Followers

Tuesday, 7 August 2018

ना घर तेरा, ना घर मेरा , चिड़िया रैन बसेरा





माटी चुन चुन महल बनाया,
लोग कहें घर मेरा ।
ना घर तेरा, ना घर मेरा ,
चिड़िया रैन बसेरा ।

    बनारस में  घर के बाहर गली में वर्षों पहले यूं कहे कि कोई चार दशक पहले फकीर बाबा की यह बुलंद आवाज ना जाने कहां से मेरी स्मृति में हुबहू उसी तरह से पिछले दिनों फिर से गूंजने लगी। कैसे भागे चला जाता था खिड़की की ओर झांक कर गली में उन्हें देखने। हांलाकि घर की आर्थिक स्थिति कुछ अच्छी नहीं रही तब । अतः मुझे यह तो याद नहीं कि हमलोगों ने भी उनकी झोली में कुछ डाला हो। वैसे, वे भी कहां मांगते थें किसी से । बस अपने धुन में  यह कहते हुये कि
 " उड़ जाएगा हंस अकेला,जग दो दिन का मेला ! "

आगे बढ़ते ही जाते थें । कारण भिक्षावृत्ति संग लोभ उनकी प्रवृत्ति नहीं थी। जो वे हाथ पसारे  हे मेरे माई-बाब ! इस गरीब को कुछ दे दो, भगवान भला करे तेरा, कुछ ऐसा कहते फिरते ।
     वे तो बस इतना कहते थें कि   

       " खुश रहे तेरी नगरी " ।

  जाहिर है कि व्यक्ति विशेष न, हो कर पूरे समाज के कल्याण के लिये वे दुआ करते थें। अब यदि अपनी बात करुं तो उस  बाल्यावस्था में भी फकीर बाबा की तरफ मैं खींचा चला जाता था। लेकिन एक बात तब मेरा बालमन समझ नहीं पाता था कि अन्य भिखारियों से फकीर बाबा अलग क्यों हैं। न हाथ पसारते हैं, न गिड़गिड़ाते हैं , बस जिसे कुछ देना है , उनकी झोली में डालो आशीर्वाद लो और आगे बढ़ो। यहां मीरजापुर में जहां मैं पहले बाबू अशोक सिंह के यहां रहता था। वहां भी नवरात्र में अन्य प्रांत से एक युवा साधु आते हैं। एक पात्र ही उनके पास रहता है। जो भी भोज्य पदार्थ पूड़ी-कचौड़ी, सब्जी, रायता, चटनी ,दूध, दही  और मिठाई सभी उसी में एक बार में ही ले लेते हैं। जिससे सभी आपस में मिल जाते हैं। जाहिर है कि व्यंजनों के स्वाद से स्वयं को दूर रखने के लिये वे ऐसा करते हैं,  बिल्कुल सरल स्वभाव है उनका। विंध्यवासिनी धाम वे नवरात्र में साधना के लिये आते हैं। वे बाबू साहब के ईंट भट्ठे पर ही नवरात्र में रहते हैं।  स्वस्थ शरीर ,शांत स्वभाव एवं मुखमंडल पर तेज  है उनके । जबकि काशी में ऐसे मुस्टंडा बाबा भी दिखते थें, जो सजधज कर बैठे रहते थें, कहींं न कहीं । सुबह से शाम उनका शिकार ( यजमान) तलाशने में ही गुजर जाता था।
      सच तो यह है कि एक सच्चा फकीर  लौकिक वस्तुओं का संग्रह नहीं करता, आज के तमाम उपदेशकों की तरह। फकीर बाबा का मिसाल ब्लॉग पर मैं इसलिए दे रहा हूं कि मैं स्वयं भी उनका अनुसरण करना चाहता हूं, क्यों कि मैं इस स्थिति में हूं कि यदि कोई कार्य यहां के प्रतिष्ठित जनों या  जनप्रतिनिधि से कह दूं, तो वे इंकार तो नहीं ही करेंगे, इतना तो सम्मान मेरा करते हैं, अनेक ऐसे सामर्थ्यवान लोग । अतः  हम यदि समाजसेवा के क्षेत्र में हैं, पत्रकार हैं, चिंतक हैं, लेखक हैं , समाज सुधारक हैं, उपदेशक है और संत हैं, तो अपने त्याग को इतना बल दें कि स्वयं ही समर्थ जन कहें कि मांगों क्या चाहिए। भक्त की कठिन तपस्या पर ईश्वर भी तो यही कहते हैं न, परंतु जिसकी भक्ति सच्ची है, वह फिर भी स्वयं कुछ नहीं मांगता। यही सर्वश्रेष्ठ स्थिति है। मांग ही लिया तो फिर शेष बचा क्या ?
      सभी जानते हैं यहां कि अपने लिये मुझे कुछ नहीं चाहिए। फिर भी स्नेह में कहते हैं कि शशि जी  अब तो इस अवस्था में साइकिल से न चलें, कहें तो बाइक या स्कूटी की व्यवस्था करवा दूं। पर मेरा काम जब साइकिल से हो जा रहा है, तो मैं लोभ क्यों करूँ। हां, सोशल मीडिया पर लगातार   समाचार पोस्ट करता रहता हूं। कई व्हाट्सएप्प ग्रुप हैं । मोबाइल पर ही स्नान, भोजन और शयन को छोड़ पूरा दिन गुजरता है। ऐसे में जाहिर है कि मेरे सेल फोन खराब होते ही रहते हैं। अतः किसी ने नया मोबाइल दिया तो उसे निःसंकोच स्वीकार भी कर लेता हूं। कारण मोबाइल पर तमाम खबरें जनहित में पोस्ट करता हूं। काफी संख्या में यहां गणमान्य जन इन ग्रुपों से जुड़े हैं। परंतु फिर भी मैं अपने ग्रुप में कोई विज्ञापन नहीं चलाता, क्यों कि यह मेरा व्यापार नहीं है। इस जनसेवा के लिये स्नेही जनों ने मेरी आवश्यक को देखते हुये मोबाइल दिये भी हैं। लेकिन, जिस दिन अपने मित्र मंडली को समाचार पोस्ट करना बंद कर दूंगा। फिर यह सुविधा  किसी ने देनी भी चाही, तो नहीं लूंगा। लोभ, मोह, प्रलोभन और यश की चाहत से जब- तक हम ऊपर नहीं उठेंगे, फकीर बाबा की तरह आनंदित कैसे हो सकेंगे। चाहे वह राजा ही क्यों न हो। सर्वप्रथम हमें अपने प्रति अनुशासन तय करना होगा। जैसे मैंने निश्चय किया है कि इस वर्ष से एक समय दलिया एवं दूसरे वक्त चार सादी रोटी और एक सब्जी से काम चला लूंगा। अब  मेरे सामने से ही ढ़ेरों पकवान गुजरते हैं। फिर भी एक मिठाई से अधिक कुछ नहीं उठाता। ऐसे संकल्प ही हमारे लोभ को नियंत्रित करते हैं। फिर तब जब हम कुछ लिखते हैं, कहते हैं और बोलते हैं , तो वह हमारे त्याग का दर्पण होता है। जिसमें हर कोई अस्क को निहारने एवं निखारने का प्रयत्न करता है। तब हम सच्चे फकीर , समाज सुधारक कहे जाते हैं। इसके लिये हम अपनी अंतरात्मा की पुकार सुनते रहें, मार्ग प्रशस्त होता रहता है ...

         तोरा मन दर्पण कहलाये
        भले बुरे सारे कर्मों को, देखे और दिखाये
        इस उजले दर्पण पे प्राणी, धूल न जमने पाये।

Sunday, 5 August 2018

सभी को देखो नहीं होता है नसीबा रौशन सितारों जैसा


" एक बंजारा गाए, जीवन के गीत सुनाए
हम सब जीने वालों को जीने की राह बताए
ज़माने वालो किताब-ए-ग़म में
खुशी का कोई फ़साना ढूँढो
हो ओ ओ ओ ... आँखों में आँसू भी आए
 वो आकर मुस्काए "

 1969 में बनी फिल्म " जीने की राह " का गीत है यह। इसी वर्ष इस धरती पर मैंने भी आंखें खोली थीं और अब जब कभी आंखें भर आती हैं, अपने अकेलेपन का एहसास होता है, तो मैं इसे जरूर सुनता हूं, अपना उपदेशक समझ कर।  ऐसा लगता है कि इस गाने से अपना जीवन और सांसों का रिश्ता है। यूं भी कह सकता हूं कि ऐसे गीत ही मेरे लिये मंदिर हैं, जिसका मैं पुजारी हूं। मेरे लिये एक सार्थक संदेश निहित है यहां । हालांकि , फिल्म की पटकथा मेरे मतलब की नहीं है,क्यों कि अब न दौलत चाहिए , न ही वह प्रेम जो कभी तन्हाई में सताया करता था । अपने बारे में मैं वर्षों पहले ही यह कह चुका हूं कि मेरे नसीब में ऐ दोस्त तेरा प्यार नहीं। पर हां , अपने जीवन के इस निर्णायक वर्ष में उस राह पर बढना चाहता हूं, कुछ सीखना चाहता हूं , कुछ लिखना चाहता हूं और कुछ बताना चाहता हूं, जो यह बंजारा कहता है।अपने व्याकुल मन को यही तो समझाना चाहता हूं कि सुनो बंधु रे !

" सभी को देखो नहीं होता है
नसीबा रौशन सितारों जैसा
सयाना वो है जो पतझड़ में भी
 सजा ले गुलशन बहारों जैसा "

 हम तो उनमें से हैं , जिन्हें  परीक्षा देनी है , कागज़ के फूलों को महका कर दिखलाने की । इसीलिये गीत की हर पक्ति आत्मसात कर लो। उसका अनुसरण करों । सच यही है कि हमारी विकलता दूसरों के किसी काम की नहीं होती। इसे हमारा रुदन समझ सांत्वना देने वालों, स्नेह करने वालों से कहीं अधिक उपहास करने वाले मिल जाएंगे। ब्लॉग पर मैंने अपने मन की जो पीड़ा लिखी या वह स्वतः ही प्रगट हो गयी,इससे मुझे यह सीखने को भी यहां मिला है। पर चाहे जो हो, सच यह भी है कि मन में दबा वर्षों का दर्द बाहर तो आ ही गया। फोड़ा तभी ठीक होता है, जब वह अपने चरम पर पहुंच कर फूटता है, बहता है, तब उस पर मरहम लगता है और यह घाव भरने लगता है। यदि जख्म गहरा है, तो फिर भी उसके काले निशान शेष रह जाते हैं। आखिर कब-तक उसे वस्त्र के आवरण में छिपाकर हम रखेंगे। सत्य प्रकट होकर ही रहेगा, क्यों कि सत्य वह सूर्य है जिसे बादल सदैव नहीं ढ़क कर रख सकता । जिसका कटु अनुभव मुझे भरपूर है। सो, परिस्थितियां यदि हमें असत्य बोलने पर विवश कर भी दें ,तो भी इससे हमारा भला नहीं होगा। जिस दिन पर्दा गिरेगा, ग्लानि महसूस होगी, झूठे बंधन टूटेंगे , रिश्ते कलंकित होंगे, मन अशांत होगा, राह भटक जाएगी और फिर पथिक क्यों नहीं व्याकुल होगा। अतः बनावटी संबंधों से हमें परहेज करना चाहिए। ब्लॉग पर लिखने के दौरार मैं अपनी स्मृति एवं चिन्तन शक्ति  का भरपूर सदुपयोग करने का प्रयास कर रहा हूं। बात जब सच की राह पर चलने की करता हूं, तो बचपन की एक घटना मेरे स्मृतिपटल पर अब भी मौजूद है। हुआ कुछ यूं कि मुझे एक पहचान वाली किराना दुकान से घी लाने को कहा गया था। दुकान मेरे घर से कुछ दूर था। सो,  बालमन ने कहा कि उतना दूर जाने की क्या जरूरत है, समीप में भी तो दुकानें हैं । तब मैं पड़ोस से घी लेकर आ गया। उसके स्वाद म़े अंतर रहा, या फिर कारण जो भी रहा । पिता जी ने मुझे तलब किया। पूछा गया कि कहां से लाये हो घी ? घर पर हम सभी जानते थें कि वे अनुशासन प्रिय हैं और यह भी की उनकी बात को काटना लक्ष्मण रेखा पार करने जैसा दुस्साहस है। लिहाजा, मैं थोड़ा सकपकाया लेकिन फिर हिम्मत के साथ कह दिया कि आपने जहां से कहा था , वहीं से तो लाया हूं। जब कोई सवाल मुझसे और नहीं पूछा गया, तो मैंने सोचा कि चलो जान बची, आगे से ध्यान रखूंगा। वैसे, तब ग्लानि भी हो रही थी, क्यों कि मिथ्या तो हम सभी नहीं ही बोलते थें उन दिनों भी।  सोचने लगा कि थोड़ा आगे बढ़ ही जाता तो क्या हो जाता। पैर टूट थोड़े ही जाता। खैर बात आई-गई । तभी एक दिन पापा की वही कड़कदार जानी पहचानी आवाज सुनाई पड़ी कि पप्पी इधर आओ। बस मैं समझ गया था कि अब क्लास लगनी है। उन्होंने दुकानदार से जानकारी प्राप्त कर ली थी कि मैं उस दिन उसकी दुकान पर नहीं गया था। झूठ पकड़े जाने पर मैं बुरी तरह से सहम गया था। हां ,पिटाई तो नहीं हुई उस दिन पर मेरे लिये एक अनूठी सजा तय हुई । जानते हैं क्या ? एक मोटे सफेद कागज पर मुझसे सुंदर और बड़े अक्षरों में लिखवाया गया था कि अब कभी मैं झूठ नहीं बोलूंगा। फिर पापा के समक्ष मम्मी ने रामचरित मानस लाकर रखा था। मम्मी प्रतिदिन देर शाम रामायण पढ़ा करती थीं।  उस कागज को उसी में रखवा दिया गया मुझसे और कहा गया था कि अब यदि असत्य बोले, तो समझ लो कि तुम्हें कितना पाप पड़ेगा । उस समय मैं पाप लगने के भय से कितना सहम गया था आपको बता नहीं सकता। एक चिन्ता बनी रहती थी कि आज कहीं झूठ तो नहीं बोला। कोलकाता जाने के बाद यह भय मेरा समाप्त हुआ। आज सोचता हूं कि बचपन वाला वही डर कायम रहता, तो परिस्थितियां चाहे जो भी होतीं, झूठ तो नहीं न बोलता कभी। सो, अभिभावकों का जो कार्य तब मुझे बहुत बुरा लग रहा था, उसमें छिपे संदेश को अब जाकर समझ पाया हूं। दरअसल, तमाम चतुराई के बावजूद भी झूठा सिक्का पहचान लिया जाता है। सच्चे सिक्के जैसी झंकार उसकी आवाज में भला कहां से होगी ।अतः कभी न कभी उसे भट्ठी पर चढ़ना ही है। लेकिन, कड़ुवी सच्चाई यह भी है कि जो सत्य की राह पर चलते हैं, उनके लिये कोई घर , कोई शरणस्थली नहीं है। जो मित्र हैं, वे इसलिये शत्रु बन जाते है कि उनके झूठ में हम सहभागी नहीं होते हैं। पत्रकारिता के दौरार अकसर ऐसा हम सभी के साथ होता है कि जो अपने हैं, उनके भी किसी अन्यायपूर्ण कार्य की खबर हमसे छप जाती है।  जाहिर है कि फिर क्या होगा। सारी दोस्ती, सारे संबंध समाप्त। वे सबसे बड़े शत्रु हो जाते हैं हमारे।  मैं इसे झेल रहा हूं, अतः बतला रहा हूं। यह सच जो है मित्रों हमारे लिये सूली है , वहीं झूठ इस जुगाड़ तंत्र का सिंहासन। हम अपमानित होते हैं और वे सम्मान पाते हैं।  हमारी सामाजिक व्यवस्था आज की ऐसी ही है। हां आत्मसंतोष का विषय यह है कि हम जिस राह से गुजरते हैं, वह हमारी शहादत की गवाही देती है। इसीलिये आज मुझे अपने अभिभावकों का वह कार्य बुरा नहीं लगता, सम्भवतः मैं ही राह भटक गया था। पर अब इस बंजारे को यही कहना है और करना भी ...

