अखबार बांटते हुये, जब कभी पांव डगमगाने लगते हैं और साइकिल अनियंत्रित सी होती प्रतीत होती है। ऐसी स्थिति में विचलित मन को समझने के लिये मैंने एक आसान सा सही तरीका ढ़ूंढ़ निकाला है। इस परिस्थिति में मैं जब भी अपनी तूलना एक वृद्ध रिक्शा अथवा सगड़ी चालक से करने की कोशिश करता हूं, तो पलड़ा उसका ही वजनी होता है।
    क्या कभी आपने महसूस किया है कि पापी पेट के लिये वह कितना संघर्ष करता है। सड़क पर जब भी चढ़ाई की स्थिति होती है, तो रिक्शे के पैडल पर किस तरह से उसके पांव जमे होते है, फिर भी बात नहीं बनी तब नीचे उतर वह धीरे धीरे धैर्य से अपने पूरे सामर्थ्य को एकत्र कर चढ़ान पार करता है। ऐसे में मेरी स्थिति अब भी उस बूढ़े रिक्शेवाले से बेहतर है न!  फिर मैंने अपनी शर्तों पर जीवन जीना पसंद किया हूं। पत्रकारिता में भले ही भोजन की तलाश में आया, लेकिन इस पेशे में आकर कभी भी इतना ग्रहण नहीं किया कि अपच हो जाए। तो फिर आप सोच रहे होंगे न कि इस पथिक की व्याकुलता क्या है। मेरे ब्लॉग में मेरी लेखनी से ऐसा आपकों लग रहा होगा कि मैं अत्यधिक कष्ट में हूं, एकाकी हूं और परिस्थितियों का सताया हुआ हूं। मैं इसे छिपाने की कोशिश भी नहीं करता। फिर भी बड़ा सच यह है कि मैं स्वाभिमानी हूं, असत्य लेखन नहीं करता और किसी का चरण चुम्बन पत्रकारिता में पसंद नहीं करता हूं। इसलिए अपने मजबूती के साथ अपने कर्मपथ पर डटा हुआ हूं। मुझे यह जो पीड़ा है, वह अपने ही पेशे से जुड़े उन लोगों से है, जो स्वयं को चौथा स्तम्भ कहते हैं , पर जब कोई सच्चा पहरुआ सामने आता है, तो एकजुट होकर कौओं की भाषा बोलने लगते हैं ! आज शाम की ही बात बताऊं, आंख की जांच करवाने एक  नेत्र चिकित्सक के यहां गया था। वार्तालाप के क्रम में उनके जुबां से भी यही निकल पड़ा कि आप पत्रकारों की स्थिति भी अब ना ...  दरअसल धनलोलुपता पत्रकारिता पर भारी पड़ती जा रही है। अनाड़ी रिपोर्टर ही पत्रकार बन बैठा है। जिसकी निगाहें सदैव जुगाड़ की तलाश में व्याकुल रहती है। यही मेरी पीड़ा का विषय है कि इस भीड़ से बचने के लिये हमारे जैसे पत्रकार कहां जाए। उनका और हमारा रंगमंच तो एक ही है न ...
    अभी पिछले ही दिनों एक युवा प्रतिभावान पत्रकार ने मुझे काफी  निराशा किया है। कहां तो वे कह रहें थें कि शशि भैया मैं आपकी तरह पत्रकारिता करना चाहता हूं और एक छोटा सा ऑफर आया नहीं कि पत्रकारिता का सारा नैतिक ज्ञान ताक पर धरा रह गया। अब उनकी पहचान एक जनप्रतिनिधि के मीडिया कर्मी के रुप में हो गई है। यदि पत्रकारिता पर राजनीति का ठप्पा एक बार लग गया, तो फिर लाख कोशिश कर लें आपको अपनी वह पुरानी पहचान नहीं मिल सकती है और निष्पक्ष पत्रकार तो बिल्कुल ही नहीं कहलाएंगे। इसलिए मैंने ऐसे कितने ही प्रलोभन ठुकरा दिये, ढाई दशक के इस सफर में, नहीं तो यह लक्ष्मिनिया मुझ पर भी प्रसन्न रहती। हो सकता था तब गृह लक्ष्मी की प्राप्ति भी हो जाती और घर गृहस्थी बस जाती। लेकिन मैंने बड़े बड़े पत्रकारों की स्थिति देखी है कि उनकी राजनैतिक महत्वाकांक्षा घड़ियाल की तरह उनकी कलम को किस तरह से निगल गई। इसीलिए मैं सदैव ही एक पहचान की बात करता रहा हूं। (शशि)