" सूरज न बन पाए तो, बन के दीपक जलता चल
फूल मिलें या अँगारे, सच की राहों पे चलता चल "

Thursday, 2 August 2018

एक कश्ती सौ तूफां, जाएं तो जाएं कहां






समझेगा, कौन यहाँ
दर्द भरे, दिल की ज़ुबां
रुह में ग़म, दिल में धुआँ
जाएँ तो जाएँ कहाँ...
एक कश्ती, सौ तूफां
          अपनों से जब वियोग हो जाता है, शरीर जब साथ छोड़ने लगता है, प्रेम जब धोखा देता है, कर्म जुगाड़ तंत्र में उपहास बन जाता है, लक्ष्मी जब रूठ जाती है, पथिक जब राह भटक जाता है, जब आत्मविश्वास डगमगाने लगता है, ऐसे में दिल का दर्द समझने वाला भी जब कोई नहीं होता है, तो स्मृतियों का सानिध्य संजीवनी बन जाता है। अजनबियों संग स्नेह का बंधन  प्रकाश बन जाता है। मेरे जीवन में ऐसा बहुत कुछ घटित होता रहा है, अतः निःसंकोच कह रहा हूं। हां, यह भी कि संघर्ष मार्ग दिखलाता है, संघर्ष पहचान दिलाता है और यह संघर्ष ही है कि  साधारण से इंसान को महात्मा गांधी बनाता है, बापू बनाता है , अहिंसा का पुजारी बनाता है। हमें भी इसी राह में बढना है। परंतु पहले एक आम आदमी जैसा बनना है। यहां कोई मिलावट नहीं है, कोई दिखावा नहीं है, कोई छल भी तो नहीं है। कर्मपथ पर बढ़ने की राह में यह पहली सीढ़ी है हमारी। तभी हम जुगाड़ तंत्र से लड़ेंगे, गिरेंगे और फिर सम्हलकर खड़े होंगे। सच की राह पर अंतिम सांस तक अपने पूरे सामर्थ्य का प्रदर्शन करना है हमें, रणभूमि के उस योद्धा की तरह जिसे पता है कि वीरगति ही उसकी नियति  है, क्यों कि शत्रु सेना भारी है। मैं यह सब यूं ही नहीं कह रहा हूं आपसे मित्रों, मुझे भी अपनी कुटिलता के चक्रव्यूह में इसी जुगाड़ तंत्र के खिलाड़ियों ने यहां फंसाया है। मेरी लेखनी को कमजोर करने के लिये, मेरे मनोबल को तोड़ने के लिये और मुझे मेरे संस्थान की नजरों में गिराने के लिये। मैं टूटा जरुर परंतु फिर उठ खड़ा हुआ हूं , एक ब्लॉग लेखक के रुप में। फिर भी मेरा एक सवाल उस सामर्थ्यवान कृष्ण से है कि यदि कर्मवीर अभिमन्यु जुगाड़ तंत्र के षड़यंत्र रुपी चक्रव्यूह में फंस कर मारा गया, तो हे केशव ! फिर तुम्हारा पुरुषार्थ कैसा है ? क्या तुम यही चाहते थें कि वीर अभिमन्यु को बलिवेदी पर चढ़ा , उसके संग हुये अन्याय की बात बार-बार उठा उसी तरह छल से , वही हश्र शत्रुपक्ष के महारथियों का भी करो। पर एक सरल इंसान के लिये तुम्हारी इस कला का अनुसरण करना सम्भव है क्या । कितने प्रयास के बाद तो तुमने धर्मराज युधिष्ठिर को अर्धसत्य बोलने के लिये मनाया था।  परंतु हर कोई तो तुम्हारी तरह जीवन रुपी इस शतरंज का कुशल खिलाड़ी नहीं है। हमारे पास अपना चिन्तन है, यदि कर्म वीर है तो भी हम बस अपनी नियति से लड़ते हैं, झगड़ते हैं, मचलते हैं। लेकिन अर्जुन की विजय तभी सम्भव है, जब सारथी कृष्ण संग हो। अन्यथा तो महाभारत रुपी जुगाड़ तंत्र में वह भी अभिमन्यु सा ही वीरगति को प्राप्त होता। बिन कृष्ण महाभारत युद्ध का पूरा परिदृश्य बदल जाता। सत्य पराजित होता , जुगाड़ तंत्र विजयी होता। इसी यक्ष प्रश्न को लिये मैं व्याकुल पथिक बना भटक रहा हूं कि कर्मपथ पर चलने वाले हम जैसों को वह कृष्ण कहां मिलेगा , किस रुप में मिलेगा , कैसे पहचान हो उसकी।  लोकतंत्र तंत्र के चार स्तंभ हैं। इनमें उस नरसिंह का दर्शन भक्त प्रह्लाद को अब नहीं हो पा रहा है, जो उसके आत्मविश्वास की रक्षा के लिये प्रकट हो जुगाड़ तंत्र  बने  हिरण्यकश्यप का वध कर सके।  सच कहूं, तो हमारे इस चिन्तन और चिन्ता दोनों को ही हर कोई नहीं समझ पा रहा है ।वह तो बस मुझे एक व्याकुल पथिक ही समझ रहा है।  फिर भी उस कृष्ण की खोज मेरा जारी रहेगा।  जो इस जुगाड़ तंत्र रुपी महाभारत में कर्मपथ पर चलने वाले अर्जुन का सारथी बन सके, उसका सखा बन सके , उसका पथ प्रदर्शक बन सके  और उसके रथ का रक्षक भी बन सके।  आप सभी प्रबुद्धजनों को जो भी सत्य के मार्ग पर है उन्हें , मेरे इस यक्ष प्रश्न के उत्तर तलाशने ही होंगे।  मेरी पराजय में आपकी भी हार निहित है। मेरा का तात्पर्य आप समझ रहे हैं न बंधुओं ? यह इसी जुगाड़ तंत्र के विरुद्ध एक संघर्ष का प्रतीक है। हम इस राह पर चल कर लूट जरुर गये हैं, फिर भी अपने पदचिह्न छोड़े जा रहे हैं। कहां दलदल है और कहां से चलना है, यह भी बता कर जा रहे हैं।  मैं कितने उत्साह से पत्रकारिता के इस क्षेत्र में आया था, लेकिन हर ओर घड़ियाल  मिल गये। फिर भी ईमानदारी इसलिये बची रही कि अपना घर-परिवार जो नहीं है। शाम को जब कमरे पर लौटता हूं , तो वह जीवन संगिनी नहीं है, जिसकी मधुर मुस्कान के बदले क्या मैं उसे कोई उपहार तक न देता ? ऐसा पाषाण हृदय भला कहां से लाता तब कि खाली हाथ घर को लौट आता। बच्चे होते तो अब तक तो बड़े भी हो गये होते। यदि बिटिया होती तो उसका हाथ पीला करने की चिन्ता बनी रहती। फिर भला इन जरूरतों के आगे मेरा स्वाभिमान कहां तक टिक पाता, आदर्श की बातें और है, परंतु इस बरसात के सुहावने मौसम में  दिल के उफान को थामना यूं आसान भी नहीं है-

रिम-झिम गिरे सावन, सुलग सुलग जाए मन
भीगे आज इस मौसम में, लगी कैसी ये अगन
 रिम-झिम गिरे सावन ...
 पहले भी यूँ तो बरसे थे बादल, पहले भी यूँ तो भीगा था आंचल
 अब के बरस क्यूँ सजन, सुलग सुलग जाए मन
भीगे आज इस मौसम में, लगी कैसी ये अगन
रिम-झिम गिरे सावन ...

Tuesday, 31 July 2018

अंधेरे में जो बैठे हैं, नज़र उन पर भी कुछ डालो

अरे ओ रौशनी वालोंं
------------------------

जिन्हें नाज़ है हिन्द पर वो कहाँ हैं
ये पुरपेच गलियाँ, ये बदनाम बाज़ार
ये ग़ुमनाम राही, ये सिक्कों की झन्कार
ये इस्मत के सौदे, ये सौदों पे तकरार जिन्हें नाज़ है हिन्द पर वो कहाँ हैं

  दशकों  पूर्व एक फिल्म में एक रचनाकार का संघर्ष और वह हालात क्या आज नहीं है या फिर बिकती हुई खोखली रंग - रलियां आज नहीं है । बेरुह कमरों में खांसी की ठन- ठन , क्या आपकों सुनाई नहीं पड़ती।  कैसे सुनेंगे आपके तो अच्छे दिन जो आ गये हैं !  आप उड़न खटोले से दुनिया की खूबसूरती को निहार रहे हैं और हम साइकिल से बदरंग मुहल्लों को खंगाला रहे हैं। कभी देखा आप ने इस मुहल्ले की उस बूढ़ी माता को जो छोटी सी टोकरी में कुछ पापड़ के टूकड़े लिये किसी चबूतरे पर बैठ राह से गुजरने वाले हर शख्स की ओर टकटकी लगाये  है। कभी ढलते दिन को देखती है, तो कभी बचे पापड़ों को गिनती है । दिन भर थाल सजाये रहती है, फिर भी बिक्री के चंद सिक्के ही उसके हाथ लगते हैं। शाम ढलते ही डबडबाई उसकी आंखों में झांक कर अपने अच्छे दिन को आपने कभी देख  है। बूढ़े रामू काका को रोक कभी आपने पूछा कि चाचा इस 60-62 की अवस्था में रिक्शा कैसे चला लेते हो । सिर झुकाये वर्षों से  बीड़ी बनाती आ रही उस नूरबानो के करीब क्या आप कभी गये। जिसके पीले पड़े चेहरे से नूर चला गया। रुठी लक्ष्मी ने उसके यवन को डस लिया है। अत्याचार के शिकार व प्रतिशोध के लिये नक्सलियों के टट्टू बन गये  दलित- शोषित वर्ग के उन गुमराह नादानों की पथराई आंखों में क्या कभी आपने झांक कर देखा है, जेल में बंद महिला नक्सलियों से कभी आपकी मुलाकात हुई है या फिर उस फूलन देवी से आपकी मुलाकात हुई थी। नारी संग सामंती तत्वों के अत्याचार की जीवंत मिसाल रही। एक नहीं कितनों ने ही उसके अस्मत से खेला था। प्रतिशोध ने जिसे दस्यु सुंदरी बना दिया और जेल से आजाद होने के बाद दो बार हमारे मीरजापुर की सांसद भी रही। एक अनपढ़ महिला हो कर भी वे कलेक्ट्रेट - अस्पताल  एक किये रहती थीं कि जरुरतमंद गरीबों का भला हो जाए।
  पर आप उड़न खटोला वाले , आप चार पहिये वाले भला कैसे समझ पाओगे इनका दर्द। तंग गलियों में आपका रास्ता जो  होगा बंद ।  हां, आप किसी दलित के घर भोजन करने जैसा स्वांग  करना बढ़िया जानते हो। याद आया एक पार्टी के युवराज पिछली सरकार में यहां आये थें। वोटबैंक का सवाल था, क्यों कि वर्ग विशेष का युवक पुलिस के भय से गंगा में डूब मरा था।  युवराज ने उसकी विधवा को अपना मोबाइल नंबर दिया था। जो एक बार भी कभी नहीं लगा था। राजनीति क्या इतनी भी गिर गयी है। कुछ तो बोलो न साहब कि यहां लाखों की भीड़ में जिस बुझी चिमनी में धुआं करने की बात कह आप लोकतंत्र के शिखर पर पहुंच गये हो । अब तो अगला चुनाव भी आने को है, क्या इतना छोटा सा वादा भी अपना नहीं निभाओगे ।  हमारे अच्छे दिन के ख्वाब धुआं- धुआं हुये जा रहे हैं और आप आज भी वहीं छप्पन इंच सीना फुलाये हुये हो। फिर कैसा भाई- बहन का नाता जोड़े जा रहे हो , जब अपने जिले के पीतल और कालीन व्यवसाय से जुड़े श्रमिकों की आंखें नीर बहा रही हो। कभी तो मंच से नीचे आ गये होते आप । ऐसी भी दूरी क्या कि जनसभाओं में आप ही अपना भाषण देते रहो और जनता से इतना भी न पूछो कि बताओं भाई क्या परेशानी है तुम्हें । पहले तो ऐसा नहीं था, नेता सभाओं में जनता के मन की बात जान लिया करते थें, पर अब अपनी मन की बात कहते हैं वे। ग्रामीण जनता छटपटाती रही है कि किसी जन चौपाल में अपने नेता से सीधी बात हो जाए, लेकिन वे बगल से निकल जाया करते हैं।
अभी पिछले ही दिनों हमारे एक शिक्षक मित्र कह रहे थें कि देखें  न कितना विकास हो रहा है, अच्छे दिन तो आ गये हैं। वे जिस प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते हैं। वह सत्ता पक्ष के मातृ संगठन का ही अंग है। सो, मैंने पूछ ही लिया कि गुरुवर इन चार वर्षों में आपका वेतन कितना बढ़ा है , झेप गये बेचारे।

     कोई तो बताएं कि मैं कैसे सकरात्मकता को गले लगाऊं , जब इन ढ़ाई दशकों में चहुंओर झूठ का ही व्यापार देखता आ रहा हूं। चलों अच्छा ही हुआ कि मेरी दुनिया आप से अलग है। अहंकार पर तुम्हारा हक है ,तो सम्वेदनाओं पर हमारा अधिकार है। तुम्हें लोग नमस्कार करते हैं, लेकिन हमें वे आशीष देते हैं। तुम अतृप्त गागर हो, हम प्रेम के सागर हैं। धन तुम्हारा आहार है, संघर्ष हमारा श्रृंगार है।  और भी कुछ कहूं क्या, तो सुनो तुम्हारी तिजोरी से हमारी दुनिया बड़ी है। संघर्ष पहचान दिलाता है। आज जहां पर मैं खड़ा हूं, वह कोई दलदल जमीन तो नहीं है। यह तो मेरी तपोस्थली है। पीड़ा बेरोजगार की है जरुर, फिर भी कलम का सिपाही कहा जाता हूं । तुम अमीरों की क्या पहचान शेष रहेगी तब जब न कफन में जेब होगा , न कब्र में अलमारी ही। कहां ले जाओं के इतना दौलत , जब...
   ये दुनिया नहीं जागीर किसी की
   राजा हो या रंक यहाँ तो सब हैं चौकीदार
   कुछ तो आ कर चले गये कुछ जाने को तैयार
   ये दुनिया नहीं जागीर किसी की
   ख़बरदार ख़बरदार ...

Sunday, 29 July 2018

कोई निशानी छोड़,फिर दुनिया से डोल


एक दिन बिक जाएगा, माटी के मोल



  • किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार
किसीका दर्द मिल सके तो ले उधार
किसीके वास्ते हो तेरे दिल में प्यार
जीना इसी का नाम है
      वॉयस आफ गॉड के इस गाने में छिपे संदेश को आत्मसात करने का प्रयास कर रहा था कल अपने जन्मदिन पर । जीवन के इस निर्णायक वर्ष में अब जब पहुंच ही गया हूं, तो आत्मावलोकन के अवसर से वंचित नहीं रहना चाहता था । वैसे भी हम पत्रकार समाज के पथ प्रदर्शक कहे जाते हैं। हां, इस अर्थ युग में हम यह दायित्व कितना निभा पा रहे हैं , यह दांवा नहीं कर रहा हूं।  फिर भी उत्तरदायित्व है हमारा। पद भ्रष्ट हुये तो यह लेखनी जिसके हम सिपाही कहे जाते हैं, वह निश्चित ही हमें धिक्कारेगी। वैसे पत्रकारिता से पहले भी और बाद में भी एक जो मानव धर्म है, वही बयां कर रही हैं , गीत की ये पक्तियां। एक कशिश, एक आकर्षक में मैं बंध सा जाता हूं, सदैव ही मुकेश जी के गाये ऐसे गीतों को सुनके।  मैं  भरपूर लुफ्त उठाना चाहता था कल इन गानों का , परंतु ऐसा हुआ नहीं। खबरें एक के बाद एक आती ही चली गयीं , एक अपने शुभचिंतक की भी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गयी। वह समाचार भी तो लिखना और  भेजना था। खैर, शाम ढलने से पहले अपने मुसाफिरखाने पर आ ही गया था। जैसे ही ईयरफोन कान में लगाया मुकेश के एक प्यारे से नगमे -
कहीं दूर जब दिन ढल जाए
साँझ की दुल्हन बदन चुराए
चुपके से आए
मेरे ख़यालों के आँगन में
कोई सपनों के दीप जलाए, दीप जलाए
     के साथ अपनी स्मृतियों को सांझा करने  लगा।  28 जुलाई वर्ष 1969 को ही सिलीगुड़ी के एक नर्सिंग होम में एक अति स्वास्थ्य शिशु के रुप में जन्मा यह पथिक तीन प्रांतों के कई जनपदों का भ्रमण करते, घर- परिवार से दूर वर्ष 1994 में इस अनजान नगर का वासी हो गया था ,कुछ यूं ही कि
सुनसान नगर अन्जान डगर का प्यारा हूँ
आवारा हूँ, आवारा हूँ
आबाद नहीं बरबाद सही
 गाता हूँ खुशीके गीत मगर
 ज़ख्मों से भरा सीना है मेरा
हंसती है मगर ये मस्त नज़र

     यहां अपनी पत्रकारिता का सफर कुछ ऐसा ही रहा। बस मेरी एक जिद्द ने मुझे बर्बाद कर दिया कि अपनी कलम से संस्थान की गुलामी के शर्त पर मैं बड़े अखबार में नहीं जाऊंगा। मुझे आजादी बचपन से ही पसंद थी, नहीं तो घर का त्याग क्यों करता। सो, कलम की आजादी हासिल की । मेरी खबरों की चर्चा शहर में निश्चित रही । लेकिन मैं श्रीहीन हूं । सो, परिणाम सामने है कि अपना जन्मदिन बंद कमरे में वहीं सूखी चार रोटी एवं थोड़ी सी सब्जी खा कर कुछ यूं मुस्कुराते हुये मना लिया कि

सब कुछ सीखा हमने ना सीखी होशियारी
सच है दुनियावालों कि हम हैं अनाड़ी
खुद पे मर मिटने की ये ज़िद थी हमारी
सच है दुनियावालों कि हम हैं अनाड़ी

     मेरे कई पैसे वाले मित्रों का संदेश आया कि कहां केक कट रहा है, बताएं न कहां आऊं ? दरअसल उनका दोष नहीं है, यह समाज भी यही समझता है कि पत्रकारों की दुनिया बड़ी चमक- दमक वाली है। पर हम जैसों के लिये नहीं, यह उनके लिये है जो घर से सम्पन्न हो,कारोबारी हो या फिर जुगाड़ तंत्र के खिलाड़ी हो। अब जहां तक केक काटने की बात है, तो वर्ष 1993 में आखिरी बार कोलकाता में केक काटा था, इसके बाद भी कभी जन्मदिन मनाया , मुझे तो याद नहीं । उस 28 जुलाई की खुबसूरत यादें मैं कहां भूल पाया हूं अब भी। लम्मे समय से बीमार चल रहीं मां(नानी) ने वहां कोलकाता में मेरे दोनों ही बर्थडे पर एक दिन पहले से ही तैयारी करनी शुरू कर दी थी। तरह- तरह के व्यंजन बने थें। रिबन,बैलून और पुष्प से कमरे की आकर्षक सजावट की गयी थी। अस्वस्थ मां को इस तरह से हड़बड़ी में कभी नहीं देखा था। मुनिया कहां हो, चलों यह पहनों, जाओ भगवान जी को प्रणाम करो आदि-आदि...
      भोजन व्यवस्था पर उनका विशेष ध्यान था। सांगरी की सब्जी, कांजीबड़ा, काफी बड़े भगौने में केशर, बदाम आदि मेवा डाला हुआ खीर और मिठाइयां तो तमाम थीं ही। रजनीगंधा फूल की बड़ी -बड़ी मालाओं से देवताओं और पूर्वज( बाबा की मां) की सजी तस्वीरों एवं पूजा स्थल का श्रृंगार देखते ही बनता था। एक बड़ा माला मेरे लिये भी था , इनमें से। लिलुआ से फोटो खिंचने बड़ी मां( नानी) के पुत्र आये थें। बाबा नीचे गिफ्ट एवं कपड़े की दुकान पर पहले ही ले जाते थें। प्यारे देखो यह चलेगा ? बाबा के इस प्यार को भला मैं कैसे भुला पाऊंगा । नीचे कारखाने से हाड़ी दादू
शाम ढलने से पहले ही खोवा, संदेश, चाकलेट पाउडर , चेरी से निर्मित खूबसूरत केक भेज देते थें। अब मां ही नहीं तो फिर  जन्मदिन कैसा।
   यहां तो जो पहचान है, वह यह कि मैं एक मस्त फकीर हूं। हां, मेरी लेखनी की भी कुछ पहचान है,तभी तो पीएचडी किये लोग भी इस इंटर पास पत्रकार को सर जी कहते मिल जाते हैं।  इस सम्मान का हकदार मैं कैसे हुआ जानते हैं, सिर्फ उत्साह से। हमारा सबकुछ क्यों न चला जाए, लेकिन हम उत्साह से लबरेज हैं, तो हानि भी सहन कर लेंगे साथ ही कर्म पथ से भी विचलित नहीं होंगे। अपनी कहूं तो जो व्यक्ति हिन्दी में गोबर गणेश रहा, उसी ने समाचार लेखन की अपनी एक अलग शैली विकसित कर ली। यह न्यूज और व्यूज की खिचड़ी जिसमें जिसमें जायके के लिये कुछ तीखा- मीठा मसाले का जो मैंने प्रयोग किया। वह पाठकों को पसंद आया, संस्थान ने भी हस्तक्षेप नहीं किया, इस तरह से मैं मीरजापुर का गांडीवधारी हो गया। परंतु यह तभी सम्भव हुआ जब मैं सच की राह पर रहा।  मेरे समक्ष किसी का जुगाड़ तंत्र काम नहीं आता था। पर एक बात कहूं, अपनी लेखनी को तो मैंने इस जुगाड़ तंत्र से बचा लिया। लेकिन, मैं टूटता ही गया

दिल जाने, मेरे सारे, भेद ये गहरे
खो गए कैसे मेरे, सपने सुनहरे

    सम्भवतः मेरा यही दर्द मेरी लेखनी में  समाती जा रही है। फिर भी जिस स्थान पर मैं हूं, आप सभी प्रबुद्ध जन भी हैं। हमें कोई तो राह निकालनी ही होगी कि इस जुगाड़ तंत्र के समक्ष प्रतिभाएं कुंठित न हो, ईमान आंसू न बहाये , सच राह न बदल ले और पथिक व्याकुल न हो। तभी न हम और आप भी ...