क्रमशः

Saturday, 21 April 2018

व्याकुल पथिक

व्याकुल पथिक 
22/4/18

        कल दोपहर काफी दिनों बाद घर का बना भोजन करने को मिला, नहीं तो अपना मुसाफिरखाना ही जिंदाबाद है ...   
 कामरेड मो0 सलीम भाई की इच्छा थी कि कुछ वक्त साथ गुजर लिया जाए। अन्यथा सुबह होते ही मेरा जो होमवर्क शुरू हो जाता है, वह रात्रि 12 बजे तक समाप्त नहीं हो पाता ।यह मेरे लिये कुछ-कुछ ठीक ही है, व्यस्त रहना मैं स्वयं भी तो चाहता हूं। उधर, सलीम भाई भी अपनी पार्टी के बड़े नेता होने के कारण अकसर गैर प्रांत दौरे पर रहते हैं। दरअसल, हम दोनों में जो एक समानता है, वह यह कि हमने अपनी पहचान नहीं बदली है । मेरी समझ से राजनीति के क्षेत्र में सलीम भाई के पास अपना मौलिक चिन्तन है। वे अच्छे वक्ता  हैं और अपनी पार्टी भाकपा माले के स्टार प्रचारक भी। हालांकि मीरजापुर में उनके राजनैतिक कद के लिहाज से उनका रंगमंच काफी छोटा है...
       पर अपनी झोपड़ी भी गैरों के महल से बेहतर है साहब। अन्यथा मैं भी ढ़ाई  दशक तक एक छोटे से अखबार से यूं ना बंधा रहता। यहां  कलम की आजादी ही मेरी पहचान रही।समाचार संग जब तक उस पर अपना विचार न लिखूं , फिर कैसी पत्रकारिता । हंसी आती है इन तमाम खबरची लोगों को स्वयं को पत्रकार कहता देख कर...
               वैसे इस बार कुछ खास वजह भी थी, सलीम भाई द्वारा मुझे बुलाने का, क्योंकि वे जिन लोगों से स्नेह करते हैं, उनमें एक मैं भी हूं !  हालांकि मैं एक राजनेता नहीं हूं, न ही आज के जमाने का एक पेशेवर मीडिया कर्मी ही हूं। सियासत का " सेकुलर " शब्द मुझे पसंद नहीं है और  "साम्प्रदायिक " मैं हो ही नहीं सकता। भले ही दंगा ग्रस्त इलाके में पला बढ़ा हूं। बचपन में दंगा होने की स्थिति में कितनी ही रात साम्प्रदायिक धार्मिक नारे कानों में गूंजते रहें। अभिभावक भय से कांपते बंद दरवाजे के पीछे रात आंखों में ही गुजारते दिखें। कुछ दिनों तक हिम्मत नहीं पड़ती थी कि उन इलाके में चला जाऊं , जहां उपद्रव हुये थें। कर्फ्यू की स्थिति में यह जिम्मेदारी मुझे ही अमूमन सौंपी जाती थी कि जैसे ही अवसर मिले, सब्जी मंडी जाकर सामान लेता आऊं। हम लड़कों तब पुलिस वाले अंकल कर्फ्यू के बावजूद भी छूट दे ही दिया करते थें। पर मछोदरी कोयलमंडी की तरफ जाने की अनुमति घर से नहीं मिली थी। वाराणसी में ही नहीं, मैंने तो कालिंगपोंग जैसे पहाड़ी इलाके में भी गोरखालैंड राज्य की मांग को लेकर हिंसा का खौफनाक चेहरा देखा है। कोलकाता ननिहाल में था, तो लाल परचम  और बैनर लिये श्रमिक संगठन नारेबाजी करते हुये आये दिन बड़ाबजार की सड़कों से गुजरते थें। चौथी मंजिल से यह दृश्य अपनी नानी मां के साथ बारजे से देखा करता था। मुजफ्फरपुर में था, तो वहां भी बिहारी दादागिरी थी ही। सम्भवतः इसी लिये मुझे सेकुलर और साम्प्रदायिक राजनीति के ये दोनों ही शब्द नापसंद हैं। खैर, मेरी इस सोच की परख तो यहां मीरजापुर के कर्मक्षेत्र पर होनी थी। सो, यह आप जाने कि मैं पास हुआ कि फेल। हां,  मेरे हिसाब से तो मैंने अपना होमवर्क ठीक ही किया हूं। अन्यथा हर राजनैतिक दल में मेरे मित्र जन हैं, वे जरूर टोकते कि शशि भाई आप में भी उसी गंदगी की बू आ रही हैं। एक बात फिर से बता दूं कि यहां की मीडिया से मैं बहुत उम्मीद नहीं करता कि वह मुझे पसंद ही करे, हां नये लड़कों को मेरी आत्मकथा जम रही है !
  हमारे मित्रों का मानना है कि आत्मकथा में सकारात्मक पन  होना चाहिए। ताकि हमारे संघर्ष से युवा पत्रकार प्रेरणा ले सकें। माना कि उनकी यह सोच भी सही है। पर साथियों अखबारी दुनिया में अब पत्रकारिता बची कितनी है। शुद्ध रुप से व्यापार है यह। वे जो खबरची सीना फुलाए यह कहते हैं कि वे पत्रकार हैं, फलां संगठन के पदाधिकारी रहें या हैं। मैं दांवे के साथ कहता हूं कि अधिकांश ऐसे तथाकथित पत्रकारों के चेहरे से नकाब हटा सकता हूं, आगे तो आये जनाब । फिर दिल पर हाथ रख कर बताये कि विज्ञापन का पैसा जेब में रखकर उसकी जगह समाचार छाप लेना, गोपनीय तरह से निविदाओं के प्रकाशन में सहयोगी बन उस दिन का अखबार का बंडल गायब कर देना , क्या यही पत्रकारिता है। पत्रकारिता जीवन का लम्बा समय पुलिस आफिस में  अफसरों को किसी दरोगा सिपाही को मनचाहा स्थान पर तैनाती दिलवाने के लिये कागज का चुटका थमाने में गुजार देने वालों को यदि आप पत्रकार संगठनों का अगुआ कह दंडवत करते हैं, तो तौबा-तौबा इस पत्रकार जगत से मैं तो हॉकर ही सही। यह बड़ा ही कष्टकारी विषय है कि एक दो खबर लिख लोग पत्रकार बन बैठते हैं। कहां लिखें हैं , वह भी क्षेत्र की जनता नहीं देख पाती है। मित्रों , इससे बेहतर माध्यम अब सोशल मीडिया है। आप पढ़े लिखे नौजवान हो , कम से कम अभिव्यक्ति की जो आजादी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है, उसे तो बर्बाद ना करों। झूठी, भ्रामक, जातीय और मजहबी बातें इस सोशल मीडिया पर मत पोस्ट करों साथियों । बस इतनी सी अपील है आज मेरी।(शशि)

क्रमशः