 मर के भी किसी को याद आयेंगे
किसी के आँसुओं में मुस्कुरायेंगे
कहेगा फूल हर कली से बार बार
जीना इसी का नाम है

Friday, 27 July 2018

गुरु से ज्ञान नहीं, उनकी सरलता चाहता हूं




गुरु किया है देह का, सतगुरु चीन्हा नाहिं ।
भवसागर के जाल में, फिर फिर गोता खाहि
     
आज गुरु पूर्णिमा है। महात्मा और संत को लेकर मेरा अपना चिंतन है। यदि गुरु से अपनी चाहत की बात कहूं तो, मुझे गुरु से ज्ञान नहीं चाहिए, विज्ञान नहीं चाहिए, दरबार नहीं चाहिए एवं भगवान भी नहीं चाहिए। मैं तो बस उनकी सरलता चाहता हूं। ज्ञानी-ध्यानी होने से कहीं अधिक श्रेष्ठ है सरल होना। स्मृतियां मुझे बहुत पीछे खींचे ले जा रही हैं। उन संस्मरणों को याद कर आज भी मेरा मन आनंदमग्न हो जा रहा है। तब मेरा यौवन उफान पर था। अवस्था 22-23 वर्ष ही होगी। जब वाराणसी में गुरु के आश्रम पर रहने लगा था। पांवों में खड़ाऊं पहनना कितना सुखद लगता था। नये लोग तो इसे पहन ठीक से चल भी नहीं पाते थें, पर मैं आश्रम के समानों को दूर बाजार से खरीद भी आता था, इसे पहने हुये । अब तो रबड़ के पट्टे वाला खड़ाऊं लोग पहनते दिख जाते हैं, पर इसका कोई लाभ नहीं है।  घर से संबंध टूट गया था। दो जून की रोटी की व्यवस्था नहीं थी । फिर भी भूख, की पीड़ा मैंने कभी भी एवं कहीं भी जाहिर नहीं होने दी । एक संयोग ही था या प्रातः भ्रमण का लाभ कि कम्पनी गार्डेन में श्वेत वस्त्र धारी सतनाम का निरंतर जप करने वाले गुरुदेव से मुलाकात हुई थी। कुछ दिनों तक हम दोनों ही वहां साथ- साथ भ्रमण करते रहें। एक दिन उन्होंने स्वयं मुझसे आश्रम में रहने को कहा, कोई शर्त भी नहीं रखा था मेरे लिये। बस सतनाम मंत्र जाप करने को कहा। भोजन हम दोनों ही मिल कर एक समय बनाते थें । मेरे गुरु बहुत बहुत सरल स्वभाव के रहें। अब जब वानप्रस्थ आश्रम में प्रवेश कर रहा हूं, तो मैं गुरु जी के इसी सरल भाव को दर्पण की तरह अपने समक्ष रखने का पूरा प्रयत्न करना चाहता हूं। परंतु, वहां आश्रम में भी जब "सतनाम" और "राम" को लेकर द्वंद की स्थिति मैंने पाया। जो सरलता मुझे लुभा रही थी,वह जटिलता में बदलती जा रही थी। आश्रम का यही ज्ञान युद्ध मेरे मन की शांति को भंग करने लगा था। मेरा जो अपना यह चिन्तन है, वहीं मेरी सबसे बड़ी कमजोरी या ताकत मैं नहीं जानता। पर इसी कारण मैं आश्रम त्याग वहां जैसे आनंदमय जीवन से वंचित हो गया।  फिर सामान्य मनुष्य की तरह मुजफ्फरपुर, कालिंपोंग, बनारस और पिछले ढ़ाई दशक से इस मीरजापुर में आजीविका की तलाश में भटकता ही रहा साथ ही तमाम विकारों से युक्त हो गया फिर से। वैसै, मैं उन सभी श्रेष्ठ जनों सें कुछ न कुछ सीखते रहना चाहता हूं, जो सरल हैं , सहज हैं और सादगी पसंद हैं । महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री जी की जीवनशैली में मुझे एक सच्चे महात्मा व संत का दर्शन होता है। महान और सामर्थ्यवान होकर भी उनका रहन-सहन एक आम आदमी जैसा ही रहा, वस्त्र और आहार भी। मैंने भी इस वर्ष से पकवान का त्याग इसीलिये किया हूं कि आम आदमी बन सकूं। विरक्त हो सकूं। एक वक्त दलिया और दूसरे समय सिर्फ सादी रोटी- सब्जी से बढ़ती शारीरिक दुर्बलता देख राष्ट्रीय सहारा समाचार पत्र के ब्यूरोचीफ बड़े भैया प्रभात मिश्र जी अपने घर से देशी गाय का शुद्ध दूध इन दिनों मेरे लिये लेते आते हैं,अपने दफ्तर में। आज ही राज्यसभा सदस्य रामसकल जी एक बार पुनः मुझे इलाज के लिये एम्स ( दिल्ली) चलने के लिये कह रहे थें। यह मेरा सौभाग्य है कि इतना स्नेह रखने वाले विशिष्ट लोग मुझे इस अनजान शहर में मिले हैं। लेकिन, सच कहूं तो मैं अपने जीवन को और उलझाना नहीं चाहता ,न ही अधिक लम्बा खींचने की इच्छा है। हो सकता है कि यह जो अनाशक्ति का भाव है, उसी ने मेरे जीवन में एक खालीपन सा ला दिया है ,जिसकी भरपाई मैं ब्लॉग लेखन से कर रहा हूं। जहां से कुछ सीखने को मिल रहा है, वही मेरा गुरु है।
  शरीर की सूखी हड्डियों के घर्षण से उत्पन्न ज्ञान के प्रकाश से युक्त गुरु के लिये भी भक्त द्वारा की गई प्रशंसा मेघ बन उस ज्ञान रुपी दीपक को बुझा सकती है। विंध्याचल के काली खोह में प्रख्यात संत मौनी बाब सहित तीन लोगों की निर्मम हत्या के लिये जिम्मेदार मैं उन धनी भक्तों को ही मानता हूं , जिन्होंने एक विरक्त महात्मा के निवास स्थान को वैभव सम्पन्न बना दिया था। जबकि वे चबूतरे पर खुले में सोने वाले तपस्वी थें। नवरात्र में हिमाचल क्षेत्र से यहां विंध्य क्षेत्र में शक्ति अर्जित करने आते थें। हमारे धर्म शास्त्रों में यह कहां  लिखा है कि गुरु भव्य सुविधा सम्पन्न आश्रम और मठ में रहते थें। वे तो एकांत में कुटिया बना कर रहते थें न। बुद्ध, महाबीर, साईंबाबा, कबीर, तुलसी, रैदास  क्या आप बता सकते हैं कि इनमें से किसी के पास भी महलों जैसा मठ-आश्रम था। परंतु अब जब वे नहीं हैं , तो सब है उनके पास । गुरु दरबार का यह वैभव एक निर्धन शिष्य की कामनाओं का शमन किस प्रकार करेगा। मैंने इस जनपद में सिर्फ मौनी बाबा का ही मन से चरण स्पर्श किया है अब तक एवं उनके ठीक सामने उसी पत्थर के चबूतरे पर बैठ ज्ञानगंगा से सराबोर भी होता रहा।  एक बात और अपनी कहना चाहता हूं कि साधक अपने पर मेनका के विजय से  विचलित नहीं हो, फिर से वह प्रयत्न करे विश्वामित्र की तरह कभी तो वशिष्ठ उसे भी ब्रह्मर्षि कहेंगे ही।

Wednesday, 25 July 2018

बाबू यह दुनिया एक जुगाड़ तंत्र है




        न न्याय मंच है, न पंच परमेश्वर



आज भी सुबह बारिश में भींग कर ही अखबार बांटना पड़ा। सो, करीब ढ़ाई घंटे लग गये। वापस लौटा तो बुखार ने दस्तक दे दी,  पर विश्राम कहां पूरे पांच घंटे तक मोबाइल पर हमेशा की तरह समाचार संकलन और टाइप किया। तब जाकर तीन बजे फुर्सत मिली। मित्रों का कहना है कि जब तुम धन और यश दोनों से ही दूर हो, एकांतप्रिय हो गये हो, तो फिर इस उम्र में अपने शरीर को इतना प्रताड़ना क्यों दे रहे हो। सामने पकवान की थाली भी सजी हो, तो भी चार सादी रोटी बनवा कर थोड़ी सी सब्जी संग ही काम चला लेते हो। बहुतों को लगता हो कि यह मेरी सनक है। कुछ तो कह भी देते हैं कि यह क्या पागलपन है कि सुबह पौने पांच बजे ही पेपर बांटने निकल पड़ते हो। वहीं ,जो पुलिस अधिकारी या पैसेवाले लोग प्रातः मुझे साइकिल खड़ी कर बंद दुकान के शटर में से अखबार डालते देखते हैं, वे जो मेरे हॉकर वाले इस रुप से अनभिज्ञ हैं। उन्हें संदेह होने लगता है कि यह शख्स मैं ही हूं कि कोई दूसरा, क्यों कि उन्होंने ने अपने करीबियों से मेरे बारे में यही सुना था कि मैं एक ईमानदार और ठीक-ठाक पत्रकार हूं। मेरी लेखनी को तो वे पहचानते  हैं । लेकिन, जैसा कि अकसर होता है कि मेरा समाचार पत्र विक्रेता वाला पहचान दब जाता है।
    अब पहले आपके इस सवाल का जवाब दे दूं कि मैं अब भी अखबार क्यों बांटता हूं। तो बंधुओं इसके पीछे मेरी अपनी फिलासफी है। पहला तो यह कि साइकिल की गति के साथ उखड़ती सांसें मेरे चिन्तन की शक्ति भी बढ़ती हैंं। दूसरा मैं अपने इस श्रम का उपहास उड़ते देखना चाहता हूं, ताकि उन तमाम उपदेशकों से आंखें मिला कर यह कह सकूं कि तुम्हारा दर्शन शास्त्र झूठा है। सच तो यह है कि एक  ईमानदार व्यक्ति के परिश्रम की कमाई से ठीक से दो जून की रोटी भी नहीं है। मिसाल के तौर पर मैं सामने खड़ा हूं। है यदि साहस तो आंखें मिलाकर आओ मुझसे बात करों न। तीसरा कारण मैं एक पत्रकार के रुप में अखबार वितरण के माध्यम से श्रमजीवी वर्ग को यह बतलाना चाहता हूं कि आजीविका के लिये कुछ तो जुगाड़ का कारोबार करों। अन्यथा सावधान ! ईमानदारी का तमगा बांटने वाले ऐसे उपदेश , जाहे तुम कितने भी योग्य हो, अपने कर्म को ही धर्म मानते हो, चाहे गीता के इस ज्ञान को किसी से सुन बैठे हो कि जैसा कर्म करेगा, वैसा फल देगा भगवान । अरे पगले! ऐसा कुछ भी नहीं है । प्यारे यह दुनिया जुगाड़ से चलती है। अन्यथा अपने जुम्मन चाचा को साठ वर्ष की इस अवस्था में रिक्शा क्यों खिंचवाते ईमानदारों के ये शहंशाह। क्या कसूर है ,उनका यही न कि जुगाड़ तंत्र से वाकिफ नहीं थें। नहीं तो अपने जमाने के इंटर पास हैं। सुबह एक दुकान के चबुतरे पर निढ़ाल पड़े मिलते थें। बीड़ी पी लेते हैं, पर दारू को हाथ तक नहीं लगाया है। ऐसे बहुत से लोग मिलते हैं सुबह, जेंटलमैनों की इस दुनिया में। अतः मित्रों मेरा चिन्तन स्पष्ट है कि यहां  न न्याय मंच है, ना ही पंच परमेश्वर। यहां जो है, वह जुगाड़ है, मक्कारी है, चाटूकारिता है, गणेश परिक्रमा है और झूठ की जय है । आपने कभी उस महिला अध्यापिका का दर्द जाना है, जिसके पास कितनी ही डिग्रियां हैं, स्वयं भी बहुत शिष्ट है, पर दुर्भाग्य से सरकारी नौकरी नहीं मिली, तो प्राइवेट स्कूल की चाकरी करनी पड़ी। पूरे निष्ठा से विद्यालय में अपना शिक्षक धर्म निभाने के बावजूद वेतन उसे कितना मिलता है, मालूम है न ? और उसकी मनोस्थिति का यह भी सच मैं आपकों आज बतलाता हूं कि वह हर बच्चों से यही कहती है कि सकारात्मक सोचो, खूब प्रगति करोगे। परंतु  उसका स्वयं का जीवन पीड़ादायी संघर्ष से गुजरता है। वह देख रही है कि सरकारी स्कूलों में स्वेटर बुनाई कर उससे कम योग्य अध्यापिकाएं उसकी अपेक्षा दस गुना वेतन पा रही हैं। उसका आत्मबल तब और भी टूटने लगता है, जब वह अपने ही विद्यालय के किसी सहयोगी शिक्षिका को नये - नये फैशन वाले पोशाक, महंगे स्मार्टफोन और बढ़िया कम्पनी की स्कूटी से देखती है, जो स्कूल से निकल रेस्टोरेंट में भी लजीज व्यंजनों का लुफ्त उठा रही होती हैं और यहां तो उसे अपने बच्चों के लंच बाक्स में कुछ महंगी भोज्य सामग्री रखने तक के लिये बजट में कहां- कहां से कटौती नहीं करनी पड़ती है। आखिर सहयोगी शिक्षिका ने किस जुगाड़ तंत्र से यह अमीरों जैसी व्यवस्था हासिल की ,यह भी जगजाहिर है। कोई अपना ईमान बेच रहा तो कोई अपना तन और कोई मन भी बेच रहा है !  राजनीति के क्षेत्र में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है । कल तक जो बड़े माफिया थें , आज धन,जाति और बाहुबल रुपी इस  जुगाड़ तंत्र से माननीय बन बैठे हैं। पूछे ना साहब फिर वे भाषण मंच से किस तरह से नैतिकता की बातें करते हैं। मैं अपने जैसे कुछ पत्रकारों की बात छोड़ दूं, तो वहां उनके चौखट पर मीडिया कर्मी परेड करते रहते हैं। बड़े समाजसेवी के रुप उनकी नई पहचान माननीय वाली बनाने के लिये चार से छह कालम की खबर अगले दिन छपती है। उधर , अपने कामरेड सलीम भाई लाल सलाम कहते-कहते केश- दाढ़ी सफेद कर चुके हैं।कितने ही क्रांति दूतों की पुस्तकें उन्होंने पढ़ी होगी, पर वोटों के जुगाड़ तंत्र की सियासत नहीं जानते हैं, इसलिये कल भी पैदल थें और आज भी है।
    अब क्या कहूं , अपने अहिंसा के पुजारी अपने गांधी जी की लंगोटी तक ये जुगाड़ू नेता बटोर ले गये , तो हमें सादगी से रहने का उपदेश देने वाले बुद्ध, महावीर और साईं बाबा भव्य उपासना स्थलों में आज बैठे हैं। मेरे पिता जी स्वयं एक ईमानदार अध्यापक थें। वे क्यों झुंझला उठते थें, अब मुझे इसका एहसास हुआ है। फिर यदि समाज आपको ईमानदार नहीं बने रहने देना चाहता है, वह आपके श्रम का उपहास उड़ाता है। जैसा मैंने अपने कानों से सुना है और कुछ अपनों ने भी टोका है कि जानते हो, लोग तुम्हारे बारे में क्या कहते हैं ? जाने दो नहीं बताऊंगा ,नहीं तो तुम्हारे स्वाभिमान को ठेस पहुंचेगा। वैसे, उन्हें यह भी मालूम है कि मान- अपमान को लेकर मुझे उतनी पीड़ा नहीं होती है अब, जितना मुझे कोई ईमानदार पत्रकार कह कर सम्बोधित करता है तब । मैं अपने जीवन की डिक्शनरी से इसी एक शब्द को मिटा देना चाहता हूं। अपनी खुशी के लिये भी और अपने जैसों को भी इसी जुगाड़ तंत्र की राह पर लाने के लिये। आप कह सकते हैं कि शशि भाई पच्चीस वर्षों के इस संघर्ष को आप पल भर में यूं नहीं नष्ट करें  और मैं कहता हूं कि जब समाज अपने कर्मपथ पर चलने वाले लोगोंं का संरक्षण नहीं करें, तो हमारी ईमानदारी किसके लिये है, क्या उपहास करने वालों के लिये है अथवा इस रंगबिरंगी दुनिया में फकीर बनने के लिये हैं । या फिर अपनी ही राह पर औरों को भी लाकर उसे बर्बाद करने के लिये है।
     भले ही आज जब मैं साइकिल से अखबार बांट रहा होता हूं, तो पीछे से कोई पगलवा पत्रकार कह लें, कोई वेदना नहीं  होती है। संस्थान ने मेरी वफादारी को मेरी बेरोजगारी में तब्दील कर दिया ,उसका भी गम नहीं है। मुकदमे ने मेरी लेखनी को कमजोर कर दिया, उससे भी मैं नहीं घबड़ाया। इसलिये  क्यों कि जुगाड़ तंत्र ने काफी पहले ही मेरा दंड निर्धारित कर दिया था । पर यह मेरी भी जिद्द ही थी कि मैंने उसके सामने (जुगाड़ तंत्र ) समर्पण नहीं किया और अब तो करने का कोई सवाल ही नहीं, क्यों कि जिस अवस्था में मैं अब हूं, वहां मोह के लिये कोई स्थान नहीं है। यहां मैं यदि अपने जीवन के इस सफर पर पूर्ण विराम लगा भी दूं, तो मुझे तनिक भी दुख नहीं होगा। हां, एक  चिन्ता थी कि मृत्यु के पश्चात मेरे इस संघर्ष की कहानी इतिहास के पन्नों में दफन न हो जाए, तो इसके लिये ब्लॉग पर बहुत कुछ लिख चुका हूं। सो, आजके लिये बस इतना ही कि

 " ये दुनिया जहां आदमी कुछ नहीं है,
   वफ़ा कुछ नहीं, दोस्ती कुछ नहीं है,
   यहाँ प्यार की कद्र ही कुछ नहीं है,
  ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या हैं?"

Monday, 23 July 2018

सावन के झूले पड़े तुम चले आओ






सावन के झूले पड़े
तुम चले आओ
दिल ने पुकारा तुम्हें
तुम चले आओ
तुम चले आओ...

    रिमझिम बारिश के इस सुहावने मौसम में अश्वनी भाई द्वारा प्रेषित इस गीत ने स्मृतियों संग फिर से सवाल- जवाब शुरू कर दिया है। वो क्या बचपना था और फिर कैसी जवानी थी। ख्वाब कितने सुनहरे थें ,यादें कितनी सताती हैं। अकेले में यूं ही कुछ गुनगुनाता हूं-

जब दर्द नहीं था सीने में
क्या ख़ाक मज़ा था जीने में
अब के शायद हम भी रोयें सावन के महीने में
यारो का ग़म क्या होता है
मालूम न था अन्जानों को
साहिल पे खड़े होकर अक़्सर
देखा हमने तूफ़ानों को
अब के शायद दिल भी डूबे
मौजों के सफ़ीने में

 सचमुच ऐसे दर्द को सहने का अपना ही अलग मजा है और अलग अंदाज भी। पर अभी तो बचपन की याद आ रही है। सावन का यह महीना हम तीनों भाई- बहन के लिये कितना  खास होता था, वहां बनारस में। हो भी क्यों न बाबा विश्वनाथ की नगरी है हमारी काशी। सावन के सभी सोमवार  व्रत के नाम से ही सही हम सभी को दिव्य स्वादिष्ट पकवान जो भोजन के रुप में मिलते थें। सिंघाड़े के आटे का हलुआ तो मुझे सबसे  अधिक प्रिय था ही। फलहारी कढ़ी, तली हुई मूंगफली और फिर आलू भी साथ में पकौड़ी सारी सामग्री सिंघाड़े के आटे से ही बनती थीं। तब घर पर अपना विद्यालय नहीं था , पापा एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थें। सो, ऐसे फलहारी पकवान  हम सभी को सिर्फ व्रत के दिन ही मिल पाता था। सो, हम बच्चे न जाने कितनी ही बार घर पर पूछा करते थें कि बताएं न सावन  कब आएगा। वैसे , तो शिवरात्रि पर भी यह सबकुछ खाने को मिलता था और अनंत चतुर्दशी की भी याद है सेवई, पूड़ी और बिना नमक वाली मूली की सब्जी मिलती थी। खूबसूरत अनंत खरीद कर और पूजा भी करवा मैं ही तो लाता था। फिर करवाचौथ पर चावल से निर्मित लड्डू खाने के लिये मैं किस तरह से सियामाई के चित्र के समीप ही डेरा डाले रहता था। शीतला पूजन बसौड़ा पर्व पर गुलगुले की मिठास अब भी याद। हम दोनों भाइयों को सोने का लाकेट , जिस पर शीतला देवी की आकृति होती थी , पहनाया जाता था। तब पूछे न साहब , उस बालपन की बात अपनी सीना भी किस तरह छप्पन इंच चौड़ी हो जाया करती थी। जन्माष्टमी पर सजावट भी तो मैं ही करता था और सरस्वती पूजा पर जिस सफेद चादर से जिस तरह से पर्वत निर्मित करता था, ताऊ जी मेरी कलाकारी देख स्नेह से पूछा करते थें कि क्या तुमने सजाया है। इस बार रथयात्रा पर बाबा की बहुत याद आयी। कोलकाता में मुझे घर पर ही दो बार रथ सजाने का अवसर मिलाता था। बाबा ने क्या- क्या नहीं मंगवा के दिया था। याद कर आंखें न जाने क्यों बार-बार नम हो जाती है कि हम बच्चों से इस कदर स्नेह करने वाले बाबा को एक अनजाने ठिकाने पर गम से भरी ऐसी मौत क्यों मिली थी। सभी ने उनसे नाता यूं तोड़ लिया था, मानों उनकी परछाई से भी कलंकित होने का भय था । कोलकाता से बनारस जब वे बीमारी की हालत में आये थें और सभी अपनों ने मुंह फेर लिया था, तो यह हम सबसे के लिये उनका आखिरी शब्द था,  " देखा हो गया"। डबडबाई आंखें लिये वे चले गये, फिर न कभी वापस आने के लिये! यह प्यारे ( मेरा नाम) अपने प्यारे से बाबा के लिये बस इतना ही कहने की स्थिति में है-

   जाने वो कैसे लोग थे जिनके प्यार को प्यार मिला..

   खैर, बात सावन महीने की कर रहा था और ये स्मृतियां मुझे फिर से घसीटकर कहां ले गयीं। हां, याद आया वह सावन का मेला जब बनारस में था, तो प्रथम और आखिर सोमवार हम सभी मृत्युंजय महादेव मंदिर जाया करते थें। बड़ा भव्य मेला लगता था। वो पीतल की अंगूठी भला कैसे भूल पाऊंगा। जिसके लिये कितनी हिफाजत से पचास पैसे बचाये रखता था।  मिट्टी से शिवलिंग बनाता था और उसे रंगता था। सृजन में मेरी बचपन से ही रुचि थी, एक चित्रकार जो बनना चाहता था। पतंग उड़ाने नहीं आती थी, फिर भी कटी पतंगों को रंगबिरंगे कागजों से खूब सजाता था। अकसर पतंग और शिवलिंग मुहल्ले का एक लड़का खरीद ले जाया करता था। क्या करता घर पर पैसे की जरूरत जो थी। सो, अपनी प्रिय सामग्री भी बेच दिया करता था। तब पांचवीं- छटवीं कक्षा में ही तो पढ़ता था। फिर भी परिस्थितियों ने दुनियादारी सिखला दी थी। पर कटी पतंगों को सजाते - संवारते समय यह कभी नहीं सोचा था कि मैं भी एक दिन इनकी ही तरह कटी पतंग बन जाऊंगा और फिर मुझे कोई न सजा- संवार पाएगा। बस यें दर्द भरे नगमे गुनगुनाता रह जाऊंगा-

  ना कोई उमंग है, ना कोई तरंग है
मेरी जिंदगी है क्या,एक कटी पतंग है।

      किस्मत का खेल भी निराला होता है। अभी तो सावन में मानस मंदिर की बहुत याद आ रही है। कितनी अच्छी झांकियां सजती थी ,इस मंदिर में। आज भी सजती होगीं ही। परंतु बचपन बीता और सावन मेला भी पीछे  छूट गया। उस ठेकुआ का स्वाद भी भूल गया , जिसे मानस मंदिर जाने से पूर्व दुर्गा मंदिर में चढ़ाने के लिये मम्मी बनाती थी और हम तीनों बच्चे मुंह पर ताला लटकाएं ,उसकी सुंगध को दूर से महसूस किया करते थें। ठेकुआ मुझे अत्यधिक प्रिय है, इसलिये मौसी जी बाद में भी मुझे भेजा करती थीं , यहां मीरजापुर में भी। सावन के महीने में रेनी-डे का अपना अलग मजा था। पहले बारिश भी तो  लगातार कई दिनों तक हुआ करती थी। कक्षा छह में जब था तो एक बार स्कूल के बच्चों संग पिकनिक पर जाने का अवसर इसी सावन में मिला था। तब 11 वर्ष का ही तो था, परंतु देवदरी और राजदरी जैसे जलप्रपात का प्राकृतिक सौंदर्य अब भी याद है, मुझे। पर विडंबना तो देखें जरा मेरी यहां मीरजापुर में ढ़ाई दशकों से हूं। कितने ही आकर्षक पर्यटक स्थल हैं यहां , परंतु न जाने कितने सावन यूं ही गुजर गये , किसी भी जलप्रपात को समीप से नहीं निहार पाया हूं। अब तो बचपन के बाद जवानी से भी नाता टूट चुका है। बचपन में घर के छत पर लटकती बरगद की डाल से सावन में  झूला करता था, तो जवानी में किसी हमसफर की चाहत में झूमा करता था और अब जीवन के तीसरे और अंतिम  पड़ाव में बस इस सावन में,यूं ही बोला करता हूं -

कोई लौटा दे मेरे, बीते हुए दिन
बीते हुए दिन वो हाय, प्यारे पल छिन
मेरे ख्वाबों के नगर, मेरे सपनों के शहर
पी लिया जिनके लिये, मैंने जीवन का ज़हर
 ऐसे भी दिन थे कभी, मेरी दुनिया थी मेरी
 बीते हुए दिन वो हाय, प्यारे पल छिन कोई लौटा दे ...

मित्रों, मेरे जीवन में सावन की उपयोगिता अब बस इतनी है  कि ग्रीष्म ऋतु से दुर्बल इस तन को रिमझिम बारिश कार्य करने के लिये नवीन उर्जा देती है। अब यह न कहना कि मैं फिर से विलाप कर रहा हूं।  हुजूर  ! ये स्मृतियां हैं , जो अटखेलियां यूं ही किया करती हैं। क्या तुम मुझसे जब भी मिलते हो, मैं मुस्कुराता नजर नहीं आता हूं ? पत्रकार जो हूं न, जिसकी अपनी पीड़ा नहीं होती है। समाज हमें हर वक्त याद दिलाता है कि उसका दर्द ही हमारा है।

Sunday, 22 July 2018

प्यारे दुनिया ये सर्कस है

यहां जुगाड़ तंत्र से काम नहीं चलने वाला, कोड़ा जो किस्मत है


   

        "दुनिया ये सर्कस है। बार-बार रोना और गाना यहाँ पड़ता है। हीरो से जोकर बन जाना पड़ता है। "

  सचमुच कितनी बड़ी बात कह गये नीरज जी। सो, मैं उनकी इसी गीत में अपने अस्तित्व को तलाश रहा हूं -

 "  ऐ भाई ज़रा देखकर चलो,आगे ही नहीं पीछे भी।
   दाएं ही नहीं बाएं भी,ऊपर ही नहीं नीचे भी।
 तू जहां आया है वो तेरा घर नहीं, गांव नहीं, गली नहीं,  कूचा नहीं, रास्ता नहीं, बस्ती नहीं, दुनिया है और प्यारे
दुनिया ये सर्कस है। "

  इसी एक गीत को फिर से कई बार ऊपर से, नीचे से और बीच से भी पढ़ा । ऐसा नहीं है कि पहली बार इस गीत से परिचित हो रहा हूं। इस " मेरा नाम जोकर " फिल्म में ही तो मैं अपना प्रतिविम्ब देखता हूं। परंतु अब इसकी फ़िलॉसफ़ी को और करीब से समझ रहा हूं।
     गीत सम्राट गोपाल दास नीरज जी को गत वृहस्पतिवार की रात  मैंने भी तनिक मुस्कुराते ( ऐसे महान लोगों के महाप्रयाण पर अश्रुपूरित नेत्रों से लिखना मुझे अच्छा नहीं लगता) हुये मौन श्रद्धांजलि दी। मोबाइल पर कुछ टाइप कर रहा था , तभी उनके निधन की खबर सोशल मीडिया में चलने लगी। साथ ही उनकी ये चन्द पक्तियां भी जुबां  पर आ गयीं । कितनी संजीदगी से उन्होंने एक- एक शब्द कागज पर उतारे हैं। मानों मानव जीवन का पूरा दर्शन शास्त्र ही लिख डाला हो और आखिरी में जो लिखा है, वह तो मेरे लिये बड़े काम की चीज है। जिस अकेलेपन की बात मैं अकसर ब्लॉग पर किया करता हूं। उस अंधकार से स्वयं को बाहर लाने के लिये यह टिमटिमाता दीपक है। अतः बार- बार इन्हें पढ़ने और मन ही मन गुनगुनाने का मन कर रहा है। आदि शंकराचार्य ने भी कुछ ऐसा ही तो कहा था कि

     न मे मृत्युशंका न मे जातिभेद:
     पिता नैव मे नैव माता न जन्म |
     न बंधू: न मित्रं गुरु: नैव शिष्यं
     चिदानंद रूप: शिवोहम शिवोहम ।।

 और यहां भी नीरज जी दुनिया रूपी सर्कस का सत्य समझा गये है -

    " हाँ बाबू, यह सरकस है शो तीन घंटे का पहला घंटा बचपन है, दूसरा जवानी है तीसरा बुढ़ापा है और उसके बाद - माँ नहीं, बाप नहीं बेटा नहीं, बेटी नहीं, तू नहीं, मैं नहीं, कुछ भी नहीं रहता है । रहता है जो कुछ वो - ख़ाली-ख़ाली कुर्सियाँ हैं ख़ाली-ख़ाली ताम्बू है, ख़ाली-ख़ाली घेरा है बिना चिड़िया का बसेरा है, न तेरा है, न मेरा है। "

 अब यदि अपने मूल विषय पर आऊं , यानी कि अपने जीवन संघर्ष के विलाप को कुछ कम करके के इस सर्कस वाले सत्य पर चिन्तन करूं। हां, एक बात और मन को तरावट दे रही है, वह है कि मृत्यु के पश्चात किसी शख्स को न तो उसकी अमीरी - गरीबी से लोग याद रखते हैं और न ही उसके उसके उसके घर -परिवार से। स्वास्थ्य, रंग-रूप और रुतबे का भी तो मृत्यु के पश्चात को महत्व नहीं है। आज नीरज जी को हम इनमें से किसी एक के लिये भी याद कर रहे है क्या, नहीं न । उन्हें तो हम उनके गीतों से पहचानते हैं। उनकी पंक्तियों में छुपे संदेश से पहचानते हैं। यदि ऐसा न होता तो मृत्यु के बाद इंसान की पहचान भी अमीरों के ही हिस्से में चली जाती ? लेकिन साहब! यहां जुगाड़ तंत्र से काम नहीं चलने वाला है। यहां तो स्वयं का संघर्ष होना चाहिए, क्यों कि यहां कोड़ा जो किस्मत है। तभी अपनी भी पहचान बनेगी। सो, स्वयं को यह बात बतानी होगी , सौ बार मन को समझाना होगा कि

"  गिरने से डरता है क्यों, मरने से डरता है क्यों, ठोकर तू जब न खाएगा, पास किसी ग़म को न जब तक बुलाएगा, ज़िंदगी है चीज़ क्या नहीं जान पायेगा ,रोता हुआ आया है चला जाएगा। "
  कितना सहज भाव से बिल्कुल सरल शब्दों में नीरज जी ने जिस तरह से मानव जीवन दर्शन का सार तत्व इस गीत में प्रस्तुत किया है, जिसे बार- बार पढ़कर इस पथिक का व्याकुल मन भी आह्लादित हो उठा है। निराशाओं का बादल छटा है और आशाओं का सबेरा दिखाई पड़ रहा है। आखिर इंसान जीवन संघर्ष को लेकर इतना व्यथित क्यों होता है। इतनी विकलता क्यों है उसमें । यह तो हमारा प्रशिक्षण है। बिना ठोकर खाये , बिना ईमानदारी दिखलाये आज मेरी जो पहचान है, वह प्रेस लिखे चार पहिये गाड़ी की सवारी से होती क्या ? यही संघर्ष ही तो रचना बन हमारी- आपकी जीवन यात्रा को एक नया आयाम देता है, पहचान देता है और फिर विश्राम के बाद गुमनाम होने के भय से मुक्ति भी । नीरज जी जैसे रचनाकारों को मृत्यु क्या अपनी सीमा से बांध पायी ? वे तो सदैव धड़कते रहेंगे अपनी गीतों में। हां , हर इंसान उतना सामर्थ्यवान नहीं है कि वह भी बड़ा रचनाकार बनेंं, पर एक जो संदेश हम छोड़ कर इस समाज में जा सकते हैं कि जो भी रंगमंच हमें मिला है, पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से हमने उस पर अपनी भूमिका निभाई है। यदि मैं जनपद स्तरीय पत्रकार हूं, तो जनता की बातों को मैंने उठाई है, तो फिर गुमनामी का क्या भय है। हर किसी को यही करना है, यदि दुनिया में कायम रहना है। मुझे पता है कि ब्लॉग के कुछ पन्नों पर मेरे हृदय की धड़कनों का एहसास स्नेही जनों को होगा। जब मैं ना रहूंगा और मेरे मित्र उन पन्नों को सहेजेंगे, उसे आकर मिलेगा और मेरा स्वप्न साकार होगा। मैं रहूं न रहूं ,इससे क्या फर्क पड़ता है। परंतु मेरी कोई रचना यदि आपके काम आयी, तो इससे मुझपर निश्चित ही फर्क पड़ना है। नीरज जी को हम यूं ही नहीं याद कर रहे हैं। इसके पीछे उनकी वर्षों की साधना है। सो, भले ही ताली ना बजाओ मित्रों हमारे जैसों के संघर्ष पर , याद रखों लेकिन आपकों भी इसी राह से गुजरना है, यदि कुछ करके मरना है।

Friday, 20 July 2018

चलते चलते मेरी ये बात याद रखना

भीख मांंगों या कलम को असलहा बना डाका डालो


ज़िंदगी का सफ़र है ये कैसा सफ़र
 कोई समझा नहीं कोई जाना नहीं
 है ये कैसी डगर चलते हैं सब मगर
 कोई समझा नहीं कोई जाना नहीं

अब जब इस जिंदगी के सफर की पहेलियों से उभर कर अपनी इस कठिन जीवन यात्रा को विश्राम देने के प्रयास में जुटा हूं, तो स्मृतियों की घेराबंदी कुछ बढ़ती जा रही है। मन में सवाल उठ रहा है कि किन्हें खोया और क्या पा लिया।  साथ ही एक कोशिश अभी और भी शेष है कि कर्म पथ से मुक्ति पथ की ओर बढ़ते हुये, वह है-

रोते रोते ज़माने में आये मगर
हँसते हँसते ज़माने से जायेँगे हम

 चाहत यही हूं कि ऐसा ही कुछ कर सकूं। ईमानदारी का जो लेबल मुझ पर चस्पा है। वह तो निश्चित ही साथ लेकर जाऊंगा। पर अफसोस थोड़ा है कि इस ईमानदारी को यह जुगाड़ तंत्र बेवकूफी समझता है और मुझे अनाड़ी। मेरे एक मित्र,जो निश्चित ही मेरा सम्मान करते हैं, ने कल ही बातों ही बातों में कहा था कि पत्रकारिता में आपने थोड़ी सी चूक कर दी, जो समय के साथ चलना नहीं सीखा। वे काफी सम्पन्न पत्रकार हो गये हैं, मेरी तरह श्रमजीवी पत्रकार बनना उन्हें भी पसंद नहीं हैं।  वे तो हमारे जैसे कितने लोगों का पेट भरने में समर्थ है। हर तरह का जुगाड़ उनके पास है,लेकिन पेशा वही बिचौलिये का ही है। वहीं अपना हाल यह है कि ईमानदार और अनुशासन की घुट्टी बचपन से ही अभिभावकों ने ऐसा पिला रखी है कि सामने से लक्ष्मी न मालूम कितनी ही बार गुजर गई, परंतु धन अर्जन के लिये अनुचित मार्ग का चयन करते न बना। इन ढ़ाई दशकों में मुझे इस बात का बिल्कुल भी अफसोस नहीं है कि मैं भी जुगाड़ कर चार पहिये की सवारी करने वाला पत्रकार क्यों नहीं बना। लाल रंग में मोटे अक्षरों में प्रेस लिखा कार भला किसे पसंद नहीं है। जब मैं यहां आया था , तो एक एम्बेसडर दैनिक जागरण के तब प्रतिनिधि रहें दिनेश चंद्र सर्राफा के पास थी। वे काफी सम्पन्न पहले से ही थें, नेता थें और वकील भी । परंतु अब तो दर्जन भर से अधिक प्रेस लिखे हुये लग्जरी वाहन इस छोटे से शहर में मिल जाएंगे। माना की एक- दो ने जुगाड़ से व्यवस्था की, शेष सभी धन सम्पन्न लोग हैं। यहां तो अपनी साइकिल ही जिन्दाबाद है। तेल का खर्च यदि संस्थान देती तब न बाइक लेने पर विचार करता। यहां तो मोबाइल रिचार्ज करना भी अपने जेब से ही है। दरअसल, जब से इलेक्ट्रॉनिक चैनल का उदय हुआ है। धनवर्षा शुरू हो गयी है। धन सम्पन्न लोग भी जनपद स्तर पर इसमें प्रवेश कर रहे हैं। हां , पहचान उनकी होती है और काम उनका कैमरा मैन करता है, जिसे कुछ हजार रुपया वेतन देकर वे रख लेते हैं । प्रिंट मीडिया के लोगों के पास जनपद स्तर पर इतना पैसा नहीं है, सो बहुत से नये लड़के जुगाड़ और शिकार तलाशने को विवश हैं। वे ठीक से पत्रकारिता के लिये प्रशिक्षित भी तो नहीं हैं। लिहाजा, हमारे जैसे पत्रकार भी इस भीड़ तंत्र में फंसे हुये हैं। पुराने लोग तो हमें पहचानते हैं। पर नयी पीढ़ी के लिये हमारी ईमानदारी से भरी पत्रकारिता की कीमत बंद लिफाफे में चंद रुपये जितनी है। कुछ वर्षों से ऐसे लिफाफे का प्रचलन पत्रकारिता मे भी बढ़ा है। किसी कार्यक्रम में जब ऐसे बंद लिफाफे सामने होते हैं, तो हमारी बिरादरी के बहुत से बेरोजगार लड़कों के चेहरे की चमक देखते ही बनती है। अभी हाल में ही एक पत्रकार वार्ता में गया था। प्रेस नोट और एक सफेद लिफाफा था। मैंने सोचा कि निमंत्रण पत्र होगा। परंतु बाद में जब उसे खोला तो दौ सौ रुपये का नोट था। तो साहब यह है हमारी औकात, पर क्या कीजिएगा । यहां साधारण सरकारी कर्मचारी 30-40 हजार रुपया वेतन पाकर भी मुहर्रमी सूरत बनाये रहता है और हम पत्रकारों जनपद स्तर पर 5 - 7 हजार रुपये में निपटा दिया जाता है।  हां, अब मेरा ब्लॉग पढ़ बहुतों की आंखें खुल गयी हैं।कितने ही स्नेही जन कहते हैं शशि भाई एक बार हमें भी तो पुकार लिया होता। पर क्या करुं साथियों मुझे भीख नहीं , सहानुभूति भी नहीं,अपना अधिकार चाहिए। चौथा स्तंभ कह इतना बड़ा तमगा हम पत्रकारों को दे दिया गया है और जेब खाली। भीख मांंगों या कलम को असलहा बना डाका डालो। प्रेस मालिक क्या यही कराना चाहते हैं हमसे ? फिर हमें बेईमानी का लाइसेंस ही दे दिया जाए और मंच से हमारी नैतिकता का बखान कर हमें शर्मिंदा न किया जाए।
    एक ईनामदार व्यक्ति रोटी, कपड़ा और रहने के लिये स्थान से अधिक कुछ कहां मांगता है। क्या हमारे परिश्रम और ईमानदारी की इतनी कीमत भी यह समाज देना नहीं पसंद करता , फिर हमारी नैतिकता पर सवाल करने का उसे अधिकार किसने दिया। आज जहां भी जाओं यही सुनने को मिलता है कि शशि भैया आपकी बात नहीं कर रहा हूं, परंतु आपकी बिरादरी में बड़ी गंदगी है। तो साहब मेरा भी जवाब सुन लें कि घर फूंक तमाशा कौन देखता है। जितना वेतन ( 3 से साढ़े 4 हजार ) मुझे रोटी, कपड़ा और मकान के लिये मिलता था, क्या वह मेरे श्रम, मेरी ईमानदारी और संस्थान के प्रति मेरी वफादारी का उपहास नहीं है। जरा विचार करें।
     मैं रहूं ना रहूं , परंतु मेरे जैसे और भी पत्रकारों को इस घुटन से बाहर निकलने की जिम्मेदारी किसी को तो निभाना होगा ? मैं तो जीवन की इन विडंबनाओं से करीब -करीब ऊपर उठ गया हूं। भोजन और धन की तरह इस बीमार तन का भी अब तो लोभ नहीं रहा। जब तक डोल रहा है ठीक है। नहीं तो फिर -

चलते चलते, मेरे ये गीत याद रखना
कभी अलविदा ना कहना कभी अलविदा ना कहना
 रोते हँसते, बस यूँही तुम गुनगुनाते रहना
कभी अलविदा ...

Wednesday, 18 July 2018

सच है दुनियावालों कि हम हैं अनाड़ी

सचमुच हम पत्रकार बुझदिल हैं, जो अपने हक की आवाज भी नहीं उठा पाते हैं



"अमन बेच देंगे,कफ़न बेच देंगे
जमीं बेच देंगे, गगन बेच देंगे
कलम के सिपाही अगर सो गये तो,
वतन के मसीहा,वतन बेच देंगे"

    पत्रकारिता से जुड़े कार्यक्रमों में अकसर यह जुमला सुनने को मिल ही जाता है और हमारी बिरादरी 56 इंच सीना फुलाये बल्लियों उछल पड़ती है। भले ही भोजन भर के लिये भी जेब में ईमानदारी का पैसा , जो संस्थान की ओर से दिया जाता है, किसी भी जनपद स्तरीय पत्रकार के पास न हो। यदि हम जुगाड़ तंत्र में माहिर न हो, ठेकेदार, कोटेदार, दुकानदार, मास्टर, वकील न हो और दलाल भी न हो, तो बताएं ये उपदेशक  फिर हमारा पेट कैसे भरेगा। अखबार के मालिकान की ओर से मिलने वाले 5- 8 हजार रुपये में महीने भर का खर्च, जिसमें पूरे परिवार का भोजन, कमरे का भाड़ा,बच्चों की शिक्षा, दवा और अपनों की खुशी के लिये कुछ खरीदारी हम कर सकते हैं ?अखबार के दफ्तर जाने के लिये अपनी बाइक का खर्च, स्मार्ट फोन(मोबाइल) रख सकते हैं? कड़ुवी सच्चाई यही है कि इस सभ्य समाज के  सबसे शोषित- पीड़ित प्राणी हम पत्रकार ही हैं। और इस समाज का सबसे कायर व्यक्ति मैं स्वयं को समझता हूं। जो अपने अथक परिश्रम के बदले रोटी, कपड़ा और मकान भर के भी पैसे की मांग कभी संस्थान से नहीं कर सका। इतनी महंगाई में एक वर्ष  पूर्व तक साढ़े चार हजार रुपया वेतन मिलता था। अब उसका  भी कुछ पता नहीं कि कब मिलेगा, क्या मिलेगा। मित्र कहते हैं कि कैसे रहते हो , क्या खाते हो और क्या पहनते हो। तकलीफ नहीं होती तुम्हें ऐसे काम से। अपने को इन पच्चीस वर्षों में बर्बाद कर के क्या मिला। एक छोटी सी पहचान यही न कि एक ईमानदार पत्रकार हो और जो अकेलेपन का दर्द सह रहे हो, अब कैसे झेल लोगोंं शेष जीवन का भार। सो, मुझे लगता है कि मैं सचमुच में कायर हूं। अपने हक- अधिकार की लड़ाई तक नहीं लड़ सका और दूसरों का दर्द अखबार में छापता रहा। सोच रहा हूं कि हमारी बिरादरी भी ऐसी ही क्या,हालांकि किसी पर दोषारोपण करने की तनिक भी मंशा मेरी नहीं है। पर आप ही बताएं की कभी अखबार अथवा चैनलों में पत्रकार संगठनों को भी अपने अधिकार के लिये दमदारी से आवाज उठाते आपने देखा है।अभी लेखपालों.का आठ दिनों तक धरना- प्रदर्शन समाचार पत्रों में छाया रहा। और भी कितने ही संगठनों की बात मोटे हेडिंग में हम छापते हैं । परंतु हम अपनी मांग अपने समाचार पत्र में नहीं छाप सकते। प्रेस के मालिकान और सम्पादक से पहले डेक्स इंचार्ज जो भी एक पत्रकार है, डपट देगा हमें। बागी बता संस्थान से बाहर निकाल देगा हमें। कितने भी वरिष्ठ पत्रकार क्यों न हो हम। एक बात और कहूं, चैनलों पर जो ऊंचे नाम वाले पत्रकार देखते हैं न , जो आम आदमी की समस्याओं को बखूबी उछालते हैं। टेलिविजन के स्क्रीन पर उनके आते ही फलां कुमार... हैं कह हम और आप सभी वाह! वाह भाई! कहने लगते हैं। मैं जानना चाहता हूं कि क्या कभी इन पहचान वाले पत्रकारों ने हम जैसे जिलास्तरीय किसी ईमानदार पत्रकारों का भी इंटरव्यू लिया कि चार- पांच हजार रुपये महीने में से कितना कमरे का किराया देते हो, कितना भोजन पर खर्च करते हो और बाकी की जरुरत के लिये पैसे कहां से लाते हो। हंसी आती है ऐसे तोप समझे जाने वाले पत्रकारों पर मुझे कि दूसरों का दर्द तो उन्हें नजर आता है, परन्तु अपने  पत्रकार परिवार की पीड़ा नहीं दिखती और यदि दिखती है,तो उसे छोटे पर्दे पर दिखलाने की हिम्मत नहीं पड़ती है। कहीं मालिकान ऐसा करने पर उन्हें भी उनकी औकात न बता दें।         
 
       एक और बात कहनी है, पत्रकारिता के संदर्भ में शासन- प्रशासन के किसी भी अप्रिय निर्णय पर अकसर शोर मचता है कि यह तो प्रेस की स्वतंत्रता पर यह कुठाराघात है, पत्रकार एकता जिन्दाबाद- जिन्दाबाद। अरे भाई यह क्या पागलपन है ! हम पत्रकार स्वतंत्र कहां है, हमारी लेखनी स्वतंत्र है क्या ? हम तो अपने संस्थान के स्वामी की कठपुतली है साहब , बुरा न माने हमारे वरिष्ठ साथी। यही सच्चाई है इस पत्रकारिता जगत की कि हम पत्रकारों की कलम पूरी तरह से संस्थान की गिरफ्त में है। हमारे जनहित की खबरों से संस्थान का तनिक भी व्यवसाय फंसा कि उस पर कैंची लगी नहीं, हमारी क्लास लगनी शुरु हो जाती है। मैं तो मझोले समाचार पत्र से जुड़ा हूं, इसीलिये इस संदर्भ में बहुत नहीं झेलना पड़ा , परंतु बड़े अखबारों में कहीं अधिक पाबंदी है , मालिकान की तरफ से । सो, पत्रकार नहीं, मालिक जो चाहता है, वह छपता है । किस मुगालते में हैं हम। पत्रकारों (स्थायी, संविदाकर्मी, अंशकालिक) के संघर्ष की खबरें हम नहीं छाप सकते, तो भी कैसी आजादी है हमारी। कड़ी मेहनत, दिमागी कसरत करके कच्चा माल हम जुटाते हैं और उसे तराशते हैं। लेकिन , हमारे इस पका पकाया भोजन को अखबार वाले हड़प लेते हैं। बदले में हमें पेट भरने जितना पैसा भी नहीं देते हैं।
 
    पुरानी कहावत है न "कमाएगा लंगोटी वाला, खाएगा धोती वाला " , यही नियति है हम पत्रकारों का। हृदयहीन पूंजीपतियों के हाथों हम पत्रकारों की ऐसी स्थिति के बावजूद अपना पत्रकार बिरादरी ऐसा कोई बड़ा संघर्ष नहीं कर सका , जिससे हमारे जैसे जनपद स्तरीय पत्रकारों को भी कोई सुरक्षा छतरी मिल सके। वैसे, तो मजीठिया आयोग की डुगडुगी खूब बजी थी, इस मोदी सरकार में भी। पर लगता है कि सारा मामला ठंडे बस्ते में हैं। सच तो यही है कि हमहीं बुझदिल हैं। हमारे में ही वह साहस ही नहीं है कि एक दिन के लिये सामुहिक रुप से कलम न उठाने का संकल्प लें। ऐसा इसलिए कि बिन वेतन मुफ्त में जनपद स्तर पर पत्रकारिता करने के लिये धन सम्पन्न और जुगाड़ तंत्र में माहिर लोग तैयार बैठें हैं।  फिर हमारे जैसे ईमानदार पत्रकार क्या करें पांच हजार की नौकरी में अपनी सारी इच्छाओं का गलाघोंट कर अंततः अवसादग्रस्त हो जाए, या फिर बेईमानी के दलदल में प्रवेश कर अपना स्वाभिमान गंवा दें। मैं इस समाज  के पहरुओं से बस इतना ही जानना चाहता हूं।
  यदि थोड़ी अपनी बात कहूं, तो वर्ष 1994 में पत्रकारिता से जुड़ा हूं। दिन भर के कड़े परिश्रम के बावजूद वेतन साढ़े चार हजार मात्र रहा। यह मीरजापुर जानता है कि समाचार संकलन करना, फिर उसे लिखना ,अखबार का बंडल लाना और साइकिल से फिर उसका वितरण इन सभी कार्यों को करने में  सुबह 5 से रात 10-11 बजे तक श्रम करता रहा। परंतु जेब में इतना पैसा नहीं रहा कि कोई मेरा भी हमसफर होता। और अब अवस्था करीब 50 के आसपास है। संस्थान से जो साढ़े चार हजार रुपया मिलता था। वह भी कोई निश्चित नहीं रहा। सो, मेरे एक उदार हृदय वाले मित्र का यह बड़ा स्नेह है कि मैं उनके होटल में शरणार्थी सा पड़ा हूं। परन्तु मेरा मन मुझे धिक्कारता निश्चित ही है कि  किस पेशे का चयन मैंने किया कि ठीक से रोटी ,कपड़ा और मकान भी नहीं मिला। और अब जब  अत्यधिक श्रम के कारण शरीर असमर्थ होने लगा है, बुखार ने जबरन मित्रता कर ली है, तो जीवनयापन के लिये कोई आर्थिक सहारा नहीं। हां ,खुशकिस्मत बस इतना हूं कि उसी वेतन का एक हिस्सा मैंने इन 24 वर्ष में बचा लिया और बैंक से मिलने वाले उसी के ब्याज के पैसे से दो जून की रोटी की व्यवस्था  कर पा रहा हूं।फिर भी रहने के लिये किराये के कमरे का बंदोबस्त इस धन से नहीं कर सकता। क्या यहीं ईमानदार पत्रकारों की दुनिया है ? मैं इस पहेली को तो नहीं समझ सका, परंतु जो भी नये लड़के मेरे सम्पर्क में आते हैं और मुझे ईमानदार पत्रकार कह मुझसे कुछ सिखना चाहते हैं। उनसे बस मैं इतना ही कहता हूं-
  सब कुछ सीखा हमने ना सीखी होशियारी
   सच है दुनियावालों कि हम हैं अनाड़ी।

वरिष्ठ ब्लॉग लेखिका श्वेता जी ने  मुझसे कहा था कि थोड़ी तो उम्मीद की किरण होगी न कि जिसका डोर पकड़ मैं अपना जन जागरण जारी रख सकूं। मेरा विनम्र निवेदन है कि अखबार की दुनिया में यदि अपने परिजनों के आर्थिक सहयोग के बल पर हम पत्रकार मजबूत नहीं हैं, तो हमारी यही ईमानदारी हमें उस अवसाद रुपी दलदल में ले जाएगी। जहां फंसे हम जैसे पत्रकार भी " झूठे का बोलबाला , सच्चे का मुंह काला " की पुकार लगाते दिखेंगे।
   यही चौथे स्तंभ का सच है साहब।

Monday, 16 July 2018

मन पछितैहै अवसर बीते

जुमले से मिली सत्ता की कुर्सी की सुरक्षा कर्म से ही सम्भव है


       इस बार रविवार की छुट्टी मुझे नहीं मिल पाई, क्यों कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा का कवरेज जो करना था।  सो, न कपड़े धुल सका और ना ही उनमें प्रेस ही कर पाया हूं। आराम करने की जगह इस उमस भरी गर्मी में शहर से कुछ दूर स्थित सभास्थल पर जाना पड़ा। इससे पहले वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में मोदी इसी मैदान पर जनता से वोट मांगने आये थें और अबकि कुछ देने के लिये उनका आगमन हुआ । वैसे, तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सुनने में जो रुचि थी मेरी उसके बाद किसी राजनेता का भाषण मुझे तो रास नहीं आया। फिर भी अखबार का काम है, तो करना ही है। सो, बड़े भाई प्रभात मिश्र, ब्यूरोचीफ राष्ट्रीय सहारा के संग जब सभा स्थल पर पहुंच ही गया तो ,वर्तमान राजनीति में शब्दों के सबसे बड़े जादूगर के संबोधन को कान लगा कर सुनता ही गया। समझने की एक बार पुनः कोशिश की कि नरेंद्र मोदी में वह कौन सा गुण है कि वे देश के तागतवर प्रधानमंत्री कहे जाने लगें। अब देखें न उन्होंने कितनी सुन्दर तुकबंदी कर कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ बातें-वादे किये, जबकि वे(मोदी) उनकी ही अटकी हुई, लटकी हुई और भटकी हुई परियोजनाओं को खंगाल कर पूरा करा रहे हैं। सो, घड़ियाली आंसू बहाने वालों से उनके इस गुनाह का हिसाब जनता मांगे। अपने भाषण के माध्यम से मोदी ने एक ऐसा शब्द चित्र उपस्थित कर दिया कि मेरे जैसा पत्रकार भी क्षणिक अचम्भित सा हो गया। इसी कारण विपक्ष के पास कोई काट नहीं है , पीएम मोदी की बातों का। माना कि बाण सागर परियोजना पर होमवर्क चार दशक से चल रहा था। लेकिन , फिर भी पूर्व की सरकारों ने साढ़े तीन हजार  करोड़ की लागत पर पहुंच गयी, इस परियोजना को पूरी तो नहीं करवाई न। उनमे इच्छाशक्ति का अभाव जो था। सो, डेढ़ लाख हेक्टेयर किसानों की भूमि को अमृत जल देने का कार्य अब हुआ। वहीं, माना की चुनार पक्का पुल का शिलान्यास 2007 में तब मुख्यमंत्री , उत्तर प्रदेश रहें मुलायम सिंह ने किया।  परंतु उसे वर्ष 2012 से 17 तक सीएम रह कर भी उन्हीं के पुत्र अखिलेश यादव पूरा नहीं करवा सकें और अब 11 वर्षों बाद बीजेपी सरकार ने इसमें रुचि ली और मोदी ने रविवार को इसका भी लोकार्पण कर दिया। लेकिन , समाजवादी पार्टी इसे लेकर अब नौटंकी कर रही है, तो अवसर गंवाने के बाद यह झेप मिटाने से अधिक कुछ भी नहीं है। क्यों कि राजनीति भी एक क्रिकेट मैच की तरह ही है कि आखिरी ओवर में जिसने गेंद को बाउंड्री पार करवा दिया, वही सिकंदर है। बसपा और सपा के पास उनकी सरकार में भरपूर अवसर था कि वह इस लक्ष्मी की नगरी में विकास का दीपक जला जनता संग अपनी भी दीपावली मनाती। सांसद, विधायक और मंत्री तो यहां से भी अखिलेश सरकार में रहें। लेकिन , इच्छाशक्ति इनमें वर्तमान सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल जैसी नहीं थी। सो, सत्ता चली गयी, वे चुनाव हार गये। अब जब कोई पूछेगा कि पावर में रह कर आपने अपने जिले को क्या दिया, तो है कोई जवाब मान्यवर आपके पास ? सांसद अनुप्रिया पटेल ने तो ढ़ाई सौ करोड़ के मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री से करवा लिया है।
     लेकिन, याद यह भी रखे कि जनता जुमलों  की सच्चाई को भी परखती है। स्मरण करें कि 1971 में गरीबी हटाओ- देश बचाओ का नारा लगा कांग्रेस सत्ता में आयी थी और आज इस पार्टी की हालात कैसी है। इसी तरह  से कहां हैं हमारे अच्छे दिन, आम आदमी यह प्रश्न करने लगा है। जिसका प्रत्यक्ष परिणाम यह है कि  पीएम बनने से पूर्व मोदी की जनसभा में जो भीड़ पुतलीघर में जुटी थी,उसकी आधी भी अबकि चंदईपुर जनसभा में नहीं दिखी। इससे काफी अधिक भीड़ तो 2017 के विधानसभा चुनाव में इसी मैदान पर मोदी के आगमन पर दिखी थी। ऐसा इसलिये कि यहां जिस बुझी चिमनी में धुआं करने का वादा 2014  में मोदी कर गये थें। प्रधानमंत्री बनने पर उसे निभा कहां सके हैं अब तक । सो, देखें 2019 में जनता क्या कहती है , क्यों कि  जुमले सत्ता की कुर्सी पर बैठा तो देता है। लेकिन, उस पर काबिज रहने के लिये अपनी बातों पर खरा उतरने की चुनौती भी रहती है।

Saturday, 14 July 2018

स्नेह बिन जीवन कैसा


कर्म हमें महान बनाता है पर स्नेह इंसान

तस्वीर तेरी दिल में
जिस दिन से उतारी है
फिरूँ तुझे संग ले के
नए-नए रंग ले के
सपनों की महफ़िल में
तस्वीर तेरी दिल में...
 
     सचमुच तस्वीर दिल में उतारनी हो या फिर कागज पर , यह काम इतना आसान है नहीं । समर्पण, सम्वेदना एवं स्नेह से ही इसे आकर मिलता है। और जब यह सजीव हो उठता है, तो हमारे ही सपनों की महफिल पर अपना अधिकार जताने लगता है। दिल में जो भावनाओं का उफान है,वही हमें लेखक बना देता है। यहां कर्म का बंधन नहीं स्नेह की प्रबलता होती है। कर्मयोगी सब कुछ पा सकता है, पर स्नेह से वंचित रह जाता है।  सोचे जरा ग्वाल- बाल, गोपियों और बछड़ों संग यह नटखट नंदकिशोर का स्नेह ही तो रहा कि ब्रजमंडल को इंद्र की मेघ वर्षा से बचाने के लिये गोवर्धन उठा लिया, लेकिन जब वे द्वारिकाधीश बन गये तो उसी द्वारिका नगरी को समुद्र में डूब जाने दिया। यहां कर्म ने राह रोक लिया, वहां स्नेह ने विवश कर दिया। और इस पर भी विचार करें कि जिस नन्हे ग्वाले ने स्नेह में अनेकों बार संकट में अपने बाल सखाओं की प्राणरक्षा की, वही जब योगेश्वर कृष्ण हो गया तो इसी कर्म के बंधन के कारण ही अपने प्रिय भांजे अभिमन्यु को चक्रव्यूह से बाहर नहीं निकाल सका। सो, कर्म पर चाहे जितने भी उपदेश कोई दे लें, मुझे तो स्नेह के दो बोल ही भाते हैं। हां, प्रशंसा की भूख बिल्कुल भी नहीं है। वस्तुतः प्रशंसा करके किसी को जितना ठगा जा सकता है, उतना और किसी तरह से भी नहीं। यह हमारे व्यक्तित्व विकास में जहर की मीठी गोली ही तो है। जबकि स्नेह पवित्र है, सरल है और बुझे मन को फिर से रौशन कर देता है। यदि अपनी बात करूं, तो स्नेह की खोज में भटकता रहा, फिसलता रहा और सम्हलता रहा। बनारस में था, तो पढ़ाई के दबाव में बचपन छीन गया। कोलकाता में शिशु कक्षा का विद्यार्थी था, पर जब बनारस लाकर पिता जी ने सीधे कक्षा दो में ठूंस दिया। कुछ -कुछ याद है कि अलका  मुझसे तीन-चार नंबर अधिक पाकर फस्ट हो गयी थी। लेकिन, इसके बाद अपनी सभी कक्षाओं में अव्वल मैं ही रहा, चाहे प्रतिद्वंद्वी कोई रहा। भाई - बहन में बड़ा होने के कारण कुछ भी अप्रिय कार्य हो जाए, तो डांट तो मुझे ही पड़ती थी कि तुम्हें समझ होनी चाहिए वे दोनों तो छोटे हैं। दादी के पास भी तो हम तीनों को कम ही जाने दिया जाता था। वे अनपढ़ थीं, पुराने ख्यालों की इसलिये हमारे सभ्य परिवार का हिस्सा कैसे हो सकती थीं। पर थीं बड़ी ही स्वाभिमानी , अपना भोजन स्वयं बनाती थीं। स्नेह की बोल बच्चे तो क्या पशु-पक्षी भी पहचानते हैं और कर्म का बोझ भी। गरीब तो थें ही , सो दादी कहीं से कुछ बढ़िया खाने का सामना लाती, तो ले रे पप्पी ! कह आवाज जरुर लगाती थी। यह उनका हम बच्चों के प्रति स्नेह ही था। नहीं, तो जब तक घर में स्कूल नहीं खुला था, उन्हें खाना कौन पूछता था। मम्मी और दादी में सम्वाद अंत तक मैंने नहीं देखा। फिर भी दादी हम बच्चों का ख्याल रखती थीं। जब मैं इंटर में पढ़ता था और घर से गिनती कर चार रोटी सुबह और उतना ही शाम को मिलता था,तो दादी किस तरह से सुबह के नाश्ते की व्यवस्था मेरे लिये करती थीं, उसे याद कर आंखें अब भी नम हो जाती हैं। घर पर जब तक कक्षाएं चलती थीं। वे मुझे पढ़ने के लिये कम्पनी गार्डेन और एकांत में स्थित मंदिरों में ले जाया करती थीं। घर से एक दिन में एक ही पुस्तक पढ़ने को मिलता था, वह भी छोटे भाई साहब की इजाजत के बाद। तब दादी ही दिलासा दिलाती थी कि काहे मन मारे है, फस्ट(प्रथम श्रेणी) तो तू ही आएगा। कारण हम दोनों ही भाई इंटर में थें। हाई स्कूल के बाद मैं घर छोड़ कर मौसी के यहां चला गया था। सो, एक वर्ष की पढ़ाई फिर चौपट हो गई थी। दुर्भाग्य से मेरा परीक्षा केंद्र भी विशेश्वरगंज से काफी दूर चौकाघाट पड़ गया था। इतना दूर पैदल चल के जाता और आता था। जिस दिन सुबह शाम दोनों पाली में परीक्षा होती थीं, पांव जबाब देने लगता था। बस मन को दिलासा दिये जाता था कि थोड़ी दूर तो और चलना है। वापस लौटूंगा ,तो दादी जरुर पैर के तलुओं में तेल लगा देगी और सिर पर भी ठंडे तेल से मालिश करेगी। इससे भी कहीं अधिक दादी तो मुझे वापस लौटने पर कुछ खाने को भी देती थी। विधवा पेंशन का पैसा जो उन्हें मिलता था , वह सारा मेरे पर ही तो वे खर्च कर देती थीं। कैसी विडंबना थी मेरे परिवार में भी जिसके घर में अपना विद्यालय चल रहा ही। उस घर की मुखिया को विधवा पेंशन का सहारा लेना पड़ता था, अपने खर्च के लिये। अच्छी तरह से याद है मुझे कि जब घर में स्कूल खुला, तो उनसे उनका कमरा, जो आगे की ओर था, यह कह कर खाली करवाया गया था कि सुबह- शाम की चाय दो जून की रोटी और वर्ष में दो साड़ी मिल जाया करेगी। बाल- बच्चों को दो पैसे की आमदनी होगी , यह सोच कर दादी मान गयी। सो, पिछले कमरे में एक छोटी सी अलमारी में उनका सारा सामान रख दिया गया था। जब मैं इंटर में था, तो घर के चार सदस्य पापा-मम्मी और मेरे भाई- बहन एक परिवार का हिस्सा थें और हम दादी-पोते गैर थें। हम दोनों ही स्वाभिमानी थें, इसलिये जो मिला उसी में गुजारा कर लिये। किसी रिश्तेदार के समक्ष हाथ नहीं फैलाया हम दोनों ने। हां , कभी कभी मां (नानी) को याद कर मेरा मन भर उठता था कि   वे होती तो क्या इस तरह से आधा पेट भोजन कर बाग-बगीचे  मंदिर में बैठ पढ़ना पड़ता। वहां, तो कोलकाता में जरा सा बुखार भी आ जाता था, तो चौधरी( बाबा- मां का आपस में सम्बोधन) डाक्टर को बुलाओ ,का शोर मां मचाने लगती थीं।
वह दिन मुझे याद है कि वे पूरी रात मेरे सिर पर पानी की पट्टी रखती रहीं। वही, स्नेह फिर मुझे इंटर की पढाई के दौरार दादी से मिला। फर्क बस इतना रहा कि कोलकाता में सम्पन्नता थी। लेकिन, यहां दादी अपने उसी विधवा पेंशन से मेरी खुशी के लिये उस अवस्था में क्या - क्या नहीं करती थीं। नमकीन, पेठा, मिठाई जो भी बन पड़ता था, वे करती थीं। वैसा स्नेह बनारस में भला किससे फिर मिला। दादी के कारण हो तो मैं इंटर में एक पुस्तक से पढ़ कर भी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुआ। हां, हाईस्कूल में जहां  गणित में सौ में से 98 अंक मिले थें, वहीं इंटर में यह घट कर 80 हो गया था।  छोटे भाई को द्वितीय श्रेणी से ही संतोष करना पड़ा। मुजफ्फरपुर में था, तो गरीबी के बावजूद मौसी जी ने मां की तरह मुझे स्नेह दिया। लेकिन, एक अच्छे विद्यार्थी की पढ़ाई से नाता यूं टूट जाये, तो इस दर्द का उपचार वक्त के सिवाय और किसके पास है। कहां- कहां नहीं भटका फिर । बिन दादी के अपना कमरा ही डरावना सा लग तब मुझे। मीरजापुर में यह जो मेरी पहचान बनी है न, पत्रकारिता के प्रति मेरे समर्पण, निष्पक्षता और ईमानदारी के कारण है। दूसरे जिले के एक सांध्यकालीन समाचार पत्र को मैंने किस तरह से तप कर चलाया, यह सिर्फ मेरे वे ही पाठक जानते हैं,जिन्होंने देर रात तक अखबार बांटते हुये मुझे संघर्ष करते हुये देखा है,तभी वे मुझसे स्नेह करते हैं। नहीं तो पत्रकारों को अब कौन अपने पास  बैठाता है।वही , स्नेह तो ब्लॉग लेखन में भी मुझे मिल रहा है। पर  यतीम समझ अब कोई स्नेह न करे, मुझे एकांत में ही रहने दें। जहां न कर्म का बंधन है, न ही स्नेह का रिश्ता।